कृति ‘परिक्रमा कृपा सार’ पर साहित्यिक विमर्श 16 को
दमोह। मध्य प्रदेश शासन के ग्रामीण विकास एवं पंचायत विभाग के मंत्री एवं वरिष्ठ साहित्यकार माननीय प्रहलाद सिंह पटेल की विशेष उपस्थिति में उनकी कृति ‘परिक्रमा कृपा सार’ पर साहित्यिक विमर्श का आयोजन 16 सितंबर 2026 को मानस भवन, दमोह में दोपहर 3 बजे से किया जा रहा है। उल्लेखनीय है कि ‘परिक्रमा’ के कृतिकार स्वयं प्रहलाद सिंह पटेल हैं। पुस्तक में उनके अनुभवों, विचारों और जीवन-दृष्टि का साहित्यिक एवं वैचारिक रूप से प्रभावशाली प्रस्तुतीकरण हुआ है। इसी दृष्टि से पुस्तक पर होने वाला यह विमर्श साहित्य प्रेमियों और पाठकों के लिए विशेष महत्व रखता है।कार्यक्रम में डॉ. श्याम सुंदर दुबे, पूर्व निदेशक, मुक्तिबोध सृजन पीठ तथा नरेंद्र दुबे, वरिष्ठ पत्रकार एवं समीक्षक, अतिथि वक्ता के रूप में उपस्थित रहेंगे और कृति के विभिन्न साहित्यिक एवं वैचारिक पक्षों पर चर्चा करेंगे। मध्य प्रदेश लेखक संघ दमोह के अध्यक्ष एवं कार्यक्रम के संयोजक इंजी. अमर सिंह राजपूत ने बताया कि नगर के गणमान्य नागरिकों, प्रबुद्धजनों, साहित्यकारों, पत्रकारों तथा साहित्य प्रेमियों की विशेष उपस्थिति में आयोजित यह कार्यक्रम साहित्य-सृजन और साहित्यिक संवाद को नई दिशा एवं प्रेरणा प्रदान करेगा। उन्होंने साहित्य प्रेमियों एवं नगरवासियों से कार्यक्रम में उपस्थित होकर साहित्यिक विमर्श को सार्थक बनाने का आग्रह किया है।प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस पर रक्तदान शिविर 17 को.. दमोह। देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी द्वारा 17 सितंबर से एक माह तक “सेवा और समर्पण के 25 वर्ष : सेवा संकल्प अभियान-2026” के अंतर्गत विभिन्न सेवा कार्यों का आयोजन जिलाध्यक्ष श्याम शिवहरे के नेतृत्व में किया जाएगा। इसी क्रम में 17 सितंबर को मानस भवन दमोह में विशाल रक्तदान शिविर आयोजित किया जाएगा।
भाजपा जिला अध्यक्ष श्याम शिवहरे ने पार्टी के समस्त कार्यकर्ताओं, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों के पदाधिकारियों तथा आम नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में मानस भवन पहुंचकर रक्तदान करने का आह्वान किया है। कार्यक्रम प्रभारी अमित बजाज ने कहा कि रक्तदान शिविर का उद्देश्य जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करने के साथ ही समाज में रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। भाजपा द्वारा सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से मानव सेवा जनकल्याण से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। जिलेवासियों से रक्तदान शिविर में सहभागिता कर मानव सेवा के इस अभियान को सफल बनाने की अपील की है।
प्रथमेश्वर डिजिटल किताब हुआ विमोचन.. दमोह। गणेश चतुर्थी के अवसर पर प्रथम पूज्य भगवान गणेश जी के जीवन पर आधारित किताब का विमोचन हुआ, तीखी बात किताब के लेखन के बाद यह अभिनव मुखुटी द्वारा प्रकाशित दूसरी किताब है, इस किताब के विषय में लेखक अभिनव मुखुटी ने बताया कि इस किताब में भगवान् गणेश के जीवन से जुड़े अनछुए पहलुओं पर लेखन किया गया है जैसे गणेश जी द्वारा बोली गई गीता, गणेश जी का नारी स्वरूप, गणेश जी के आठ अवतार, गणेश जी को दूर्वा और मोदक क्यों चढ़ाते है, मोरिया शब्द क्यों बोला जाता है, मूषक ही गणपति जी का वाहन क्यों बना, वो एकदंत क्यों कहलाते हैं ऐसी कथाओं और गणेश जी के 25 प्राचीन प्रसिद्ध मंदिरों का उल्लेख किया गया है।
किताब के मुख्यपृष्ठ के वमोचन के समय मध्य प्रदेश शासन के मंत्री लखन पटेल ने बताया की इस किताब को पढ़ने से जन सामान्य के मध्य फैली किवदंतियों की पुष्टि हो पाएगी और गणेश जी को लेकर हमारे मन में उत्पन्न प्रश्नों के उत्तर भी मिल सकेंगे। वहीं भाजपा नेता अभिषेक भार्गव ने अभिनव द्वारा पाँच वर्षों में किए गए संकलन का उल्लेख करते हुए बताया कि प्रथमेश्वर किताब डिजिटल रूप से 14 सितंबर गणेश चतुर्थी से 25 सितंबर अनंत चतुर्दशी तक फेसबुक और इंस्टाग्राम जैसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर नि: शुल्क पढ़ने को मिलेगी। भाजपा नेता सिद्धार्थ मलैया ने बताया कि यह 67 पृष्ठों की किताब में गणेश जी के जीवन की पौराणिक कथाओं से लेकर प्रसिद्ध मंदिरों के विषय में पढ़ने को मिलेगा जो की बच्चों के ज्ञानवर्धन हेतु उपयोगी सिद्ध होगी। अभिनव द्वारा प्रथमेश्वर का मुख्य पृष्ठ मंत्री एवं पथरिया विधायक लखन पटेल के अलावा रहली विधायक गोपाल भार्गव, दमोह विधायक जयंत मलैया, सागर विधायक शैलेंद्र जैन, दमोह जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि गौरव पटेल, गढ़ाकोटा नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि मनोज तिवारी, जिला पंचायत सदस्य राव बृजेन्द्र सिंह, दमोह युवक कांग्रेस अध्यक्ष दृगपाल सिंह लोधी सहित अनेकों जनप्रतिनिधियों को भेंट किया गया।


0 टिप्पणियाँ