नाबालिग चालकों के विरुद्ध यातायात पुलिस कार्रवाई
दमोह। सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और यातायात व्यवस्था को सुगम व सुरक्षित
बनाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक श्री आनंद कलादगि (IPS) के निर्देशन
एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में यातायात पुलिस द्वारा लगातार
सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में आज यातायात थाना
प्रभारी श्री दलबीर सिंह मार्को के नेतृत्व में यातायात पुलिस टीम द्वारा
नवजागृति स्कूल के पास विशेष चेकिंग पॉइंट लगाकर सघन जांच की गई।

अभियान के
दौरान दोपहिया वाहन चला रहे 30 नाबालिग छात्र-छात्राओं को यातायात
नियमों के उल्लंघन पर मोटर व्हीकल एक्ट के विभिन्न प्रावधानों के तहत
कार्रवाई करते हुए संबंधित वाहनों से कुल ₹30,000 (तीस हजार रुपये) का समन
शुल्क वसूल किया गया। कार्रवाई के दौरान सभी नाबालिगों के
माता-पिता/अभिभावकों को मौके पर तलब किया गया। यातायात पुलिस अधिकारियों
द्वारा परिजनों की काउंसलिंग की गई और उन्हें स्पष्ट अवगत कराया गया कि
मोटर व्हीकल एक्ट के तहत नाबालिग बच्चों को वाहन चलाने देना कानूनी अपराध
है। इसमें वाहन स्वामी/ अभिभावक के विरुद्ध भी वैधानिक कार्रवाई के
प्रावधान है। परिजनों द्वारा भविष्य में बच्चों को वाहन न देने का आश्वासन
लेने के उपरांत ही वाहनों पर चालानी कार्यवाही कर वाहनों को सुपुर्द किया
गया।

पुलिस अधीक्षक श्री आनंद कलादगि ने जिले के समस्त नागरिकों और
विशेषकर अभिभावकों से अपील की है कि वे 18 वर्ष से कम उम्र के बच्चों को
किसी भी परिस्थिति में दोपहिया अथवा चारपहिया वाहन चलाने के लिए न दें।
बच्चों की सुरक्षा सर्वोपरि है; नियमों की अनदेखी किसी बड़ी सड़क दुर्घटना
का कारण बन सकती है। यातायात पुलिस द्वारा स्कूल, कॉलेज और कोचिंग
संस्थानों के आसपास यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा। शराब पीकर वाहन चलाने वालों वसूले 62,000 का जुर्माना.. दमोह।
पुलिस अधीक्षक श्री आनंद कलादगि (IPS) एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री
सुजीत सिंह भदौरिया के निर्देशन में यातायात थाना प्रभारी दलबीर सिंह एवं
निरीक्षक आकांक्षा जोशी द्वारा 'ड्रिंक एंड ड्राइव' के विरुद्ध विशेष
चेकिंग अभियान चलाया गया। इस सघन जांच अभियान के दौरान शराब के नशे में
वाहन चला रहे कुल 4 वाहन चालकों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए कुल 62,000/- का जुर्माना लगाया गया। कार्रवाई के दौरान पकड़े गए वाहनों में छोटा हाथी (क्रमांक MP 34 ZM 3962), डीजल ऑटो (क्रमांक MP 34 ZB 4854),डीजल ऑटो (क्रमांक MP 34 ZB 6052) मोटरसाइकिल (क्रमांक MP 21 ZC 3784) सभी के चालक पर 15,500/- 15,500/-का जुर्माना किया गया। यातायात
थाना प्रभारी ने स्पष्ट किया है कि सड़क सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए
नशे की हालत में वाहन चलाने वालों पर आगे भी इस प्रकार की सख्त चालानी
कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। यातायात पुलिस की सभी नागरिकों से अपील की है
कि वे शराब पीकर वाहन न चलाएं और स्वयं व दूसरों की सुरक्षा के लिए यातायात
नियमों का कड़ाई से पालन करें।
0 टिप्पणियाँ