अवैध शराब पर प्रशासन का प्रहार.. संदिग्ध बैच की शराब बिक्री पर रोक, कई स्थानों पर दबिश, 2000 लीटर शराब नष्ट..

अवैध शराब के खिलाफ प्रशासन की बड़ी कार्रवाई

दमोह।  कलेक्टर प्रताप नारायण यादव ने कहा एक प्रकरण संज्ञान में आने के बाद प्रशासन द्वारा तत्काल कार्रवाई की गई है। जानकारी के अनुसार रहली के बलेह गांव से शराब लेकर आने की बात सामने आई थी। संबंधित व्यक्ति हरदुआ गांव के निवासी हैं जिन्हें स्वास्थ्य खराब होने पर उपचार के लिए भर्ती कराया गया तथा स्थिति गंभीर होने पर रात में रेफर किया गया।
कलेक्टर श्री यादव ने मामले की जानकारी मिलते ही एसडीएम आबकारी अधिकारी तहसीलदार और पुलिस अधीक्षक सहित प्रशासन की संयुक्त टीम को संबंधित क्षेत्र में भेजा। टीम द्वारा अवैध शराब के कारोबार और बाहरी लोगों द्वारा इस प्रकार की गतिविधियों की आशंका वाले स्थानों पर दबिश देकर कार्रवाई की गई। इस दौरान कई स्थानों से अवैध शराब भी जब्त की गई। कार्रवाई की विस्तृत रिपोर्ट उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने कहा प्रशासन द्वारा अवैध शराब के कारोबार पर लगातार नजर रखी जा रही है। पूर्व में भी शिकायतों के आधार पर करीब 12 शराब दुकानों पर लगभग 8 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया था। वहीं 6 दुकानों को निलंबित तथा 1 दुकान का लाइसेंस निरस्त किया गया था।
इन दुकानों के संबंध में अवैध शराब बिक्री निर्धारित स्थान के अलावा अन्य स्थानों से संचालन तथा गलत दरों पर शराब बिक्री जैसी शिकायतें प्राप्त हुई थीं।श्री यादव ने कहा समय रहते की गई कार्रवाई के कारण वर्तमान में जिले में स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में और व्यवस्थित है। प्रशासन द्वारा सभी संबंधित क्षेत्रों में लगातार निरीक्षण एवं निगरानी कराई जा रही है। उन्होंने कहा जिस बैच की शराब को लेकर मामला सामने आया हैए उसकी बिक्री को फिलहाल विधिवत रोक दिया गया है। लैब से टेस्ट रिपोर्ट प्राप्त होने तक संबंधित बैच की शराब का विक्रय नहीं किया जाएगा। रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की कार्रवाई एवं बिक्री के संबंध में निर्णय लिया जाएगा। कलेक्टर ने कहा
आमजन की सुरक्षा और स्वास्थ्य को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए प्रशासन द्वारा हर संभव सावधानी बरती जा रही है।

पटी बेड़िया में अवैध महुआ शराब पर बड़ी कार्रवाई 2000 लीटर कच्ची शराब नष्ट.. नोहटा थाना क्षेत्र के ग्राम पटी बेड़िया नंदलाल में प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम ने अवैध शराब कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। तहसीलदार आशुतोष गुप्ता के नेतृत्व में राजस्व एवं पुलिस टीम ने गांव में दबिश देकर करीब 2000 लीटर कच्ची महुआ शराब बरामद कर मौके पर ही नष्ट कर दी।
तहसीलदार श्री गुप्ता ने बताया कि ग्राम में बड़े पैमाने पर अवैध रूप से कच्ची शराब तैयार किए जाने की शिकायतें लगातार मिल रही थीं।
शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए राजस्व टीम ने थाना प्रभारी अभिषेक पटेल एवं पुलिस बल के साथ संयुक्त रूप से छापामार कार्रवाई की। उन्होने बताया टीम ने गांव में अलग.अलग स्थानों पर तलाशी लेकर झाड़ियों एवं अन्य जगहों पर छिपाकर रखी गई कच्ची महुआ शराब बरामद की। कार्रवाई के दौरान लगभग 2000 लीटर कच्ची शराब नष्ट की गई।
पटना बुजुर्ग और टौरी गांव से भारी मात्रा में मदिरा जब्त.. दमोह में अवैध शराब के निर्माणए भंडारण और बिक्री के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। कलेक्टर प्रताप नारायण यादव के निर्देश पर एसडीएम सौरभ गंधर्व के नेतृत्व में राजस्व विभाग आबकारी विभाग और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम ने इमलिया चौकी क्षेत्र के विभिन्न ग्रामीण इलाकों में औचक निरीक्षण और छापेमारी की कार्रवाई की।
विभिन्न गांवों में दबिश और बरामदगी.. एसडीएम सौरभ गंधर्व ने जानकारी देते हुए बताया कि संदिग्ध स्थलों और व्यक्तियों के ठिकानों पर सघन जांच चलाई गईए टौरी गांव में छापेमारी के दौरान 100 से अधिक पाव अवैध शराब बरामद की गई। इसी प्रकार पटना बुजुर्ग में टीम ने लगभग 7 से 8 पाव अवैध शराब जब्त की है। दोनों ही मामलों में तत्काल प्रकरण दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। संयुक्त टीम ने सागर जिले से सटे सीमावर्ती गांवों में भी निरीक्षण किया जहां कच्ची अवैध शराब के निर्माण की सूचना मिली थी। दबिश के दौरान मौके से शराब बनाने में प्रयुक्त गंदे बर्तन और सामग्री छुपाने के साक्ष्य मिले। इस पर कार्रवाई करते हुए चौकी प्रभारी को संबंधित असामाजिक तत्वों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करने के कड़े निर्देश जारी किए गए हैं।
तेंदूखेड़ा पांजी में 54 लीटर कच्ची शराब जब्त 25 डिब्बा लाहन मौके पर किया नष्ट.. तेन्दूखेड़ा थाना पुलिस ने मंगलवार देर शाम ग्राम पांजी में कार्रवाई करते हुए तीन अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर तीन महिलाओं के कब्जे से कुल 54 लीटर कच्ची शराब जब्त की है। साथ ही मौके पर शराब बनाने के लिए तैयार किया गया करीब 25 डिब्बा महुआ लाहन भी बरामद हुआ, जिसे पुलिस टीम द्वारा मौके पर ही नष्ट कराया गया पुलिस द्वारा अवैध शराब के निर्माण एवं बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि क्षेत्र में अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा

इस कार्यवाही के दौरान थाना प्रभारी सरोज सिंह ठाकुर उप निरीक्षक गजराज सिह आरक्षक विजय दीक्षित आरक्षक नंदलाल कुर्मी आरक्षक कृष्णकांत आरक्षक महिला आरक्षक अमृता  राजपूत सहित पुलिस स्टाफ मौजूद था। थाना प्रभारी सरोज ठाकुर ने बताया कि अवैध शराब के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है उन्होंने कहा कि आगे भी इस प्रकार की कार्रवाई होती रहेगी व अवैध शराब के कारोबार में लिप्त लोगों पर कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
Reactions

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ