पानी मोटर का करंट लगने से गौ सेवक युवक की मौत
दमोह। जबेरा थाना क्षेत्र के पुराना बाजार में सोमवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में एक युवक की करंट लगने से मौत हो गई। घटना से पूरे नगर में शोक का माहौल व्याप्त है। प्राप्त जानकारी के अनुसार पुराना बाजार निवासी राहुल जैन अपने घर में पानी भर रहा था। इसी दौरान मोटर बंद करते समय अचानक उसे करंट लग गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तत्काल उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जबेरा पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण उपरांत उन्हें मृत घोषित कर दिया।
सूचना मिलने पर जबेरा पुलिस अस्पताल पहुंची और पंचनामा कार्रवाई पूर्ण करने के बाद शव का पोस्ट मार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। राहुल जैन के असमय निधन से न केवल जैन समाज बल्कि पूरे जबेरा नगर में शोक की लहर है। राहुल जैन व्यवहार कुशल, मिलनसार एवं सामाजिक कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाने वाला युवा था। गोवंश संरक्षण के कार्यों में भी वे बजरंग दल के कार्यकर्ताओं के साथ लगातार सहयोग करता था। उसके निधन पर नगर के सामाजिक, धार्मिक एवं विभिन्न संगठनों के लोगों ने गहरा दुःख व्यक्त करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की है।
फांसी के फंदे पर झूलता मिला युवक का शव.. दमोह। देहात थाना क्षेत्र के धनगौर गांव निवासी एक युवक का शव संदिग्ध हालत में फांसी के फंदे पर झूलता हुआ मिलने से सनसनी की हालत बनते देर नहीं लगी। बाद में सूचना मिलने पर सोमवार सुबह सागर नाका चौकी पुलिस मौके पर पहुची। जहा मृतक की पहचान प्रताप पिता मुन्नालाल सिंह लोधी उम्र 27 वर्ष के रूप में हुई है। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। आत्महत्या के कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही हो पाएगा।

0 Comments