दमोह-जबलपुर स्टेट हाईवे पर यात्रियों की जान मुश्किल में फसी.. सिंग्रामपुर के जंगल में अनियंत्रित बस साइड पट्टी में धंसी..

 क्रॉसिंग के दौरान अनियंत्रित हुई बस, यात्री सुरक्षित

दमोह-जबलपुर स्टेट हाईवे पर रविवार शाम सिंग्रामपुर दानीताल पुलिया के पास एक बड़ा हादसा टल गया। दमोह से जबलपुर की ओर जा रही तिवारी ट्रेवल्स की यात्री बस क्रॉसिंग के दौरान सड़क की साइड पट्टी में धंस गई। घटना के समय बस में कई यात्री सवार थे, लेकिन राहत की बात यह रही कि सभी यात्री पूरी तरह सुरक्षित हैं और किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
घटना की सूचना मिलते ही सिंग्रामपुर पुलिस चौकी का स्टाफ तत्काल मौके पर पहुंचा और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस की मौजूदगी में यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया तथा यातायात व्यवस्था भी सुचारु कराई गई।सिंग्रामपुर पुलिस चौकी में पदस्थ प्रधान आरक्षक रणधीर सिंह ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई थी। बस में सवार सभी यात्री सुरक्षित हैं और घटना में किसी के घायल होने या किसी प्रकार की जनहानि की सूचना नहीं है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पुलिया के पास सामने से आ रहे वाहन को रास्ता देने के दौरान बस चालक ने वाहन को साइड में लिया, तभी सड़क की कच्ची पट्टी धंस जाने से बस फंस गई। घटना के बाद कुछ समय तक यातायात प्रभावित रहा, जिसे बाद में सामान्य कर दिया गया। घटनास्थल से निवेश जैन की खबर
Reactions

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ