Ticker

6/recent/ticker-posts
1 / 1

उड़द खरीदी के अतिंम दिनों में बारदाने की कमी और सर्वेयर की मनमानी बड़ी.. हटा तथा बांसा में गुस्साए किसानों के जाम से बने अफरा तफरी के हालत..

सागर जबलपुर स्टेट हाईवे पर घंटो लगा रहा जाम- दमोह। बारदाना की कमी तथा सर्वेयरो की मनमानी से जिले में उड़द खरीदी की स्थिति एकदम से गड़बड़ होती नजर आने लगी है। हालात से परेशान किसानों ने जहां  खरीदी का समय बढ़ाने की मांग शुरू कर दी है। वहीं  विरोध में जाम जैसे हालात भी बनने लगे है। शुक्रवार को  जिले की  हटा कृषि उपज मंडी में किसानों की नाराजगी के कारण अफरा तफरी रही वही बांसा में सागर जबलपुर स्टेट हाईवे पर देेेर तक जाम के हालात बने रहे।


बताया गया है कि बांसा सोसाइटी में सर्वेयर की मनमानी तथा बारदानों की कमी के चलते 3 दिन से उड़द खरीदी बंद है। जिससे गुस्साए किसानों ने सागर जबलपुर स्टेट हाईवे पर फसल के बोरों से भरे ट्रैक्टर खड़े करके जाम के हालात निर्मित कर दिए। जिससे अफरा तफरी के हालात बनते देर नहीं लगी। स्टेट हाईवे पर दोनों तरफ वाहनों के पहिए थमने की खबर लगते ही सागर नाका चौकी पुलिस और देहात थाना टी आई मौके पर पहुंचे।



इस दौरान किसानों का कहना था कि बांसा खरीदी केंद्र के सर्वेयेर की मनमानी और वारदाने कमी से किसान अपनी उड़द बेचने को परेशान हो रहा है। खरीदी की अंतिम तिथि नजदीक आने से वह तनाव में है। 3 दिन से सर्वेयर बांसा नहीं पहुंच रहा है। जिससे बांसा, सरखड़ी सोसायटी के किसानों की उड़द की खरीदी बन्द है। 

किसानों का कहना है जो लोग सर्वेयर को पैसा दे देते हैं उनका घटिया माल भी दमोह में बैठे-बैठे पास कर दिया जाता है। 3 दिन से सर्वेयर के नहीं आने से अनेक किसानों को अपनी उपज के साथ कड़ाके की ठंड में सोसायटी के बाहर खुले आसमान के नीचे रात बिताना पड़ रही है। वहीं अन्य अव्यवस्थाओं से भी वह परेशान है। आज भी जब उड़द की खरीदी शुरू नहीं की गई और सर्वेयर भी नहीं पहुंचा तो गुस्साए किसानों ने सड़क पर अपने ट्रैक्टर ट्रालियों को खड़ा कर दिया। 
इससे कुछ ही देर में सागर जबलपुर स्टेट हाईवे पर वाहनों की लंबी कतारें लग गई। सूचना लगते ही देहात थाना पुलिस और तहसीलदार मौके पर पहुंची। इधर पथरिया विधायक प्रतिनिधि चंदू सिंह ने भी किसानों से चर्चा करते हुए समझाइश दी। दमोह से बांसा पहुंचे एसडीएम रविंद्र चोकसे ने किसानों की समस्या को समझते हुए तत्काल बारदाना का इंतजाम करने और सर्वेयर को बुलाकर उड़द खरीदी शुरू कराने के निर्देश दिए। 
इधर विधायक प्रतिनिधि चंदू सिंह ने भी किसानों को आश्वस्त कराया की भोपाल में मुख्य मंत्री कमलनाथ से विधायक रामबाई की चर्चा हो रही है तथा उनके द्वारा खरीदी का समय 1 सप्ताह और बढ़ाने के प्रयास किए जा रहे हैं। इसके बाद ही किसान सड़क से अपने वाहन हटाने तथा जाम खोलने को तैयार हुए। 
इस दौरान देहात थाना टी आई अनिल सिंह भी किसानों को समझाइश देने चर्चा करने और आवागमन व्यवस्था बहाली करने के लिए प्रयासरत बने रहे। कुल मिलाकर कमलनाथ सरकार में भी किसानों की परेशानी को नजदीक से समझने और उसका समाधान करने के लिए मंडी सोसाइटी से जुड़ा अमला और सर्वेयर गंभीर नहीं है। जिससे इस तरह के हालात में में हो रहे हैं और किसान परेशान बने हुए हैं। अभिजीत जैन की रिपोर्ट

हटा में किसानों के जाम को युवा नेता ने खत्म कराया-
समस्याओं को लेकर हटा में भी किसानों ने जाम लगाकर प्रशासन का ध्यान आकर्षित कराया। इस दौरान युवा नेता दीपेश पटेरिया ने मौके पर पहुंचकर पुलिस प्रशासन और किसानों के बीच मध्यस्थता करते हुए बटियागढ़ हटा मार्ग से जाम समाप्त कराया। तथा प्रशासन से किसानों की समस्याओं के समाधान कराने का आश्वासन दिलाया।

Post a Comment

0 Comments