शव स्ट्रेचर पर था, चोर ने जेब से निकाले 7-8 हजार रु
दमोह। जिला अस्पताल में इलाज के दौरान एक मरीज की मौत के बाद परिजन शव को घर ले जाने की तैयारी कर रहे थे। इसी दौरान एक युवक ने स्ट्रेचर पर रखे मृतक की जेब से रुपए निकाल लिए और मौके से भागने लगा। परिजनों की नजर पड़ने पर उन्होंने पीछा कर युवक को पकड़ लिया और उसकी जमकर पिटाई कर दी।
परिजन गोलू चौरसिया ने बताया कि वे हिंडोरिया से अपने चाचा ओमप्रकाश चौरसिया को उपचार के लिए दमोह जिला अस्पताल लेकर आए थे। उन्हें अटैक आया था। इलाज के दौरान अस्पताल में उनकी मौत हो गई। इसके बाद परिजन शव को घर ले जाने की तैयारी कर रहे थे। इसी दौरान एक अज्ञात युवक आया और स्ट्रेचर पर रखे शव की जेब से करीब 7 से 8 हजार रुपए निकालकर भागने लगा। परिजनों ने उसे रुपए निकालते देख लिया और पीछा कर पकड़ लिया। इसके बाद आक्रोशित परिजनों ने उसकी पिटाई कर दी।
घटना के दौरान मौके पर न तो कोई पुलिसकर्मी पहुंचा और न ही अस्पताल का कोई सुरक्षा कर्मी सामने आया। परिजनों ने ही युवक को पकड़कर रुपए वापस लिए और बाद में उसे वहां से भगा दिया। बताया जा रहा है युवक शराब के नशे में भी धुत था।


0 टिप्पणियाँ