नगर पालिका के खिलाफ सड़कों पर उतरे व्यापारी
दमोह। शहर के नगर पालिका टाउन हॉल गोल मार्केट में लंबे समय से व्याप्त गंदगी, जलभराव और अतिक्रमण की गंभीर समस्याओं से परेशान जिला व्यापारी महासंघ का गुस्सा गुरुवार को फूट पड़ा। व्यापारियों ने नगर पालिका प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए घंटाघर चौराहे पर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने चौराहे की ओर आने वाले सभी प्रमुख मार्गों पर बैरिकेड्स लगाकर आवागमन पूरी तरह बंद कर दिया और नपा प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
सुबह 10:30 बजे शुरू हुआ यह प्रदर्शन दोपहर 12 बजे तक चला। सूचना
मिलते ही मौके पर पहुंचे तहसीलदार रॉबिन जैन को व्यापारियों ने अपनी
समस्याओं का 11 सूत्रीय ज्ञापन सौंपा। इसके तत्काल बाद आक्रोशित
व्यापारियों ने नगर पालिका अध्यक्ष व सीएमओ का पुतला फूंका। पुतला दहन को
रोकने पहुंचे नगर पालिका कर्मचारियों और प्रदर्शनकारियों के बीच काफी देर
तक छीना-झपटी भी हुई। उल्लेखनीय है कि शहर के बीते
40 वर्षों के इतिहास में यह पहला मौका है जब आक्रोशित व्यापारियों ने नगर
पालिका अध्यक्ष का पुतला दहन किया है।
सफाई और जलभराव से ठप हो रहा व्यापार.. गोल
मार्केट क्षेत्र के व्यापारियों का कहना है कि वे काफी समय से जलभराव,
नालियों की नियमित सफाई न होने और जगह-जगह हो रहे अतिक्रमण के कारण भारी
परेशानी का सामना कर रहे हैं। इससे न केवल दुकानदारों का कारोबार बुरी तरह
प्रभावित हो रहा है, बल्कि बाजार आने वाले आम नागरिकों को भी भारी असुविधा
हो रही है। व्यापारियों ने बताया कि इस संबंध में पूर्व में भी कई बार नगर
पालिका को लिखित आवेदन देकर शिकायत की जा चुकी है, लेकिन आज तक कोई समाधान
नहीं निकाला गया।
व्यापारियों ने रखीं ये प्रमुख मांगें.. व्यापारियों
ने प्रशासन के समक्ष अपनी मांगें रखते हुए कहा कि राजा होटल से अमर साइकिल
मार्ट, भाऊ चाय वाले से नपा अध्यक्ष की दुकान तक और कैलाश भंडार से नपा
अध्यक्ष की दुकान के पीछे वाली नाली की तत्काल सफाई कराई जाए व अतिक्रमण
हटाया जाए। साथ ही नगर पालिका अध्यक्ष की दुकान के नीचे स्थायी तौर पर बंद
पड़े नाले को खोला जाए। गोल मार्केट में शनिदेव मंदिर के सामने और संपूर्ण
गोल मार्केट क्षेत्र में जलभराव की स्थिति से निजात दिलाने के लिए नई
नालियों का निर्माण कर पानी निकासी की पक्की व्यवस्था की जाए।
टाउन हॉल के
पीछे बनाए गए कचरा डंपिंग पॉइंट को स्थायी रूप से बंद किया जाए, क्योंकि
वहां सड़ रहे कचरे की बदबू से बीमारियां फैलने का खतरा बना हुआ है। इसके
अलावा, टाउन हॉल के सामने बने महिला व पुरुष प्रसाधन की नियमित सफाई व
संचालन की जिम्मेदारी सुव्यवस्थित हाथों में देकर उसकी निकासी को फार्म
मेडिकल वाले नाले से जोड़ा जाए, तथा कैलाश भंडार के पीछे स्थित पुरुष
प्रसाधन का व्यवस्थित जीर्णोद्धार कर नियमित सफाई की जाए। दुर्घटनाओं को
रोकने के लिए टाउन हॉल के सामने स्थित जर्जर और क्षतिग्रस्त गेट को तोड़कर
नया गेट बनाया जाए। टाउन हॉल प्रवेश द्वार, कैलाश भंडार के बाजू वाले गेट,
बारादरी कुआं मार्ग और एवरेस्ट लॉज के नीचे कॉम्प्लेक्स मुख्य प्रवेश
द्वार पर लगने वाले हाथ-ठेलों और अवैध दुकानों को हटाकर सुगम यातायात
व्यवस्था बनाई जाए। घंटाघर के चारों ओर से अतिक्रमण हटाकर सड़क के गड्ढों
को स्थायी रूप से भरा जाए। मीट मार्केट में मछली, मुर्गी व बकरे के अवशेषों
को एक निश्चित स्थान पर एकत्रित करवाकर नगर पालिका द्वारा नियमित रूप से
उठवाने का इंतजाम किया जाए। आगामी त्योहारों से 15 दिन पूर्व छोटे फुटपाथी व
हाथ-ठेला विक्रेताओं के लिए नगर पालिका द्वारा चिह्नित स्थान पर अस्थायी
बाजार बनाया जाए और प्रमुख मार्गों पर नो-एंट्री बैरीकेडिंग का स्थायी
विकल्प निकालकर पहले से ही पार्किंग पॉइंट बनाए जाएं, ताकि स्थायी
व्यापारियों का व्यापार प्रभावित न हो।
प्रदर्शन के दौरान ये प्रमुख लोग रहे उपस्थित.. विरोध
प्रदर्शन व ज्ञापन सौंपने के दौरान जिला व्यापारी महासंघ के जिलाध्यक्ष
संजय यादव, महामंत्री बंदू गागरा, उपाध्यक्ष राकेश लालवानी, सचिव प्रेम
आहूजा, लता केशवानी, संरक्षक नंदा आयरलानी, संरक्षक अखिलेश जैन, टोनू
लालवानी, उदित सोनी, प्रमोद जैन, पार्षद मोनू राजपूत, शरद सोनी, सचिन
असाटी,राम रैकवार, उवैश आफताब सहित बड़ी संख्या में व्यापारी और दुकानदार
मौजूद रहे। जिलाध्यक्ष संजय यादव ने चेतावनी दी है कि यदि आगामी त्योहारों
से पूर्व उनकी इन न्यायसंगत मांगों का निराकरण नहीं किया गया तो व्यापारी
महासंघ और अधिक उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होगा।



0 टिप्पणियाँ