पुलिस स्मृति दिवस पर शहीद जवानों को नमन
दमोह। पुलिस स्मृति दिवस के अवसर पर देश की रक्षा एवं सुरक्षा के लिए अपने प्राणों का सर्वोच्च बलिदान देने वाले शहीद जवानों को श्रद्धासुमन अर्पित करने के लिए कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर जन प्रतिनिधियो अधिकारियों एवं उपस्थितजनों ने शहीद जवानों को नमन करते हुए उनके अदम्य साहस कर्तव्य निष्ठा और देश के प्रति समर्पण को याद किया। कार्यक्रम के दौरान परेड का आयोजन भी किया गया तथा शहीदों के सम्मान में श्रद्धा सुमन अर्पित किये गये। इस अवसर पर संस्कृति राज्यमंत्री एवं अतिथियो द्वारा शहीद पुलिस अधिकारी स्व मदन त्रिवेदी के परिजनो का शाल श्रीफल से सम्मान किया गया।
इस अवसर पर प्रदेश के संस्कृति पर्यटन धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व विभाग राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार धर्मेन्द्र सिंह लोधी ने कहा पुलिस स्मृति दिवस उन वीर जवानों के बलिदान को याद करने का दिन है जिन्होंने देश की सुरक्षा और नागरिकों की रक्षा करते हुए अपने प्राण न्योछावर कर दिए। शहीद जवानों का त्याग और समर्पण सदैव देशवासियों को प्रेरणा देता रहेगा। इन वीर जवानों का बलिदान कभी भुलाया नहीं जा सकता। सांसद राहुल सिंह लोधी ने कहा सेना और पुलिस के जवान सीमाओं की सुरक्षा के साथ बड़े आयोजनों एवं महत्वपूर्ण गतिविधियों के दौरान कानून.व्यवस्था बनाए रखने में अहम भूमिका निभाते हैं। उनके समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा से ही जिले प्रदेश और देश में अमन.चैन एवं शांति कायम रहती है।
दमोह विधायक जयंत मलैया ने कहा कि जिन्होंने अपने प्राणों की आहुति देकर देश की रक्षा की और नागरिकों को हमेशा सुरक्षित रखने का दायित्व निभाया इन वीर जवानों का त्याग और बलिदान देश कभी नहीं भुला सकता। कलेक्टर प्रताप नारायण यादव ने कहा समाज में शांति सद्भाव और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए अनेक वीर जवानों ने अपने प्राणों की आहुति दी और कर्तव्य पालन करते हुए वीरगति को प्राप्त हुए। एसपी आनंद कलादगि ने कहा कि पुलिस स्मृति दिवस के अंतर्गत आज दमोह पुलिस लाइन में देशभर के उन पुलिसकर्मियों एवं अर्धसैनिक बल के जवानों को याद किया गया जिन्होंने अपने कर्तव्यों का निर्वहन करते हुए सर्वोच्च बलिदान दिया।
इस अवसर पर 154 शहीद पुलिस एवं अर्धसैनिक बल के जवानों के योगदान और बलिदान को स्मरण किया गया। इस अवसर पर दमोह पुलिस द्वारा प्रस्तुत परेड के माध्यम से शहीद जवानों के प्रति सम्मान व्यक्त किया गया। पुलिस स्मृति दिवस का यह आयोजन राष्ट्र की सुरक्षा में अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले वीर जवानों के बलिदान को याद करने और उनके प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का अवसर बना। संचालन विपिन चौबे ने किया।



.jpg)
.jpg)


0 टिप्पणियाँ