दहशत का कारण बने मगरमच्छ का रेस्क्यू.. दमोह जबलपुर रोड पर कार की टक्कर से दो घायल..पति के हमले में गंभीर नवविवाहित जबलपुर रैफर..

दहशत का कारण बने मगरमच्छ का रेस्क्यू

दमोह। जबेरा जनपद पंचायत की ग्राम पंचायत सुरई के हरदुआ खुर्द गांव में शुक्रवार सुबह रिहायशी इलाके के पास विशालकाय मगरमच्छ दिखाई देने से ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। मगरमच्छ पिछले करीब 10 दिनों से क्षेत्र में नजर आ रहा था, जिससे ग्रामीण दहशत में थे। शुक्रवार को आबादी के नजदीक मगरमच्छ पहुंचने पर मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। ग्रामीणों ने इसकी सूचना वन विभाग को दी और मगरमच्छ को पकड़ने की मांग की।
 सूचना मिलने पर सर्पमित्र सूरज रैकवार, छोटू पटेल, डिप्टी रेंजर नारायण चौबे, झलकन साहू सहित वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। संयुक्त प्रयासों से रेस्क्यू अभियान चलाकर मगरमच्छ को सुरक्षित पकड़ लिया गया।
रिहायशी इलाके में मगरमच्छ की मौजूदगी से लोगों को अपने और परिवार की सुरक्षा की चिंता सता रही थी। वन विभाग की टीम द्वारा मगरमच्छ को पकड़ लिए जाने के बाद ग्रामीणों ने राहत महसूस की। क्षेत्र में मगरमच्छ पहुंचने के कारणों और उसे आगे कहां छोड़ा जाएगा, इसकी जानकारी उपलब्ध नहीं हो सकी।
नोहटा के पास कार-बाइक की आमने-सामने भिड़ंत, दो युवक गंभीर.. दमोह। दमोह-जबलपुर मार्ग पर नोहटा के पास शुक्रवार दोपहर कार और बाइक की टक्कर में दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को 108 एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। बताया गया कि कार चालक भी घायलों के साथ अस्पताल पहुंचा था, लेकिन बाद में वहां से चला गया। घायलों की पहचान बटियागढ़ निवासी 28 वर्षीय गजेंद्र लोधी और हिंडोरिया निवासी 22 वर्षीय टिक्कू लोधी के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, दोनों युवक नोहटा घूमने गए थे और वापस लौटते समय हादसे का शिकार हो गए।
घायल के साथ मौजूद युवक के अनुसार, बाइक क्रमांक MP 34 ZG 0479 से डिवाइडर पार करते समय जबलपुर की ओर से आ रही कार क्रमांक MP 20 CE 7003 ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि कार और बाइक दोनों क्षतिग्रस्त हो गईं। हादसे की सूचना मिलने पर 108 एंबुलेंस के पायलट प्रीतम अहिरवार और ईएमटी संजू अहिरवार घायलों को जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। नोहटा पुलिस ने कार और बाइक जब्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है। कार चालक की भूमिका और हादसे की परिस्थितियों की जांच की जा रही है। पुलिस की जांच के बाद ही दुर्घटना के संबंध में आगे की स्थिति स्पष्ट होगी  
पति ने फांसी लगाकर दी जान; पत्नी गंभीर हालत में रेफर दमोह। जिले के रनेह थाना क्षेत्र के तालगांव में शुक्रवार सुबह एक नवविवाहित दंपती से जुड़ी घटना सामने आई। पति सुरेश अहिरवार ने कथित तौर पर फांसी लगाकर जान दे दी, जबकि पत्नी अंजू अहिरवार घर के अंदर बेहोशी की हालत में मिली। महिला के गले और सिर पर गंभीर चोट के निशान बताए गए हैं। प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल से जबलपुर रेफर कर दिया गया। परिजनों के अनुसार, घर के दरवाजे बंद थे। काफी देर तक आवाज देने के बाद भी अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिलने पर डायल 112 को सूचना दी गई।

सूचना पर रनेह थाना प्रभारी नितेश जैन पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दरवाजा खुलवाकर महिला को बाहर निकाला और सिविल अस्पताल हटा पहुंचाया। बाद में थाना प्रभारी ने निजी एंबुलेंस की व्यवस्था कर शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे महिला को जिला अस्पताल पहुंचाया। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे जबलपुर रेफर कर दिया। परिजनों ने बताया कि सुरेश और अंजू की शादी करीब चार महीने पहले हुई थी। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, दोनों के बीच बीती रात विवाद हुआ था। महिला के शरीर पर धारदार हथियार से हमले के निशान होने की बात भी सामने आई है। हालांकि, घटना के पूरे क्रम और विवाद के वास्तविक कारणों की आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है। पुलिस ने परिजनों के बयान दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। महिला के बयान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर घटना की परिस्थितियां स्पष्ट हो सकेंगी।

Reactions

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ