दमोह कटनी मार्ग पर पिकअप पलटने से मैहर सतना निवासी 20 घायल.. इधर यातायात पुलिस ने यात्री परिवहन पर जब्त किए 4 पिकअप..

दमोह कटनी मार्ग पर पिकअप पलटने से 20 घायल

दमोह कटनी मार्ग पर हिंडोरिया थाना क्षेत्र अंतर्गत टोल के पास मजदूरों से भरी पिकअप अनियंत्रित होकर पलट गई। जिससे 20 से अधिक घायल मजदूर को 108 की मदद से जिला अस्पताल लाया गया। घटना का कारण अंधा मोड़ बताया गया है, जिससे चालक अपना नियंत्रण खो बैठा। घायल मैहर सतना जिले के अलग-अलग गांव के रहने वाले हैं जो फसल कटाई कर घर वापस जा रहे थे। घटना देर रात करीब दो और तीन बजे के बीच की बताई जा रही है।  
घायल राजभान सिंह ने बताया कि हम लोग सागर जिले के बागरोद में सोयाबीन की फसल कटाई करने के लिए गए हुए थे। सभी लोग मैहर जिले के अलग-अलग गांव के रहने वाले हैं। गुरुवार को वहां फसल कटाई का काम पूरा हो गया तो पिकअप में करीब 32 लोग सवार होकर वापस अपने जिले मैहर जा रहे थे। दमोह कटनी मार्ग पर अचानक मोड़ के पास जैसे ही ड्राइवर ने ब्रेक मारे तो पिकअप अनियंत्रित होकर पलट गई। जिसमें करीब 20 लोग घायल हो गए।  घायलों में कुछ लोग अंतर बितीया गांव के हैं।  कुछ लोग सनई गांव के हैं, कुछ अन्य गांव के हैं। घायल महिला गीता ने बताया कि हम लोग तो सो रहे थे हमें घटना के बारे में कुछ पता नहीं है। जब अचानक से पिकअप पलटा और हम लोग घायल हुए तब मेरी नींद खुली। इसके बाद डायल 112 और 108 की मदद से इलाज के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया गया। गनीमत रही घायलों को किसी प्रकार की गंभीर चोट नहीं आई। सभी को सिर और पैर में सामान्य चोटें आई हैं। पुलिस के द्वारा मामले में जांच शुरू की गई है।
पिकअप में अवैध रूप से यात्री परिवहन करने पर 4 वाहन जब्त.. दमोह। सड़क सुरक्षा एवं दुर्घटनाओं की रोकथाम के उद्देश्य से दमोह पुलिस द्वारा सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक दमोह श्री आनंद कलादगि (IPS) के कुशल निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री सुजीत सिंह भदौरिया के मार्गदर्शन में, यातायात थाना प्रभारी निरीक्षक दलबीर सिंह मार्को एवं यातायात पुलिस द्वारा मालवाहक पिकअप वाहनों में क्षमता से अधिक व जान जोखिम में डालकर यात्रियों का अवैध परिवहन करने वालों के विरुद्ध प्रभावी कार्यवाही की गई।
​चेकिंग के दौरान पिकअप वाहनों में यात्रियों को बैठाकर ले जाते पाए जाने पर वाहनों को तत्काल जब्त कर थाना यातायात परिसर में खड़ा कराया गया।  मोटर व्हीकल एक्ट के तहत वैधानिक कार्यवाही करते हुए इन प्रकरणों को निराकरण हेतु माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा 
चेकिंग के दौरान मालवाहक पिकअप वाहनों में नियमों की अनदेखी कर सवारियां बैठाकर ले जाते पाए जाने पर 04 वाहन ​MP-20-XB- 3469, ​MP-20-XC-5492, ​MP-20-XB-5313, ​MP-20-GB-4384 को तत्काल जब्त कर थाना यातायात परिसर में सुरक्षार्थ खड़ा कराया गया।
कार्यवाही के दौरान वाहनों में सवार सभी यात्रियों की सुरक्षा व सुविधा को प्राथमिकता देते हुए पुलिस द्वारा संवेदनशीलता दिखाई गई। यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए पर स्थानीय स्तर उपलब्ध यात्री बसों के माध्यम से सभी को सकुशल उनके निवास स्थान के लिए रवाना किया गया।दमोह पुलिस नागरिकों से अपील करती है कि वे मालवाहक वाहनों (पिकअप, ट्रैक्टर-ट्रॉली आदि) में यात्रा न करें। यह नियम विरुद्ध होने के साथ-साथ अत्यंत जोखिमभरा भी है।
 
Reactions

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ