3 आरोपी गिरफ्तार, विधि विरुद्ध बालक भी पकड़ा
दमोह/नोहटा। दमोह जिले में अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत नोहटा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने थाना क्षेत्र में हुई लूट एवं चार चोरियों का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों और एक विधि विरुद्ध बालक को पकड़ा है। पुलिस ने उनके कब्जे से करीब 13 लाख 72 हजार 500 रुपये कीमत का मशरूका बरामद किया है। पकड़े गए आरोपियों और विधि विरुद्ध बालक को न्यायालय में पेश किया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पुलिस अधीक्षक आनंद कलादगी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुजीत सिंह भदौरिया तथा एसडीओपी तेंदूखेड़ा अर्चना अहीर के मार्गदर्शन में नोहटा पुलिस ने थाना क्षेत्र में पिछले कुछ समय के दौरान हुई लूट एवं चोरी की घटनाओं की जांच करते हुए यह कार्रवाई की।
कार्रवाई के दौरान आरोपियों एवं विधि विरुद्ध बालक से करीब 1.5 किलोग्राम चांदी, जिसकी कीमत लगभग 3 लाख 22 हजार 500 रुपये, तथा करीब 7 तोला सोना, जिसकी कीमत लगभग 10 लाख 50 हजार रुपये बताई गई है, बरामद किया गया। बरामद मशरूका की कुल कीमत करीब 13 लाख 72 हजार 500 रुपये है। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी अभिषेक पटेल सहित पुलिस टीम के अधिकारियों एवं कर्मचारियों का सराहनीय योगदान रहा। टीम में सउनि अकरम खान, सउनि नागेंद्र सिंह सहित प्रधान आरक्षक एवं आरक्षकों ने कार्रवाई में सहयोग किया। नोहटा पुलिस की इस कार्रवाई से थाना क्षेत्र में हुई लूट और चोरी की घटनाओं के खुलासे में महत्वपूर्ण सफलता मिली है। पुलिस द्वारा आरोपियों को न्यायालय में पेश किए जाने की जानकारी दी गई है।

.jpg)
.jpg)


0 टिप्पणियाँ