रॉयल दमयंती पैलेस में सगाई समारोह की तैयारियों में आग ने छीनी दो जिंदगानी.. रायपुर की केटरिंग टीम के 2 सदस्यों की मौत..

 रॉयल दमयंती पैलेस में भडकी आग, एक की मौत

दमोह। मारूताल बाईपास के नजदीक होटल रॉयल दमयंती पैलेस में आग भड़कने की खबर से हड़कंप के हालात बनते देर नहीं लगी। कुछ देर में जबलपुर नाका पुलिस मौके पर पहुंच गई। आग बुझाने के साथ झूलसे लोगों को अस्पताल भेजा गया लेकिन तब तक देर हो चुकी थी। इस घटनाक्रम ने इस महंगी चर्चित होटल में अग्नि सुरक्षा व आकस्मिक चिकित्सा इंतजामों की पोल खोल कर रख दी है।  जिला अस्पताल में एक को जहां मृत घोषित कर दिया गया वहीं दो गंभीर घायलों को जबलपुर रैफर किए जाने के बाद रास्ते में एक की मौत हो जाने की खबर सामने आई है।

देहात थाना के जबलपुर नाका चौकी अंतर्गत स्थित रॉयल दमयंती पैलेस में शनिवार को अग्रवाल परिवार के सगाई समारोह को लेकर तैयारियां चल रही थी। रायपुर के भाटापारा से आई कैटरिंग टीम खाना बना रही थी तभी अचानक गैस पाइप लाइन फटने से आग भड़क उठी और वहां काम कर रहे कैटरिंग कर्मी इसकी चपेट में आ गए। आग बुझाने के साथ कैटरिंग टीम के तीन सदस्य अस्पताल ले जाए गए। लेकिन तब तक देर हो चुकी थी  रायपुर निवासी 22 वर्षीय गौरव पिता पदमकर की जिला अस्पताल में उपचार के दौरान मृत्यु हो गई जबकि 35 वर्षीय अजय पिता सुभाष शर्मा को जबलपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया था जिसकी मृत्यु की जानकारी प्राप्‍त हुई है, एक अन्य घायल का जिला अस्पताल में उपचार जारी है।

घटना के बाद सीएसपी एचआर पांडे, देहात थाना प्रभारी धर्मेंद्र उपाध्याय और जबलपुर नाका चौकी पुलिस, तहसीलदार रॉबिन जैन ने  घटनास्थल का निरीक्षण किया और हादसे से जुड़ी जानकारी जुटाई। बाद में अस्पताल पहुंच कर भी जानकारी ली गई। फिलहाल पुलिस जांच जारी है। लेकिन इस घटनाक्रम ने इस होटल के किचन में अग्नि सुरक्षा इंतजामों की पोल खोल कर रख दी है। 

कलेक्टर ने अग्नि दुर्घटना की जांच के लिए दल गठित किया.. होटल रॉयल दमयंती पैलेस में 19 सितंबर 2026 को कैटरिंग कार्य के दौरान गैस सिलेंडर से हुई दुर्घटना में व्यक्तियों के झुलसने हताहत होने की घटना के कारणों सुरक्षा व्यवस्थाओं में संभावित कमी तथा उत्तरदायित्व का तथ्यात्मक परीक्षण करने के लिए कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी प्रताप नारायण यादव द्वारा जांच दल गठित किया गया है।
जांच दल में अनुविभागीय दंडाधिकारी दमोह नगर पुलिस अधीक्षक अनुविभागीय पुलिस अधिकारी दमोह मुख्य नग रपालिका अधिकारी नगर पालिका परिषद दमोह तथा जिला आपूर्ति अधिकारी दमोह को शामिल किया गया है। जांच दल को घटना के अग्नि दुर्घटना के कारण फायर अलार्म एवं आपात स्थिति में उपलब्ध सुरक्षा व्यवस्थाओं भवन निर्माण से पूर्व फायर अनापत्ति प्रमाण.पत्र प्राप्त किए जाने तथा आयोजकों द्वारा आवश्यक सावधानियां बरते जाने सहित अन्य संबंधित बिंदुओं की जांच करने के निर्देश दिए गए हैं। जांच पूर्ण कर 03 दिवस में संयुक्त हस्ताक्षर से जांच प्रतिवेदन कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी दमोह के समक्ष प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।      

Reactions

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ