मतदाता सूची पुनरीक्षण और पेपरलेस मतदान में प्रथम
भोपाल/दमोह। मध्य प्रदेश राज्य निर्वाचन आयोग के 32वें स्थापना दिवस समारोह में दमोह जिले को दो महत्वपूर्ण पुरस्कारों से सम्मानित किया गया। कलेक्टर सुधीर कुमार कोचर ने बताया कि जिले ने निर्वाचन कार्यों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए पूरे प्रदेश में नई मिसाल कायम की है।
उन्होने बताया कि राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा आयोजित मतदाता सूची के विशेष पुनरीक्षण अभियान के दौरान दमोह जिले में सर्वाधिक 22,000 दावे-आपत्तियों का सफलतापूर्वक निराकरण किया गया।
यह उपलब्धि पूरे मध्यप्रदेश में सबसे अधिक है, जिसके चलते दमोह जिला पुनरीक्षण कार्य में प्रदेश में प्रथम स्थान पर रहा। उन्होंने कहा यह सफलता जिला प्रशासन, निर्वाचन शाखा और संबंधित अधिकारियों-कर्मचारियों के सामूहिक प्रयास का परिणाम है। कलेक्टर श्री कोचर ने बताया दूसरा सम्मान जिले को 29 दिसंबर को 77 मतदान केंद्रों पर पूर्णतः पेपरलेस मतदान सफलतापूर्वक संपन्न कराने के लिए मिला।
उन्होने बताया यह प्रक्रिया बेहद सुचारू और पारदर्शी तरीके से संपन्न हुई, जिससे मतदान व्यवस्था में तकनीकी नवाचार और दक्षता का परिचय मिला। उन्होने बताया दमोह प्रदेश का एकमात्र जिला है जिसे राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा एक ही समारोह में दो पुरस्कारों से सम्मानित किया गया है। यह उपलब्धि जिले के लिए गर्व और गौरव का विषय है। कलेक्टर श्री कोचर ने निर्वाचन कार्य में सहयोग देने वाले सभी अधिकारियों, कर्मचारियों और मतदाताओं का आभार व्यक्त किया।


0 Comments