Ticker

6/recent/ticker-posts

दमोह विधानसभा उपचुनाव की फील्ड पर पूर्व वित्त मंत्री जयंत मलैया की वापसी.. बांसा में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने और इमलिया घाट में पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती ने की भाजपा प्रत्याशी राहुल सिंह को जिताने की अपील.. प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा दोनों सभाओं में गरजे..

विकास के लिए भाजपा को जिताने का आह्वान किया

दमोह। 2018 के चुनाव में वोट हमें ज्यादा मिले, लेकिन कांग्रेस को कुछ सीटें ज्यादा मिल गईं। हम चाहते तो तब भी सरकार बना सकते थे, लेकिन हमने कहा इन्हें ही बनाने दो। कमलनाथ मुख्यमंत्री बने और पर्दे के पीछे से सरकार दिग्विजय सिंह चला रहे थे। लेकिन हमने ऐसा मुख्यमंत्री नहीं देखा। किसानों से उड़द खरीदी पर पैसे नहीं दिये। धान नहीं खरीदी, चना-मसूर नहीं खरीदा। किसानों को एक पैसा नहीं दिया, विकास का कोई काम नहीं किया। इन्होंने सिर्फ मेडिकल कॉलेज, विकास की योजनाएं और किसानों का पैसा ही नहीं छीना, संबल जैसी गरीब कल्याण की योजनाएं भी बंद कर दी। लेकिन ये कमलनाथ नहीं, भाजपा की सरकार है। मैं आपको वचन देता हूं, आप राहुल सिंह लोधी को अपना विधायक चुनिये, हम विकास में कोई कसर नहीं छोड़ेंगे। यह बात मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चैहान ने गुरुवार को दमोह विधानसभा के बांसातारखेड़ा में जनसभा को संबोधित करते हुए कही। सभा को प्रदेश अध्यक्ष व सांसद श्री विष्णु दत्त शर्मा ने भी संबोधित किया।

 मुख्यमंत्री श्री शिवराजसिंह ने कहा कि कमलनाथ सरकार बहनों को प्रसव पर मिलने वाले लड्डू के पैसे खा गई। कन्यादान योजना के पैसे नहीं दिये। किसानों की राहत, मुआवजा और फसल बीमा खा गए। कमलनाथ के पास मंत्री-विधायकों की बात सुनने के लिए समय नहीं था। उनके पास एक ही जवाब होता था, पैसा नहीं है। प्रदेश में विकास के काम रोक दिये। कमलनाथ और दिग्विजय की जोड़ी ने प्रदेश को लूट लिया। वल्लभभवन को दलालों और भ्रष्टाचार का अड्डा बना दिया। श्री चैहान ने कहा कि कांग्रेस में धरा क्या है? क्या ये भ्रष्टाचार करने वाले, पैसे खाने वाले और विकास को रोक देने वाले किसी का भला कर सकते हैं? इसलिए इनकी बातों में मत आइ्ये।

 हमारी सरकार ने आते ही किसानों को फसल बीमा के 3100 करोड़ रुपये दिलाए। जब से हमारी सरकार आई है, किसानों के खातों में 89000 करोड़ रुपये पहुंचाए जा चुके हैं। किसान सम्मान निधि की राशि में हमने 4000 रुपये और जोड़े हैं। हमने बंद की गई संबल जैसी योजनाएं फिर से शुरू कर दी हैं। अब किसानों को चिंता की जरूरत नहीं, हम उनकी उपज का एक एक दाना खरीदेंगे। गरीब भांजे-भांजी सिर्फ पढ़ाई करें, मेडिकल इंजीनियरिंग की फीस मामा भरेगा। हमने रुकी हुई विकास की योजनाओं को फिर से चालू कर दिया है। उन्होंने कहा कि आज मैं आपसे ये वादा करने आया हूं कि हम आपके क्षेत्र में सड़कों का जाल बिछाएंगे। अगले तीन सालों में हर घर में नलों से पानी पहुंचेगा। सिंचाई के लिए पर्याप्त पानी देंगे और युवाओं के लिए खेल परिसर बनाएंगे। श्री चैहान ने कहा कि विकास की गंगा बहाएंगे और दमोह को सबसे अच्छी विधान सभाओं में से एक बनाएंगे। बस, आपसे निवेदन है कि आगामी चुनाव में कमल के फूल का बटन दबाएं, राहुल को अपना विधायक बनाएं और विकास की सारी जिम्मेदारी भाजपा सरकार पर छोड़ जाएं।

हमें हर बूथ पर भाजपा को जिताकर इतिहास बनाना है-शर्मा

सभा को संबोधित करते हुए भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व सांसद श्री विष्णु दत्त शर्मा ने कहा कि प्रदेश में गलती से 15 महीने के लिए कांग्रेस की सरकार बन गई थी। एक ऐसा व्यक्ति मुख्यमंत्री बन गया जिन्होंने न कभी गरीबी देखी, न गांव देखा और न ही किसान देखा,  वह क्या कर्ज जानेंगे? जब गरीब का बेटा देश का प्रधानमंत्री बनता है,  वह गरीब, किसान, बेटे-बेटियो, महिलाओं, बुजुर्गों के दर्द को समझता है। जब गरीब, किसान का बेटा मध्यप्रदेश का मुख्यमंत्री बनता है तो वह किसान और गरीब का दर्द जानता है, वह जानता है कि गरीबी क्या होती है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी झूठ, छल और कपट करने वाली पार्टी है, इस पार्टी को चुनाव में सबक सिखाना है। भारतीय जनता पार्टी ने हमेशा दमोह के विकास के लिए कार्य किया है। इसलिए हमें प्रत्येक बूथ से पार्टी प्रत्याशी श्री राहुल लोधी को विजयी बनाकर क्षेत्र की विकास को सुनिश्चित करना है, इतिहास बनाना है।

भाजपा गांव, गरीब और मजदूरों की पार्टी है-प्रहलाद पटेल


केन्द्रीय मंत्री एवं क्षेत्रीय सांसद श्री प्रहलाद पटेल ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी गांव, गरीब और मजदूरों की पार्टी है। किसी भी मजदूर और गरीब को बीमारी और लाचारी में भारतीय जनता पार्टी अकेला नहीं छोड़ती। उन्होंने कहा कि गरीबों की पीड़ा को समझकर ही मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह ने संबल योजना बनाई जिसे कमलनाथ सरकार ने बंद कर दिया था। उन्होंने कहा कि सरकार-सरकार का यह फर्क हमें समझना होगा। श्री पटेल ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना से लोगों को पक्के घर मिले हैं, उज्जवला योजना से रसोई गैस मिली है। यह बात हमें समझना होगी कि गरीबों का हितैषी कौन है? उन्होंने आह्वान किया कि आगामी 17 अप्रैल को भाजपा प्रत्याशी श्री राहुल सिंह लोधी को अपना आशीर्वाद दें और भाजपा को प्रचंड बहुमतों से विजयी बनायें।

चार इंजनों की गति से होगा दमोह का विकास-गोपाल भार्गव

सभा को संबोधित करते हुए प्रदेश के कैबिनेट मंत्री श्री गोपाल भार्गव ने कहा कि मैं 20 साल विपक्ष का विधायक रहा हूं, क्षेत्र में विकास कैसे होता है, यह मैं भली भांति जानता हूं। भाजपा सरकार ने मेरे क्षेत्र में उद्यानिकी महाविद्यालय दिया था, जिसे मुख्यमंत्री रहते हुए कमलनाथ छिंदवाड़ा ले गये थे। दमोह को मेडिकल कालेज की आवश्यकता थी, जिसके लिए श्री राहुल सिंह लोधी ने प्रयास किये, लेकिन कांग्रेस  की सरकार रहते हुए यह संभव नहीं हो पाया। जनता को मेडिकल कालेज मिले इसके लिए राहुल सिंह लोधी ने अपनी विधायकी छोड़ी और भाजपा का दामन थामा। उन्होनें कहा कि चिकित्सा, शिक्षा, विकास, तरक्की, पेयजल और सिंचाई की व्यवस्था सब भाजपा में ही संभव है। श्री भार्गव ने कहा कि केन्द्र और राज्य सरकार के रूप में डबल इंजन की सरकार काम कर रही है। आप भाजपा को जिताइये, दमोह के विकास के लिए 4 इंजन की सरकार काम करेगी। प्रधानमंत्री जी,  मुख्यमंत्री जी और राहुल लोधी के साथ गोपाल भार्गव भी हमेशा दमोह के विकास के लिए खड़ा मिलेगा।

भाजपा और विकास एक दूसरे के पर्याय-जयंत मलैया

पार्टी के वरिष्ठ नेता श्री जयंत मलैया ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि विकास और भाजपा एक दूसरे के पर्याय है। भारतीय जनता पार्टी की सरकार में ही विकास संभव है। उन्होनें कहा कि भाजपा सरकार में दमोह के लिए नल-जल योजनाएं स्वीकृत की थी, अंचल के कुछ गांव उसमें छूट गये थे। कांग्रेस सरकार में उन गांवों को योजना के अंतर्गत जुड़वाने के बहुत प्रयास किये, लेकिन कमलनाथ सरकार ने एक भी गांव का नाम नहीं जोड़ा। भाजपा की सरकार आते ही उन गांवों के नाम योजना में जोड़े और बंद पड़ी परियोजना को फिर से शुरू किया। श्री मलैया ने कहा कि मुझे और मेरे परिवार को लेकर कुछ भ्रामक बातें कही जा रही है। अगर कोई ऐसा सोचता है कि मैं और मेरे परिवार का कोई सदस्य भारतीय जनता पार्टी के खिलाफ काम करेगा तो वह मूर्खता की पराकाष्ठा है। उन्होनें कहा कि 41 वर्षों का मेरा और भाजपा का साथ है। जिस दिन भाजपा का जन्म हुआ उससे पहले मैं विचार से जुड़ा हूं। उन्होंने कहा कि मेरा बेटा सिद्धार्थ और मै पार्टी के प्रचार के लिए निकले हुए हैं। आप पार्टी के प्रत्याशी श्री राहुल सिंह लोधी को विजयी बनायें, ताकि हम अपने जिले का और अधिक विकास कर सकें।


सभा को राज्य शासन के मंत्री डा. प्रभुराम चैधरी, प्रदेश महामंत्री हरिशंकर खटीक, पूर्व मंत्री रामकृष्ण कुसमरिया, विधायक रामेश्वर शर्मा एवं जगत सिंह ने संबोधित किया। इस अवसर पर पार्टी के प्रदेश प्रभारी मुरलीधर राव, मंत्री भूपेन्द्र सिंह, प्रभुराम चैधरी सहित पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे।

भाजपा को जिताना मतलब भारत को बचाना-उमा भारती

दमोह। भारतीय जनता पार्टी गरीबों के हितों का संरक्षण और उनके उत्थान के लिए काम करती है। केंद्र की हमारी प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी नेतृत्व वाली सरकार और मध्य प्रदेश में मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह जी के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार की योजनाएं गरीबों के कल्याण के लिए ही संचालित हो रही हैं। भारतीय जनता पार्टी विकास का पर्याय है। इसलिए दमोह के विकास के लिए यह जरूरी है कि आगामी 17 तारीख को होने वाले मतदान में आपका भी एक-एक वोट भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी श्री राहुल सिंह को मिले। यह बात भाजपा के वरिष्ठ नेताओं ने आज गुरुवार को इमलिया घाट में भाजपा प्रत्याशी श्री राहुल सिंह के समर्थन में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए कही। 


जनसभा को संबोधित करते हुए प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री सुश्री उमा भारती ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी बहुत मजबूत वटवृक्ष है। यह तपस्या के आधार पर खड़ा हुआ संगठन है। गरीबों के दर्द को समझने वाले लोग केवल भाजपा में ही हैं। इसलिए भाजपा को जिताने का मतलब भारत को बचाना है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को भरोसा नहीं था कि उनकी सरकार बनेगी, इसलिए उन्होंने सैकड़ों वादे प्रदेश की जनता से कर दिए। उनकी सरकार बनी तो वे वादे पूरे नहीं कर पाए, इसलिए उन्हीं की पार्टी के नेताओं ने कांग्रेस को छोड़कर भाजपा में आ गए। आज भाजपा सरकार में गरीबों के कल्याण की अनेक योजनाएं प्रदेश में संचालित हो रही हैं। इस उपचुनाव में भाजपा के पक्ष में होने वाला प्रत्येक वोट प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी को जाएगा। उन्होंने कहा कि दमोह के विकास के लिए राहुल सिंह के पक्ष में मतदान करें।  

सभा में उपस्थित जनसमुदाय को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री श्री प्रहलाद पटेल ने कहा कि आज जो परिस्थिति बनी है उससे हमारी जिम्मेदारी और अधिक बढ़ जाती है। आज दुष्प्रचार करने की कोशिश की जा रही है इसलिए आप सब की जिम्मेदारी है की विकास, विचार और राहुल सिंह के त्याग के लिए मतदान करें। उन्होंने कहा कि यह स्वाभिमान और शुचिता की लड़ाई है, जिसमें हमें विजयी होना है। 

भाजपा प्रदेशाध्यक्ष एवं सांसद श्री विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि  दमोह का उपचुनाव कोई साधारण चुनाव नहीं है। यह उपचुनाव उन परिस्थितियों के कारण उत्पन्न हुआ है जो मध्यप्रदेश को दुरावस्था की ओर ले जा रही थीं। कमलनाथ गरीबों का हक छीनने वाले नेता हैं। कमलनाथ संबल योजना को बंद कर दिया। कमलनाथ ने प्रदेश की माताओं, बहनों, युवाओं, किसानों और बुजुर्गों के साथ धोखा किया। उन्होंने दमोह के उस मेडिकल कॉलेज को भी छीन लिया, जो यहां की जनता को मिलता। राहुल सिंह भी दमोह की जनता से किए गए वादों को लेकर जब कमलनाथ के पास पहुंचे तो उनकी भी अनदेखी की गई। छतरपुर, खजुराहो का मेडिकल कॉलेज भी कमलनाथ अपने गृहनगर छिंदवाड़ा ले गए। इसके विपरीत भारतीय जनता पार्टी की सरकार गांव और गरीबों के लिए काम करने वाली सरकार है। 

  इस अवसर पर भाजपा प्रत्याशी श्री राहुल सिंह, बड़ा मलहरा विधायक प्रद्युम्न सिंह लोधी ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर मप्र शासन के कैबिनेट मंत्री श्री प्रद्युम्न सिंह तोमर, मंत्री बृजेन्द्र यादव, अशोकनगर विधायक जजपाल जज्जी, जबेरा विधायक श्री धर्मेन्द्र लोधी सहित बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित थे।

Post a Comment

0 Comments