दमोह से कामाख्या रवाना हुई स्पेशल ट्रेन.. सेवा संकल्प अभियान भाजपा जिला कार्यसमिति बैठक.. बनवार कलश यात्रा में मंत्री श्री लोधी..

कामाख्या यात्रा को लेकर यात्रियों में दिखा उत्साह

दमोह।  मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के अंर्तगत कामाख्या माता के दर्शन के लिए जिले से स्पेशल ट्रेन रवाना की गई। यात्रा के लिए कुल 479 यात्रियों का पंजीयन हुआ था जिनमें से 460 यात्री कामाख्या धाम की धार्मिक यात्रा पर रवाना हुए। ट्रेन के रवाना होने के अवसर पर यात्रियों में उत्साह देखने को मिला।

इस अवसर पर विशेष ट्रेन को प्रदेश के संस्कृति पर्यटन धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व विभाग राज्यमंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी सांसद दमोह राहुल सिंह लोधी पिछड़ा वर्ग कल्याण आयोग के अध्यक्ष डॉ रामकृष्ण कुसमरिया एवं कलेक्टर प्रताप नारायण यादव ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। तीर्थयात्रियों का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया तथा मंगलमय यात्रा की शुभकामनाएं दीं। यात्रियों की सुविधा एवं सुरक्षा के लिए ट्रेन में अनुरक्षक दल चिकित्सकीय दल सहित आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं।

राज्यमंत्री श्री लोधी ने कहा कामाख्या धाम काफी दूर होने के कारण अनेक लोग इच्छा होने के बावजूद वहां दर्शन के लिए नहीं जा पाते। ऐसे में दमोह से सीधे स्पेशल ट्रेन का संचालन यात्रियों के लिए महत्वपूर्ण सुविधा है। यात्रियों को कामाख्या माता के दर्शन का अवसर मिलेगा और वे सुख.समृद्धि की कामना कर सकेंगे। उन्होने यात्रियों को सुखद एवं मंगलमय यात्रा की शुभकामनाएं देते हुए कामाख्या माता से सभी के सुखी निरोगी एवं मंगलमय जीवन की प्रार्थना की।
कलेक्टर श्री यादव ने कहा जिला प्रशासन की ओर से सभी श्रद्धालुओं को सुखद एवं मंगलमय यात्रा की शुभकामनाएं दी गईं। साथ ही बाबा जागेश्वरनाथ से उनकी यात्रा के सफल एवं निर्विघ्न होने की प्रार्थना की गई। श्रद्धालु तीर्थ यात्रा पूर्ण कर 12 सितंबर को वापस लौटेंगे जहां जिला प्रशासन द्वारा उनका पुनः स्वागत किया जाएगा।

सेवा संकल्प अभियान को लेकर भाजपा जिला कार्यसमिति बैठक.. दमोह। “सेवा संकल्प अभियान” को लेकर जिला भाजपा कार्यालय में  जिला कार्यसमिति बैठक एवं कार्यशाला संपन्न हुई। अध्यक्षता जिलाध्यक्ष श्री श्याम शिवहरे ने की। बैठक में श्रीमती अर्चना सिंह जी प्रदेश मंत्री भाजपा  एवं जिला प्रभारी, श्री धर्मेंद्र सिंह लोधीराज्यमंत्री मध्यप्रदेश शासन, श्री राहुल सिंह लोधीसांसद,श्रीमती उमा देवी खटीक विधायक हटा, डॉ. राम कृष्ण कुसमरिया अध्यक्ष मध्यप्रदेश राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग, पूर्व विधायक श्रीमती सोनाबाई, श्री पी.एल. तंतुवाय,  श्री गोपाल पटेल प्रदेश महामंत्री भाजपा किसान मोर्चा, श्री राम पटेल प्रदेश उपाध्यक्ष भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा, श्री राजेंद्र गुरु पूर्व अध्यक्ष जिला सहकारी केंद्रीय बैंक दमोह, पूर्व जिलाध्यक्ष भाजपा श्री विद्यासागर पांडे, श्री नरेंद्र व्यास, श्री प्रीतम सिंह लोधी, श्री महेश पटेल, श्री अरुण तिवारी एवं श्री रामेश्वर चौधरी  जिला महामंत्री भाजपा तथा श्री भाव सिंह लोधी जी वरिष्ठ नेता मंचासीन रहे।

कार्यशाला में नवघोषित जिला कार्यसमिति के सभी सदस्य, भारतीय जनता पार्टी के जिला पदाधिकारी, जिले के समस्त मंडल अध्यक्ष एवं विभिन्न मोर्चों के जिलाध्यक्ष शामिल हुए। इस अवसर पर नवीन दायित्व प्राप्त पदाधिकारियों का स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। साथ ही भारतीय जनता पार्टी से जुड़े दिवंगत नेताओं एवं कार्यकर्ताओं को श्रद्धांजलि अर्पित कर उनके संगठन एवं समाज के प्रति योगदान का स्मरण किया गया। बैठक में प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के सार्वजनिक जीवन में सेवा और समर्पण के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक आयोजित होने वाले “सेवा संकल्प अभियान” की कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा की गई। अभियान का मूल भाव “जन सेवा ही प्रभु सेवा” है। अभियान के अंतर्गत “आशीर्वाद का दीया”, “सेवा चित्र”, “सेवा स्मरण”, “आंगन का मिलन”, “कहानी बदलाव की”, “सेवा ज्योति यात्रा” एवं “सेवा मेरा योगदान” सहित विभिन्न कार्यक्रमों को बूथ से लेकर जिला स्तर तक व्यापक जनभागीदारी के साथ आयोजित करने की रूपरेखा पर चर्चा की गई।
जिलाध्यक्ष श्री श्याम शिवहरे जी ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान को दमोह जिले में बूथ स्तर तक प्रभावी ढंग से क्रियान्वित किया जाएगा। प्रत्येक कार्यकर्ता अपने दायित्व का पूरी निष्ठा से निर्वहन करते हुए समाज के प्रत्येक वर्ग को अभियान से जोड़कर इसे व्यापक जनभागीदारी का स्वरूप प्रदान करे। राज्यमंत्री श्री धर्मेंद्र सिंह लोधी जी ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के सेवा और समर्पण के 25 वर्षों को समर्पित यह अभियान “जन सेवा ही प्रभु सेवा” के भाव को जन-जन तक पहुंचाने का माध्यम बनेगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से सेवा कार्यों के माध्यम से समाज के प्रत्येक वर्ग को जोड़ते हुए विकसित भारत 2047 के सामूहिक संकल्प को मजबूत करने का आह्वान किया। सांसद श्री राहुल सिंह लोधी ने आगामी “सेवा संकल्प यात्रा”, जो बड़नगर से बनारस तक आयोजित की जानी है, के संबंध में कार्यकर्ताओं को मार्गदर्शन प्रदान करते हुए यात्रा की तैयारियों, संगठनात्मक समन्वय एवं कार्यकर्ताओं की सहभागिता को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। संचालन जिला महामंत्री श्री रामेश्वर चौधरी एवं श्री अरुण तिवारी द्वारा किया गया।

 बनवार में कलश यात्रा सम्मिलित हुए मंत्री लोधी.. दमोह। जबेरा विधानसभा अंतर्गत ग्राम बनवार में संत शिरोमणि श्री गुरु रविदास महाराज की 650वीं जयंती पर समरसता संकल्प अभियान के तहत कलश वंदनयात्रा में स्थानीय विधायक एवं मंत्री धर्मेन्द्र सिंह लोधी ने सहभागिता कर रविदास जी के मंदिर में कलश स्थापना कर संविधान निर्माता बाबा साहब डॉ भीमराव अम्बेडकर जी की मूर्ति पर माल्यार्पण किया।

मंत्री लोधी ने कहा कि यशस्वी प्रधानमंत्री माननीय श्री नरेन्द्र मोदी जी के मार्गदर्शन में एवं प्रदेश के यशस्वी मुख्यमंत्री माननीय श्री डां.मोहन यादव जी के नेतृत्व में पवित्र कलश को विधानसभा सहित संपूर्ण प्रदेश के मंदिरों में स्थापित किया जा रहा।भारतीय जनता पार्टी की सरकार संत जी की गौरव गाथा जन- जन तक पहुंचाने का कार्य कर रही है। यात्रा का शुभारंभ 07 से किया गया जो 11 सितंबर 2026 तक चलेगी।  विधानसभा के ग्राम घटेरा,बनवार, लरगुवां,परस्वाहा, खमरिया, पटना मानगढ़, रौड़, मझगुवां मानगढ़, बम्हौरी, सिमरी,चौपरा,घाना,कलेहरा, जबेरा ऐसे कुल 15 ग्रामों में प्रथम दिवस यात्रा निकाली जा रही है।
Reactions

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ