मूंग खरीदी में गड़बड़ी- 5 पर एफआईआर, 2 प्रबंधक हटाए, मूंग स्टॉक निकालने पर रोक.. इधर 8 आंगनवाड़ी केंद् बंद, 37 समूहों को नोटिस..

एसडीएम के बिना मूंग स्टॉक बाहर निकालने पर रोक

दमोह।  कलेक्टर प्रताप नारायण यादव ने किसानों की सुविधा और मूंग खरीदी प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए जिले में मूंग खरीदी केंद्रों की संख्या बढ़ाकर 15 कर दी है। पहले संचालित केंद्रों में तीन नए केंद्र बढ़ाए गए हैं ताकि किसानों को अपनी उपज बेचने के लिए अनावश्यक इंतजार न करना पड़े और उन्हें किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
कलेक्टर श्री यादव ने कहा मंडी में व्यापारी खुले में नीलामी के माध्यम से मूंग की खरीदी करते हैं। कई बार ऐसी शिकायतें प्राप्त होती हैं कि व्यापारियों द्वारा खरीदे गए मूंग के स्टॉक को किसानों के नाम पर उपार्जन केंद्रों पर बेचकर अनुचित लाभ लेने का प्रयास किया जाता है। इस प्रकार की संभावनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए 16 अधिकारियों की ड्यूटी लगाई गई है। ये अधिकारी मूंग खरीदी करने वाले व्यापारियों के स्टॉक का भौतिक सत्यापन करेंगे। उन्होंने कहा मूंग खरीदी की प्रक्रिया पूर्ण होने तक अर्थात 20 अगस्त तक व्यापारियों द्वारा खरीदे गए मूंग के स्टॉक को संबंधित गोदाम में ही रखना होगा।
एसडीएम की अनुमति के बिना स्टॉक को बाहर निकालने पर रोक लगा दी गई है। इसका उद्देश्य मूंग के स्टॉक के रीसायकल होने तथा व्यापारियों की मूंग किसानों के नाम पर उपार्जन केंद्रों में दर्ज कराए जाने की किसी भी संभावना को समाप्त करना है। लापरवाही पर सख्त कार्रवाई कलेक्टर ने कहा कि सर्वेयर समिति प्रबंधक अथवा केंद्र प्रभारी द्वारा लापरवाही किए जाने की शिकायतों पर प्रशासन द्वारा जाँच कराई गई। जाँच के आधार पर 5 व्यक्तियों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कराई गई है जबकि 2 समिति प्रबंधकों को उनके पद से हटा दिया गया है। उन्होंने कहा खरीदी प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
किसानों से शिकायत मिलने पर तत्काल सूचना देने की अपील.. कलेक्टर श्री यादव ने जिले के सभी किसान भाइयों से अपील कीए यदि कोई व्यक्ति उनसे किसी भी प्रकार की अनुचित अपेक्षा करता है या मूंग खरीदी के दौरान किसी प्रकार की अनियमितता अथवा परेशानी सामने आती है तो इसकी सूचना प्रशासन को तत्काल दें। उन्होने कहा किसान फेसबुक पेज पर कमेंट के माध्यम से अथवा कंट्रोल रूम नंबर 07812.314329 पर अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं। उन्होंने अपील कीए फेसबुक पर शिकायत करते समय किसान अपना मोबाइल नंबर अवश्य दर्ज करें ताकि प्रशासन को समस्या के निराकरण में सुविधा हो और संबंधित किसान से संपर्क कर तत्काल कार्रवाई की जा सके।

हटा अनुविभाग में गल्ला दुकानों गोदामों और वेयरहाउस की जांच दस्तावेज जब्त कर नोटिस जारी.. दमोह कलेक्टर प्रताप नारायण यादव के निर्देश पर हटा अनुविभाग में मूंग के भंडारण तथा नियम विरुद्ध तरीके से किए जा रहे व्यापार और गोदामों में भंडारण की लगातार जांच की जा रही है। इसी क्रम में अनुविभागीय अधिकारी हटा राकेश मरकाम के नेतृत्व में प्रशासन द्वारा विभिन्न गल्ला दुकानों गोदामों और वेयरहाउस का निरीक्षण किया गया।

एसडीएम राकेश मरकाम एवं तहसीलदार उमेश तिवारी ने संयुक्त रूप से रनेह क्षेत्र में संचालित गल्ला दुकानोंए गोदामों एवं वेयरहाउस की जांच की। जांच के दौरान कुछ स्थानों पर नियम विरुद्ध तरीके से दुकान संचालन पाए जाने पर संबंधित दस्तावेज जब्त किए गए तथा संबंधितों को नोटिस जारी कर नियमानुसार कार्रवाई की गई।
इसके साथ ही हटा तहसील मुख्यालय स्थित रसीलपुर वेयरहाउस एवं श्रीवास्तव वेयरहाउस का भी अधिकारियों द्वारा निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान मूंग सहित अन्य कृषि उपज के भंडारण उपलब्ध स्टॉक एवं स्टॉक पंजी सहित आवश्यक दस्तावेजों की जांच की गई। जांच के दौरान दस्तावेज जब्त कर संबंधितों को नोटिस जारी किए गए हैं। एसडीएम श्री मरकाम ने बताया कि मूंग के भंडारण एवं व्यापार में नियमों का पालन सुनिश्चित करने के लिए लगातार जांच एवं निगरानी की जा रही है। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधितों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। 

आठ आंगनवाड़ी केंद् बंद मिले 37 स्व.सहायता समूहों को नोटिस.. दमोह जिले में संचालित आंगनवाड़ी केंद्रों में शासन की योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने तथा केंद्रों का निर्धारित मापदंडों के अनुसार संचालन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से विगत तीन दिनों में व्यापक निरीक्षण अभियान चलाया गया। इस दौरान जिले के 155 आंगनवाड़ी केंद्रों का निरीक्षण कराया गया। कलेक्टर प्रताप नारायण यादव ने कहा कि निरीक्षण के दौरान 8 आंगनवाड़ी केंद्र बंद पाए गए जिस पर संबंधित कर्मचारियों के वेतन काटने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं 37 स्व.सहायता समूहों द्वारा आंगनवाड़ी केंद्रों में उपलब्ध कराए जा रहे नाश्ते एवं भोजन में निर्धारित मीनू का पालन नहीं किया जाना पाया गया। इन सभी स्व.सहायता समूहों को नोटिस जारी कर उनके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।
उन्होने कहा आंगनवाड़ी केंद्रों के संचालन में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। आंगनवाड़ी कार्यकर्ताए सहायिका तथा नाश्ता एवं भोजन उपलब्ध कराने वाले स्व.सहायता समूहों से शासन द्वारा निर्धारित निर्देशों और मीनू के अनुसार गुणवत्तापूर्ण नाश्ता एवं भोजन उपलब्ध कराने की अपेक्षा की गई है।कलेक्टर श्री यादव ने सभी संबंधितों से अपील की गई है कि वे निर्धारित मात्रा एवं मीनू का अनिवार्य रूप से पालन करें और किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतें। आंगनवाड़ी केंद्रों का आकस्मिक एवं सतत निरीक्षण आगे भी जारी रहेगा। निरीक्षण के दौरान अनियमितता या लापरवाही पाए जाने पर संबंधितों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Reactions

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ