Ticker

6/recent/ticker-posts

उपार्जन केद्रों पर सही तौल बिना लेनदेन के काम और समय पर रसीद देना अनिवार्य.. चंपत पिपरिया केंद्र पर नए समिति प्रबंधक ऑपरेटर और अन्य कर्मचारियों की नियुक्ति..

जिला स्तरीय अधिकारियों नोडल अधिकारियों की बैठक

दमोह।  किसानों से बातचीत के दौरान सामने आया कि व्यवस्थाओं में गंभीर अनियमितताएं हैं और हर स्तर पर उन्हें परेशान किया जा रहा था। स्थिति को गंभीरता से लेते हुए समिति प्रबंधकए कंप्यूटर ऑपरेटर वेयरहाउस मालिक और वेयर हाउसिंग कॉरपोरेशन के कर्मचारी के खिलाफ तत्काल एफआईआर दर्ज कराई गई है। इस आशय की बात कलेक्टर प्रताप नारायण यादव ने आज कलेक्टर कार्यालय के सभाकक्ष में उपार्जन संबंधी बैठक के दौरान कही।
उन्होंने कहा कल मेरे द्वारा चंपत पिपरिया उपार्जन केंद्र का पुलिस अधीक्षक श्रुतकीर्ति सोमवंशी के साथ संयुक्त रूप से निरीक्षण किया। उपार्जन केंद्र में अनियमितता पाए जाने पर तुरंत कार्रवाई करते हुए एफआईआर दर्ज हुई और दोषियों को हिरासत में लिया गया। उन्होंने कहा किसानों के हितों की रक्षा के लिए प्रशासन पूरी तरह प्रतिबद्ध है। बैठक में अपर कलेक्टर मीना मसराम सहित संबंधित विभाग के अधिकारी गण मौजूद थे। कलेक्टर श्री यादव ने जिला स्तरीय अधिकारियों और नोडल अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि किसानों को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। सही तौल बिना लेनदेन के काम और समय पर रसीद देना अनिवार्य किया गया है लापरवाही पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी गई ।
कलेक्टर श्री यादव  ने किसानों से आग्रह किया कि यदि किसानों से कोई अवैध तरह की मांग की जाती है गलत तौल होता है या किसी प्रकार की परेशानी दी जाती है तो वे तुरंत कंट्रोल रूम में शिकायत दर्ज कराएं। प्रशासन द्वारा तुरंत जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने कहा गत दिवस निरीक्षण के दौरान केंद्र में जगह की कमी पाए जाने पर तत्काल बड़ा परिसर उपलब्ध कराया गया। साथ ही पुराने स्टाफ को हटाकर नए समिति प्रबंधक ऑपरेटर और अन्य कर्मचारियों की नियुक्ति की गई ताकि किसानों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें। उन्होंने जिले के सभी उपार्जन केंद्र प्रभारियों को निर्देशित किया है कि वे नियमों का पालन करें किसानों से किसी प्रकार की अवैध वसूली न करें और उचित सुविधाएं जैसे छाया पानी आदि सुविधाएं सुनिश्चित की जाए..  
जिले में जनगणना का प्रथम चरण शुरू 20 मई तक कार्य पूर्ण करने का लक्ष्य.. दमोह जिले में जनगणना 2027 के अंतर्गत प्रथम चरण का कार्य 1 मई से प्रारंभ हो गया है जो 30 मई तक संचालित रहेगा। कलेक्टर प्रताप नारायण यादव ने कहा कि इस चरण में मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना की जाएगी। उन्होंने कहा पूरे जिले में 2524 प्रगणक नियुक्त किए गए हैं जो घर.घर जाकर डेटा संग्रह का कार्य करेंगे। इनके कार्य की निगरानी के लिए 451 पर्यवेक्षक लगाए गए हैं जहां प्रत्येक 6 प्रगणकों पर एक पर्यवेक्षक की जिम्मेदारी तय की गई है।
कलेक्टर श्री यादव ने कहा कि कार्य के प्रभावी संचालन हेतु जिले में 15 चार्ज अधिकारी नियुक्त किए गए हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में यह जिम्मेदारी तहसीलदार स्तर के अधिकारियों को दी गई है जबकि नगरीय क्षेत्रों में स्तर के अधिकारी इस कार्य को देखेंगे। उन्होंने बताया कि संपूर्ण प्रक्रिया की सुचारू निगरानी के लिए जिला स्तर पर जनगणना प्रमुख नियुक्त किया गया है और प्रतिदिन प्रगति की समीक्षा की जा रही है। प्रशासन का लक्ष्य है कि 20 मई तक यह कार्य पूर्ण कर लिया जाए। कलेक्टर श्री यादव ने आम नागरिकों से अपील की है कि जब प्रगणक उनके घर पहुंचे तो वे उनके पहचान पत्र आईडी कार्ड की जांच कर लें और सही व पूर्ण जानकारी प्रदान करें। यह कार्य देशहित और विकास योजनाओं के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

Post a Comment

0 Comments