करीब तीन घंटे चले रेस्क्यू के बाद मिले पांचों शव
पन्ना। मध्य प्रदेश के पन्ना जिले से इस वक्त की एक बेहद दर्दनाक और झकझोर देने वाली खबर सामने आ रही है। अजयगढ़ जनपद के ग्राम बीहरपुरवा के नयापुरवा में एक सरकारी कूप निर्माण का काम अचानक मातम में तब्दील हो गया। यहाँ बिन्नू अहिरवार के खेत में मनरेगा योजना के तहत पिछले 10 दिनों से कुएं की खुदाई का काम चल रहा था, लेकिन आज मंगलवार की सुबह एक भयानक हादसे ने पाँच परिवारों के चिराग बुझा दिए।
जानकारी के मुताबिक, सात मजदूर कुएं के भीतर काम कर रहे थे। तभी दो मजदूर पानी पीने के लिए ऊपर आए और ठीक उसी पल कुएं की कमजोर मिट्टी भरभराकर ढह गई। अंदर काम कर रहे पाँचों मजदूर मलबे के नीचे जिंदा दफन हो गए। स्थानीय प्रशासन ने मुस्तैदी दिखाते हुए करीब 3 घंटे तक भारी रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया, लेकिन अफसोस! किसी की जान नहीं बचाई जा सकी।
मलबे से आशीष यादव, राजकुमार यादव, रामपाल यादव, चुन्नू यादव और चुनवाद पाल के शव बाहर निकाले गए हैं। मिट्टी बेहद भुसभुसी और कमजोर थी, जहाँ सुरक्षा मानकों की अनदेखी कर गहरी खुदाई की जा रही थी। हादसे की खबर मिलते ही जिला कलेक्टर ऊषा परमार एवं एसपी निवेदिता नायडू खुद मौके पर पहुंचीं।
उन्होंने पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर ढांढस बंधाया और हर संभव आर्थिक और प्रशासनिक मदद का भरोसा दिया है। फिलहाल, सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए अजयगढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेज दिया गया है। पुलिस और राजस्व विभाग की टीम मामले की जांच में जुट गई है। पन्ना से कादिर खान की खबर


0 Comments