महोबा से महाराष्ट्र जा रहे गुड्स कैरियर ट्रक से बकरियों की तस्करी.. नागपुर के 2023 के मेडिकल सर्टिफिकेट पर पशु परिवहन.. जबेरा पुलिस ने बमुश्किल दर्ज की अधूरी FIR..

जबेरा में अवैध रूप से भरा बकरियों का ट्रक पकड़ा

दमोह जिले के जबेरा में देर रात श्री विद्यासागर जीव दया एवं समाज कल्याण समिति, बजरंग दल एवं भगवती मानव कल्याण संगठन के कार्यकर्ताओं ने कृषि उपज मंडी गेट एवं जबलपुर बायपास के बीच एक बकरियों से भरे ट्रक को रुकवाया। ट्रक में क्षमता से अधिक बकरी-बकरे ठूंस-ठूंसकर भरे गए थे, जिससे पशुओं के साथ अमानवीय व्यवहार किया जा रहा था।
कार्यकर्ताओं के अनुसार, ट्रक क्रमांक MH 40 BG 6577 में बकरियों का अवैध परिवहन किया जा रहा था। जांच में पाया गया कि वाहन में निर्धारित क्षमता से अधिक बकरियां भरी गई थीं। पशुओं के परिवहन के लिए आवश्यक पशु चिकित्सक का स्वास्थ्य प्रमाण पत्र मौके पर उपलब्ध नहीं था। बाद में जो मेडिकल सर्टिफिकेट प्रस्तुत किया गया, वह वर्ष 2023 का तथा नागपुर का था, जबकि वाहन महोबा मंडी, छतरपुर से आ रहा था। इसके अतिरिक्त, संबंधित वाहन केवल गुड्स कैरियर के रूप में पंजीकृत था, जबकि उसमें पशुओं का परिवहन किया जा रहा था।
सूचना मिलने पर जबेरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रक को अपने कब्जे में लिया। पुलिस जांच में ट्रक में 310 बकरियां पाई गईं, जबकि प्रस्तुत रसीदों में केवल 300 बकरियों का उल्लेख था। वहीं, पशु मालिक ने फोन पर तथा मौके पर प्रारंभिक जानकारी में 330 बकरियां होने और तीन बकरियों की मृत्यु होने की बात कही थी। हालांकि, यह महत्वपूर्ण तथ्य FIR में दर्ज नहीं किया गया। समिति के सदस्यों का आरोप है कि प्रारंभ में पुलिस प्रशासन द्वारा कार्रवाई को टालने का प्रयास किया गया, लेकिन तीनों संगठनों के कार्यकर्ताओं के लगातार दबाव और आग्रह के बाद अंततः पशु क्रूरता निवारण अधिनियम, 1960 की धारा 11(1)(घ) के तहत प्रकरण दर्ज किया गया। 

समाजसेवियों ने मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर FIR में छूटे तथ्यों को भी शामिल किया जाए तथा समितियों द्वारा लिखत शिकायत की द्वारा पुलिस प्रशासन द्वारा नहीं लिया गया आरोपियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाई जा सके। इस कार्रवाई में स्थानीय समाजसेवियों एवं राहगीरों का भी सराहनीय सहयोग रहा।
Reactions

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ