महर्षि विद्या मंदिर के प्यून की गोली मारकर हत्या
दमोह। देहात थाना क्षेत्र अंतर्गत हथना गांव में देर रात गोली चलने की खबर से सनसनी के हालात बनते देर नहीं लगी। सूचना मिलते ही जबलपुर नाका चौकी पुलिस के साथ देहात थाना पुलिस मौके पर पहुंची। बाद में पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने भी मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का जायजा लिया तथा त्वरित कार्रवाई के निर्देश देते हुए आरोपी का पता लगाकर गिरफ्तारी करने निर्देशित किया।
जिला मुख्यालय से महज कुछ किलोमीटर की दूरी पर स्थित हथना गांव में बुधवार रात गोली मारकर एक युवक की हत्या कर दी गई। बाद में मौके पर पहुंची देहात थाना पुलिस ने घटनास्थल करके निरीक्षण करके वरिष्ठ अधिकारियों को घटना की जानकारी दी। इधर मृतक युवक की पहचान चंदू पिता मलखान रैकवार 28 वर्ष निवासी हथना के रूप में हुई है। जोकि महर्षि विद्या मंदिर में पियून के पद पर कार्यरत बताया गया है।
घटना की जानकारी लगने पर देर रात एसपी श्रुत कीर्ति सोमवंशी, एएसपी सुजीत सिंह भदोरिया, सीएसपी एचआर पांडे भी मौके पर पहुंचे। उनके द्वारा देहात थाना प्रभारी अमित गौतम, चौकी प्रभारी प्रियंका पटेल को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए। पुलिस द्वारा स्थानीय लोगों से भी मृतक तथा घटना के संदर्भ में जानकारी ली गई।
फिलहाल घटना तथा हत्या के कारणों तथा आरोपियों के बारे में पता नहीं लग सका है। हत्या के पीछे कोई प्रेम प्रसंग, शराब खोरी में विवाद या फिर कोई पुरानी रंजिश है इसका पता लगाने में फिलहाल पुलिस जुटी हुई है। फिलहाल पंचनामा कार्रवाई कराकर पोस्टमार्टम के बाद शव को परिजनों के सुपुर्द किया जाएगा। होली के दूसरे दिन देर रात सामने आए घटनाक्रम ने हथना ग्राम में दहशत के साथ गमगीन माहौल को निर्मित करके रख दिया है। वहीं पुलिस से जल्दी दूध का दूध और पानी का पानी करते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी की अपेक्षा की जा रही है।

0 Comments