Ticker

6/recent/ticker-posts

शहर के हाट एरिया में पार्किंग व कॉम्प्लेक्स की योजना.. मांगज, बाल विनोद, श्रीखंडे स्कूल, ढोर अस्पताल, महिला वसति गृह, छात्रावास परिसर आदि के दिन फिरने की उम्मीद..

शहर के विभिन्न स्थानों का मंत्री विधायक ने किया निरीक्षण

दमोह। गुरूवार को मंत्री श्री लखन पटेल एवं पूर्व मंत्री श्री जयंत मलैया ने कलेक्टर सुधीर कोचर के साथ नगर के हाट एरिया में पार्किंग व कॉम्प्लेक्स को लेकर जायजा लिया। इस दौरान पशु चिकित्सालय कचोरा मार्केट, वाल विनोद परिसर स्थित नगर पालिका विद्युत कार्यालय परिसर, मांगज स्कूल , बस स्टैंड लोडेड वाहन पार्किंग, महिला वसतीगृह, उत्कृष्ट विद्यालय छात्रावास किल्लाई नाका, दीवान जी की तलैया एवं मानस भवन सहित आसपास के क्षेत्रों का जायजा लिया गया।
इस दौरान मंत्री लखन पटेल ने कहा कि शहर के विभिन्न ऐसे शासकीय अनुपयोगी स्थलों का निरीक्षण किया गया जिनका वर्तमान में समुचित उपयोग नहीं हो रहा हैं। इन स्थानों पर शॉपिंग कॉम्प्लेक्स पार्किंग व्यवस्था छात्रावास लाइब्रेरी एवं अन्य सार्वजनिक सुविधाओं के विकास की संभावनाओं पर विचार किया जा रहा है। शहर की अनुपयोगी भूमि एवं स्थलों का सुव्यवस्थित एवं जनहितकारी उपयोग सुनिश्चित करने आवश्यक दिशा.निर्देश दिए गए। निरीक्षण का उद्देश्य शहर की प्रमुख एवं प्राइम लोकेशनों का सुव्यवस्थित विकास कर नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा वर्तमान में शहर के मध्य स्थित पशु चिकित्सालय लगभग एक एकड़ भूमि पर संचालित है। यह क्षेत्र शहर का अत्यंत महत्वपूर्ण एवं व्यस्त इलाका है जहां पार्किंग की गंभीर समस्या है प्रस्ताव है कि इस भूमि पर शॉपिंग कॉम्प्लेक्स व्यवस्थित पार्किंग एवं अन्य उपयोगी संरचनाएं विकसित की जाएं। इसके लिए हाउसिंग बोर्ड के अधिकारियों से भी चर्चा की जा रही है ताकि सुनियोजित तरीके से विकास कार्य किया जा सके।
पूर्व वित्त मंत्री एवं विधायक जयंत मलैया ने कहा जिन सरकारी स्थलों की भूमि अव्यवस्थित एवं अनुपयोगी है उनका बेहतर उपयोग सुनिश्चित किया जाएगा। कलेक्टर सुधीर कुमार कोचर ने कहा कुछ जर्जर भवन वर्तमान में उपयोग में नहीं हैं जबकि विद्यार्थियों की पढ़ाई सुरक्षित भवनों में संचालित हो रही है। ऐसे खाली पड़े जर्जर भवनों के स्थान पर नई उपयोगी संरचनाओं के निर्माण की योजना बनाई जाएगी। निरीक्षण में यह भी स्पष्ट किया गया कि संबंधित भूमि स्कूल शिक्षा विभाग को शैक्षणिक संस्थान विकसित करने के उद्देश्य से लगभग छह एकड़ प्रदान की गई थी। प्रशासन अब इस दिशा में ठोस एवं दीर्घकालिक योजना तैयार करेगा ताकि भूमि का उद्देश्यपूर्ण उपयोग सुनिश्चित हो सके।
बैठक में शहर विकास से जुड़े विभिन्न विषयों पर हुई चर्चा.. दमोह  शहर में रीडेंसीफिकेशन से जुड़े कुछ महत्वपूर्ण प्रकरण हैं इनमें पशुपालन विभाग की भूमि और पुराने मागंज स्कूल परिसर के बेहतर उपयोग को लेकर विशेष रूप से योजना बनाने पर जोर दिया जायेगा। मागंज स्कूल जो काफी पुराना हो चुका है वहां क्या और बेहतर किया जा सकता है इस पर गंभीरता से विचार किया गया। इस आशय की बात आज पशुपालन एवं डेयरी विभाग राज्यमंत्री लखन पटेल ने जिला कलेक्ट्रेट में आयोजित बैठक के दौरान व्यक्त किये। इस अवसर पर विधायक दमोह जयंत कुमार मलैया विशेष रूप से मौजूद रहे।
राज्यमंत्री श्री पटेल ने कहा पशुपालन विभाग की जमीन के समुचित उपयोग को लेकर भी रणनीति तैयार करने की दिशा में कदम बढ़ाए जा रहे हैं। निरीक्षण के समय नगरपालिका के सभी संबंधित अधिकारी मौजूद रहे। शहर के समग्र विकास उपलब्ध संसाधनों के बेहतर उपयोग और आवश्यक परियोजनाओं के लिए वित्तीय व्यवस्था कैसे सुनिश्चित की जाए इस पर भी विस्तार से चर्चा कर सबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा. निर्देश दिए गयें।
राज्यमंत्री श्री पटेल ने कहा महिला बसति गृह सहित 7.8 अन्य स्थानों के विकास और उन्नयन को लेकर भी मंथन किया गया। इन सभी स्थानों को बेहतर सुविधाओं से युक्त बनाने के लिए समयबद्ध कार्ययोजना तैयार की जाये और उसे जमीनी स्तर पर लागू किया जाएगा। पूर्व मंत्री विधायक जयंत मलैया ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा.निर्देश देते हुए समस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। विधायक श्री मलैया ने कहा नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता हैं। बैठक में कलेक्टर सुधीर कुमार कोचर सहित सबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Post a Comment

0 Comments