नन्हें मंदिर में त्रिमूर्ति वेदी शिलान्यास महोत्सव आज
दमोह। श्री पारसनाथ दिगंबर जैन नन्हें मंदिर जी में जैन धर्म के छठवे तीर्थंकर श्री पदम प्रभु भगवान का निर्वाण कल्याणक महोत्सव एवं त्रिमूर्ति बेदी शिलान्यास कार्यक्रम का आयोजन आज 5 फरवरी को प्रातः 8 बजे से मुनि श्री पदम सागर जी के ससंघ सानिध्य में किया गया है।
दमोह नगर के असाटी वार्ड नंबर 2 स्थित श्री पारसनाथ दिगंबर जैन नन्हे मंदिर जी में
नवीन निर्माण जिर्णोद्वार कार्य तेजी से चल रहा है। मंदिर समिति के अध्यक्ष
नवीन निराला ने बताया कि यहां पर प्रथम तीर्थंकर देवाधिदेव भगवान आदिनाथ
एवं भरत जी की पाषाण की विशाल प्रतिमा की स्थापना भगवान बाहुबली जी की
प्रतिमा के साथ की जाना है। साथ ही नवीन चौबीसी का निर्माण कार्य भी किया
जाना है। जिसके प्रथम चरण में आचार्य श्री विद्यासागर जी एवं आचार्य
गुरुदेव समय सागर जी महाराज के मंगल आशीर्वाद से उनके शिष्य मुनि श्री 108
पद्मसागर जी एवं छुल्लक श्री तात्पर्य सागर जी के सानिध्य में 5 फरवरी को प्रातः बेला में त्रिमूर्ति बेदी शिलान्यास का भव्य कार्यक्रम रखा गया है।
इसके
पूर्व प्रातः 7 बजे श्री जी के अभिषेक पूजन के साथ भगवान पदम प्रभु का
मस्तकाभिषेक एवं शांति धारा मुनि श्री के मुखारविंद से संपन्न होगी।
तत्पश्चात निर्वाण लाडू चढ़ाकर महोत्सव मनाया जाएगा। इस अवसर पर बुधवार को
मंदिर जी में मुनि संघ के सानिध्य तथा पंडित सुरेश शास्त्री एवं ब्रह्मचारी
स्वतंत्र भैया के निर्देशन में श्री शांतिनाथ महामंडल विधान आयोजित किया
गया। जिसमें बड़ी संख्या में मंदिर के आसामियों ने धर्म लाभ अर्जित किया।
भाई जी मंदिर एवं सिंघई मंदिर के पदाधिकारी ने मुनि श्री के समक्ष श्रीफल
भेंट करके अपने अपने मंदिरों में होने वाले आयोजनों के लिए निवेदन किया।
भाई जी मंदिर के अध्यक्ष श्री पवन जैन चश्मा एवं बड़े मंदिर के आसामी
वरिष्ठ समाजसेवी श्री अरविंद इटोरिया ने त्रिमूर्ति शिलान्यास हेतु एक-एक
शिला रखने का सौभाग्य प्राप्त किया। वही परस्वाहा वाले परिवार के द्वारा
अपनी पूर्व घोषित दान राशि को दुगना करने की घोषणा की गई। श्री
पार्श्व नाथ दिगंबर जैन नन्हे मंदिर के महामंत्री राजकुमार जैन रानू ने सकल
जैन समाज से 5 फरवरी को होने वाले पदम प्रभु भगवान के मोक्ष कल्याणक
महोत्सव एवं त्रिमूर्ति बेदी शिलान्यास महोत्सव में सापरिवार शामिल होकर
पुण्यार्जन की अपील की है।


0 Comments