Ticker

6/recent/ticker-posts

मंत्र हमारे जीवन में कल्याण का मार्ग प्रशस्त करते है.. कुण्डलपुर में मुनि श्री प्रमाण सागर जी के सानिध्य में वृहद महा शांति धारा.. इधर मंत्री श्री लोधी ने उप स्वास्थ्य केंद्र का लोकार्पण किया..

प्रमाणसागर जी के सानिध्य में वृहद महा शांतिधारा

दमोह। सुप्रसिद्ध सिद्धक्षेत्र कुण्डलपुर में युगश्रेष्ठ परम पूज्य संत शिरोमणि आचार्य श्री विद्यासागर जी महाराज एवं परंपराचार्य आचार्य श्री समयसागर जी महाराज के मंगल आशीर्वाद से परम पूज्य गुणायतन प्रणेता मुनि श्री प्रमाणसागर जी महाराज के मंगल सानिध्य में पूर्णमासी के अवसर पर वृहद शांति धारा का आयोजन किया गया । शांतिधारा करने का सौभाग्य श्रेष्ठी संजय डॉ. मनीषा मेहुल सिंघई रतनचंद श्रद्धा जैन परिवार यूएसए, आलोक प्रियंका ऐरा सतीश जैन परिवार इतवारी नागपुर, ललितेश मुकेश नितिन अंकित जैन परिवार फिरोजाबाद ,पंकज अतिशय यश जैन मुरादाबाद ,अनुराग जिनेश कुमार सोधिया गढ़ाकोटा ने प्राप्त किया। मुनि श्री प्रमाण सागर जी महाराज ने वृहद शांतिधारा का वाचन किया ।

इस अवसर पर मुनि श्री ने वृहद शांतिधारा का महत्व बतलाते हुए कहा जब कभी भी हमारा मन अशांत होता है, तो अरिष्ट निवारक इन वृहद शांतिमंत्रों का प्रयोग किया जाता है।  उन्होंने कहा कि ऋद्धीमंत्रों का जाप जीवन में शांति, सद्भाव और सकारात्मक ऊर्जा को स्थापित कर वातावरण को शांत और पवित्र बनाता है, जो मानसिक शांति और आध्यात्मिक उत्थान में सहायक सिद्ध होता है, इन मंत्रों के जाप से अशुभ कर्म नष्ट हो जाते है जो समाज में आध्यात्मिक शुद्धि ओर एकता की ओर अग्रसर करता है तथा व्यक्तिगत रुप से सांसारिक दुखों से मुक्ति पाने में मदद करता है, शांतिमंत्रों की तरंगें शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य पर सकारात्मक प्रभाव डालती हैं तथा यह माना जाता है कि शांतिमंत्रों के नियमित प्रयोग  से बीमारियाँ दूर हो जाती हैं और जीवन में सुख-समृद्धि आती है। मंत्रों की एकाग्रता से सांसारिक चिंताओं से दूर होकर आत्मा के शुद्ध स्वरूप पर ध्यान केंद्रित हो जाता है । आत्मज्ञान ही हमारे जीवन के उत्कर्ष का आधार है, आत्मा को जाने बिना कभी भी कल्याण नहीं हो सकता जिसको एक बार आत्मज्ञान हो जाता है,उसकी प्रवृत्ति में स्वाभाविक सहजता आ जाती है।
 मुनि श्री ने कहा कि में कौन हुं? मेरा स्वरूप क्या है ? मेरा गुणधर्म क्या है ? मेरा स्वभाव क्या है ? जो इस बात को समझ लेता है, उसका भ्रम टूटता है, वृह्म के बोध से ही मर्म का निवारण होता है। भ्रम टूटने से ही मर्म की उपलव्धि और कर्म का निवारण होता है, आचार्य कुंदकुंद देव कहते है कि में कौन हूं ? जिस दिन जीवन की यह सच्चाई को जान लोगे, तो तुम्हारा सारा व्यामोह दूर होकर जीवन की दशा और दिशा बदल जाऐगी। उन्होंने कहा कि क्षण मात्र के सुख के पीछे अपने संपूर्ण जीवन और अपनी संपूर्ण शक्ति को इस "काम भोग" की लालसा में लगा देते हो, मुनि श्री ने कहा कि अब भी सम्भल जाओ? यह काम भोग शरीर की खाज खुजाने के समान है उसको खुजलाने में सुख नहीं मिलता उस पर मलहम लगाने में ही सार है। उसी प्रकार जिसको आत्मज्ञान हो जाता है, वह काम भोग की खुजली को खुजलाता नहीं उस खाज पर तत्वज्ञान की मलहम लगाकर उसे स्थाई रुप से ठीक करता है। 
प्रचार मंत्री जयकुमार जैन जलज ने बताया कि आज प्रातः 9 बजे से 10 बजे तक ५५ मिनट की यह वृहद शांतिधारा मुनि श्री के मुखारविंद से संपन्न की गई इस अवसर पर पूज्य मुनि श्री संधानसागर जी महाराज सहित समस्त क्षुल्लक जी एवं ब्रह्मचारी भैया, कुंडलपुर क्षेत्र कमेटी के पदाधिकारी, सदस्य, बड़ी में संख्या देश के कोने-कोने से आए श्रद्धालु भक्त उपस्थित थे। आज भी श्रद्धालुओं ने अभिषेक, पूजन एवं आहारचर्या में भाग लेकर जीवन कृतार्थ किया। शंका समाधान का भी भव्य आयोजन हुआ। भक्तामर दीप अर्चना और पूज्य बड़े बाबा की महाआरती संपन्न हुई।
मंत्री श्री लोधी ने उप स्वास्थ्य केंद्र का लोकार्पण किया
जबेरा विधानसभा में 65 लाख रुपए की लागत से बने उप स्वास्थ्य केंद्र का लोकार्पण मंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी ने किया। यह उप स्वास्थ्य केंद्र जबेरा विधानसभा के घाना में स्थित है और इसका उद्देश्य क्षेत्र के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं प्रदान करना है इस अवसर पर मंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी ने कहा कि सरकार का प्रयास है कि लोगों को उनके घर के नजदीक स्वास्थ्य सुविधाएं मिलें।
उन्होंने कहा कि यह उप स्वास्थ्य केंद्र क्षेत्र के लोगों के लिए एक बड़ी सुविधा है और इससे लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिलेंगी। निश्चित ही इस केंद्र के निर्माण से ग्राम वासियों सहित अन्य ग्रामों के लोगों को उपचार हेतु जबेरा या नोहटा नहीं जाना पड़ेगा अब ग्राम में ही उपचार की सुविधा प्राप्त होगी और डॉक्टर को निर्देशित किया है कि वह वही निवास करके लोगों का उपचार करेंगे। कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि गौरव पटेल, सांसद प्रतिनिधि रूपेश सेन, जबेरा मंडल अध्यक्ष बंटी दुबे, नोहटा मंडल अध्यक्ष सतपाल सिंह, कमल सिंघई, रानू नामदेव, नीरज जायसवाल सहित अन्य जनप्रतिनिधि गण एवं ग्राम वासियों की उपस्थिति रही..

Post a Comment

0 Comments