Ticker

6/recent/ticker-posts

हटा मढ़ियादो मार्ग पर रफ्तार के कहर के साथ भीषण भिड़ंत.. स्कार्पियो की टक्कर से बाइक सवार कियोस्क संचालक व पत्रकार की मौत.. हेलमेट पहने होते तो शायद बच सकती थी जान..

 मढ़ियादो क्षेत्र में रफ्तार के कहर के साथ भीषण भिड़ंत..

दमोह। जिले के हटा मडियादो मार्ग पर रफ्तार के कहर के साथ भीषण सड़क हादसा सामने आया है। तेज रफ्तार स्कॉर्पियो गाड़ी की बाइक के साथ हुई भिड़ंत में दो युवकों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो जाने के दुखद घटनाक्रम में सभी को झकझोर कर रख दिया है। मृतक युवको की पहचान कियोस्क संचालक व ग्रामीण पत्रकार के रूप में हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार शुक्रवार शाम मडियादो के
नवीन थाना भवन के आगे  टेडी नीम के पास यह दुखद हादसा हुआ है। तेज रफ्तार स्कार्पियो वाहन MP 20 टी 9402 ने सामने से आ रहे बाइक सवार दो युवकों को ऐसी  टक्कर मारी की वह जमीन पर गिरने के बाद दोबारा नही उठ सके।

मृतक बल्लू  40 वर्ष निवासी मडियादो और अनिल दुबे उम्र 36 वर्ष निवासी वर्धा कियोस्क बैंक का संचालन करते थे। जो बैंक के काम से हटा से वापस लौटते समय हादसे का शिकार हो गए। अनिल दुबे कियोस्क बैंक संचालन के साथ एक अखबार का रिपोर्टर भी था। घटना के बाद टक्कर मारने वाली स्कॉर्पियो गाड़ी मौके से भाग निकली थी। जिसका लोगो ने वीडियो बनाकर वायरल कर दिया। इधर गैसाबाद थाना क्षेत्र के सकोर व उदयपुरा के बीच में स्कॉर्पियो के पंचर हो जाने पर चालक गाड़ी छोड़कर भाग गया। बाद में पुलिस ने गाड़ी को कब्जे में ले लिया है।
 इधर घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई तथा सूचना मिलने पर 100 डायल और मढ़ियादो थाना पुलिस मौके पर पहुंची। इसके बाद हादसे के शिकार दोनो युवकों को हटा के सिविल अस्पताल पहुंचाया गया जहां उनका मृत घोषित कर दिया गया। शनिवार को पोस्टमार्टम उपरांत दोनों शव परिजनों को सौंप जाएंगे इधर घटना की खबर से परिजनों का जहां रो रो कर बुरा हाल बना हुआ है वह क्षेत्र में शोक की लहर व्याप्त है। 

घटनास्थल के हालात को देखकर कहा जा सकता है कि यदि बाइक सवार युवक हेलमेट पहने होते तो शायद उनकी जान बच सकती थी। फिलहाल मडियादो थाना पुलिस टक्कर मारने वाले आरोपी स्कॉर्पियो वाहन चालक की तलाश के साथ घटनाक्रम की जांच में जुटी हुई है।

Post a Comment

0 Comments