Ticker

6/recent/ticker-posts

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह द्वारा दमोह जिले के किसानों के खाते में 55 करोड़ की पहली किस्त हस्तांतरण.. जिले के करीब एक लाख 97 हजार किसान हुये लाभान्वित.. जिला स्तरीय कार्यक्रम कृषि उपज मंडी में हुआ सम्पन्न..

 जिला स्तरीय कार्यक्रम कृषि उपज मंडी में सम्पन्न

दमोह। प्रदेश के मुख्यमंत्री जी ने आज जिले के किसानों को बारिश और कीट व्याधि के कारण खरीफ में मूंग, उड़द और सोयाबीन फसल क्षति में 166 करोड़ के विरुद्ध 33 प्रतिशत राशि 55 करोड़ की पहली किस्त राज्य स्तरीय किसान महासम्मेलन में सिंगल क्लिक के माध्यम से डाली है, इसमें जिले के करीब एक लाख 97 हजार किसान लाभान्वित हुये है। इस आशय की बात आज कलेक्टर श्री तरूण राठी ने कृषि उपज मंडी में आयोजित जिला स्तरीय किसान महासम्मेलन में व्यक्त किये।  इस अवसर पर देश के प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी और प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चैहान का सीधा प्रसारण सुना गया। आयोजित कार्यक्रम में 31 किसानों को प्रतीक स्वरूप प्रमाण पत्र वितरित किये गये।

 उन्होंने कहा खरीफ 2020 में मूंग, उडद एवं सोयाबीन फसल में बारिश एवं कीट व्याधि से दमोह जिले में 1 लाख 97 हजार  कृषको की 2 लाख 16 हजार हेक्टेयर क्षेत्र में क्षति हुई है। प्रथम किश्त में 55 करोड़ का भुगतान प्रदेश के मुख्यमंत्री द्वारा सिंगल क्लिक के माध्यम से  किया गया है। यह कार्यक्रम निश्चित रूप से मध्यप्रदेश शासन की कटिबद्धता को दिखाता हैं,कि किस तरीके से सुख और दुख सभी में मध्यप्रदेश सरकार किसानों के साथ हैं।

कलेक्टर श्री राठी ने कहा खरीफ फसल की भारी मात्रा में सोयाबीन, मुंग, उड़द फसलों में काफी क्षति हुई थी जिसे राज्य शासन के निर्देशों के अनुक्रम में क्षति का आंकलन करके डिमांड शासन को भेजा गया था। आज मुख्यमंत्री जी द्वारा राज्य स्तरीय कार्यक्रम में किसान भाइयों के खातों में राहत राशि वितरण का कार्य किया गया हैं। मेरा सभी किसान भाईयो से आग्रह है कि राज्य सरकार एवं केन्द्र सरकार की योजनाओं का लाभ लें, हमारे लिए हर्ष का विषय है कि जिले के लगभग एक लाख 60 हजार किसान भाई पीएम किसान योजना से जुड़े हुए हैं, जिसमें 6000 रूपये की राशि साल में उनके खातों में सीधे आती है, इसी तरह से 1 लाख 40 हजार किसान सीएम किसान योजना से जुड़े हुए हैं, जिसमें अतिरिक्त रूप से 4000 रूपये उनके खाते में साल मे आएगी, यह सरकार की अभिनव पहल है कि 6000 रूपये पीएम किसान एवं 4000 सीएम किसान योजना के तहत योजना डाले जायेगें कुल 10 हजार रूपये किसानों के खातों में हस्तांतरित किए जाएंगे। 

उन्होंने कहा इस योजना से सभी किसान भाईयो के खातों में राशि डल जाने से  सकारात्मक प्रभाव पड़ेगा, वह अपनी खेती से जुड़े हुए काम धंधे बहुत अच्छे से कर पाएंगे और सरकार का लक्ष्य कि किसानों की आय को किस तरीके से बढ़ाया जाए, उसको हासिल करने में कामयाब होंगे, इसके साथ ही जब हम खातों में राशि का हस्तांतरण करते हैं, तो राजस्व विभाग को दो प्रकार की दिक्कत आती है, एक साझेदार वाले खातों में आम सहमति नहीं बन पाती है,आम सहमति शीघ्र अति शीघ्र बनवाएं, जिससे शीघ्र अति शीघ्र यह काम पूरा कर सकें, सरकार किसानों के साथ खड़ी है, हम सब इसमें भागीदारी करें, जिसे हम आगे बढ़ते चले जाएंगे। 

भाजपा जिलाध्यक्ष प्रीतम सिंह लोधी ने कहा मध्य प्रदेश के अन्नदाता के लिए मध्य प्रदेश कि सरकार ने विकास के द्वार खोले हैं,उसी क्रम में आज यह कार्यक्रम किया जा रहा हैं। उन्होंने कहा आप सबके सहयोग से पिछले 15 सालों में मध्यप्रदेश की जो तकदीर और तस्वीर बदली है, वह मुख्यमंत्री श्री चैहान जी के नेतृत्व में किसानों के माध्यम से ही बदली है। उन्होंने कहा मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चैहान के प्रयासों से सिंचाई रकबे में अप्रत्याशित वृद्धि हुई है और इस दिशा में दमोह जिले सहित प्रदेश में सिंचाई योजनाओं पर तेजी से काम चल रहे है। 

सरकार किसानों के हित में काम करने वाली सरकार है, किसानों की संपन्नता के लिए देश के प्रधानमंत्री श्री वाजपेई जी केसीसी योजना निकाली थी, निश्चित ही गौरव की बात थी, मध्य प्रदेश में किसानों के लिए सहकारी बैंक के माध्यम से भी ब्याज लगभग शून्य प्रतिशत लगता है, जिसका श्रेय मुख्यमंत्री श्री चैहान को जाता है।  सरकार ने किसान बिल के माध्यम से बिचैलिए को समाप्त करने का काम किया है, देश और प्रदेश की सरकार सबका साथ सबका विकास को लेकर काम कर रही है, किसानों के लिए वह सभी रास्ते खोल दिए हैं, किसान अब अपनी फसल खेत पर या बाहर कहीं पर ही बेच सकता है।

पूर्व मंत्री डाँ कुसमरिया ने कहा आज बहुत सुखद दिन हैं, खरीफ 2020 में दमोह जिले में 01 लाख 97 हजार किसानों को 02 लाख 16 हजार हेक्टेयर कृषि भूमि में जिसकी क्षतिपूर्ति के लिए 166 करोड रूपये की राशि आज मुख्यमंत्री श्री चैहान द्वारा किसानों के खातो मे हस्तांरित की जा रही हैं। उन्होंने कहा पहली किस्त मध्यप्रदेश की 55 करोड की 38 लाख 50 हजार किसानों के लिए 1600 करोड रूपये की राशि डाल रहे हैं। उन्होंने कहा कृषि एक गहन विषय हैं, इसके लिए लगातार प्रयास किये जा रहे हैं और किसान निरंतर प्रगति के पथ पर बढते जा रहे हैं।

सांसद प्रतिनिधि डॉ आलोक गोस्वामी ने कहा किसान सम्मान योजना प्रारंभ की गई है, इसके पूर्व किसी भी सरकार ने यह योजना प्रारंभ नहीं की थी। उन्होंने कहा फसल बीमा योजना भारत सरकार की देन हैं, आज लगभग 02 लाख किसानों के खातों में लगभग पौने 2 अरब रूपये किसानों के खातों में डाली जा रही हैं। डॉ गोस्वामी ने कहा हम मध्यप्रदेश सरकार के आभारी हैं किसानों के हित में सदैव जनहितेषी निर्णय लेती हैं, यह सरकार किसानों की सरकार हैं।  किसान मोर्चा के अध्यक्ष गोपाल पटैल ने भारत सरकार के मुखिया प्रधामंत्री श्री नरेन्द्र मोदी द्वारा किसानों के हित में किये जा रहे प्रयासों का जोरदार स्वागत किया। साथ ही शिवराज सिंह चैहान द्वारा लिये जा रहे ऐतिहासिक फैसलों की जानकारी देते हुये किसान भाईयों का उत्साहवर्धन किया।

पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष मालती असाटी ने कहा प्रधानमंत्री श्री मोदी एवं मुख्यमंत्री श्री चैहान ने हमेशा किसान भाइयों की चिंता की है, दोनों साथ मिलकर किसान भाइयों का दुख-दर्द बांटने में लगे हुए हैं, किसानों के खातों में राशि वितरण का कार्यक्रम रखा गया है, आप सब लोग इस कार्यक्रम में पधारे सभी का स्वागत है। इस मौके पर किसान बंधु, जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक और सम्मानीय मीडियाजन तथा अधिकारी मौजूद रहे।

Post a Comment

0 Comments