Ticker

6/recent/ticker-posts

भाजपा जिला अध्यक्ष को गाली गलौज करना पड़ा महंगा.. शहर कांग्रेस अध्यक्ष की शिकायत पर कोतवाली में दर्जन भर भाजपा नेताओं पर FIR दर्ज..

भाजपा जिला अध्यक्ष पर कोतवाली में हुई FIR दर्ज-
दमोह। प्रदेश में बिगड़ती कानून व्यवस्था को लेकर मुख्य मंत्री कमलनाथ का पुतला दहन करने वाले भाजपा नेताओं के बीच अति उत्साह में कांग्रेस को खुलेआम गालियां देने का मामला भाजपा जिला अध्यक्ष की गले की फांस बन गया है। कांग्रेस नेताओं की शिकायत पर मंगलवार शाम कोतवाली में भाजपा जिला अध्यक्ष  देवनारायण श्रीवास्तव सहित दर्जन भर भाजपा नेताओं के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है।
शहर के ह्रदय स्थल घंटाघर पर सोमवार दोपहर भाजपा नेताओं द्वारा मुख्यमंत्री का पुतला दहन किया जा रहा था। इस दौरान पुतले पर फायर बिग्रेड से पानी की बौछार छोड़े जाने पर से पहले नगर पालिका  अध्यक्ष  मालती असाटी ने फायर बिग्रेड कर्मी को आँखें दिखाई थी। इस दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं के आक्रोष को देख कर जोश में आ गए भाजपा जिला अध्यक्ष देवनारायण श्रीवास्तव भी फायर बिग्रेड कर्मी को धमकाने में पीछे नही रहे। इसी दौरान उनके मुंह से गुस्से मे कांग्रेस के लिए माँ की गाली देने जैसे ऐसे शब्द भी निकलते चले गए जो उनकी इमेज तथा शांत स्वभाव से मेल नहीं खाते।

भाजपा जिला अध्यक्ष द्वारा दी गई गालियों वहां मौजूद कुछ मीडिया पर्सन व भाजपा कार्यकर्ताओं के  मोबाइल में रिकॉर्ड हो गई। बाद में "घर का भेदी लंका ढाए" की तर्ज पर यह रिकॉर्डिंग कांग्रेस नेताओं को भेजकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दी गई। जिसने भी उत्तेजना से भरे इस वीडियो को सुना वह भाजपा जिला अध्यक्ष की भाषा शैली पर आश्चर्यचकित होता नजर आया। इधर कांग्रेसियों के बीच यह वीडियो पहुंचते ही आक्रोष का माहौल निर्मित होते देर नहीं लगी। 

मंगलवार को शहर कांग्रेस अध्यक्ष यशपाल ठाकुर के नेतृत्व में एसपी ऑफिस पहुंचकर एक ज्ञापन सौंपा गया जिसमें भाजपा जिला अध्यक्ष सहित अन्य पदाधिकारियों पर एफ आई आर दर्ज किए जाने की मांग की गई। पुलिस अधिकारियों को भी वायरल वीडियो सुनाई गई जिसमें भाजपा जिला अध्यक्ष कांग्रेस को गालियां देते नजर आ रहे हैं।
 इसके बाद शाम को कोतवाली टी आई रविंद्र गौतम ने  मीडिया से चर्चा के दौरान बताया कि भाजपा जिला अध्यक्ष देवनारायण श्रीवास्तव सहित दर्जन भर लोगो पर धारा 294 के तहत गाली गलौज भाषा अमर्यादित भाषा का उपयोग करने का मामला दर्ज करके जांच में लिया गया है।

सार्वजनिक तौर पर होने वाले पुतला दहन प्रदर्शनों के दौरान यूं तो दोनों ही दलों के नेता कार्यकर्ता एक दूसरे के खिलाफ गाली गलौज अपशब्दों का प्रयोग करते रहते हैं। लेकिन यह पहला मौका है जब इस मामले में गाली गलौज का वीडियो बनने के बाद वायरल हुआ तथा इसकी शिकायत एसपी तक पहुंचने के बाद एफ आई आर भी हुई। वहीं इस मामले के बाद कुछ कांग्रेस नेताओं के भी अमर्यादित बयान सामने आए है। जो कि शहर के राजनैतिक सौहाद्र् के हिसाब से उचित नही कहे जा सकते। क्योंकि इस तरह के बयानों के बाद कल भाजपा नेता भी कांग्रेस के खिलाफ एफ आई आर की मांग को लेकर ज्ञापन प्रदर्शन कर सकते हैं।

शहर के राजनीतिक इतिहास में इस तरह की घटनाएं कम ही सामने आई है दोनों ही दलों के नेताओं को ऐसे मामलों में संयम का परिचय देना चाहिए तथा जिला भाजपा अध्यक्ष देवनारायण श्रीवास्तव द्वारा भले ही अति उत्साह में इस तरह की भाषा शैली का उपयोग कर दिया गया हो लेकिन मामला सार्वजनिक को जाने के बाद उन्हें नि संकोच खेद व्यक्त करना चाहिए। क्योंकि यह पूरा घटनाक्रम कहीं से भी उनकी राजनीतिक छवि से मेल नहीं खाता। अटल राजेंद्र जैन की रिपोर्ट

Post a Comment

0 Comments