सांसद के बयान पर कांग्रेस का पलटवार.. पुलिस प्रशासन को सूचना देकर किया था सांसद बंगला के बाहर पुतला दहन..!

 प्रेस कॉन्फ्रेंस कर खोला मोर्चा; एसपी से कार्रवाई की मांग

दमोह। दमोह सांसद राहुल सिंह के कांग्रेस कार्यकर्ताओं के प्रति कथित बयान को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी ने मोर्चा खोल दिया है। मंगलवार को जिला कांग्रेस कमेटी दमोह द्वारा प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित कर पूरे मामले में अपना पक्ष रखा गया और सांसद के कथित वक्तव्यों पर कड़ा विरोध दर्ज कराया गया। इस दौरान कांग्रेस पदाधिकारियों ने सांसद के बयान को गंभीर बताते हुए पुलिस अधीक्षक के नाम लिखित आवेदन सौंपा। 
आवेदन के माध्यम से मामले की निष्पक्ष जांच कराने तथा कथित वक्तव्यों के संबंध में उचित वैधानिक कार्रवाई करने की मांग की गई। कांग्रेस कमेटी ने स्पष्ट किया कि कार्यकर्ताओं के सम्मान और लोकतांत्रिक अधिकारों से जुड़े इस मामले में उचित कार्रवाई सुनिश्चित की जानी चाहिए। अब पूरे मामले में पुलिस प्रशासन की जांच और आगामी कार्रवाई पर नजर रहेगी।
पुलिस प्रशासन को सूचना देकर किया था सांसद बंगला के बाहर पुतला दहन- जिला कांग्रेस के महामंत्री एडवोकेट नितिन मिश्रा के अनुसार रीवा सांसद जनार्दन मिश्रा द्वारा हमारे अन्नदाताओं के खिलाफ नशेड़ी, गंजेडी जैसे अमर्यादित शब्दों का प्रयोग कर अपमानित किया गया था, जिससे हम सभी कांग्रेस परिवार एवं किसानों की भावनाओं को ठेस पहुंची थी। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार किसान कांग्रेस एवं जिला कांग्रेस के सभी कार्यकर्ता दिनांक 15.11.2026 को दोपहर 2ः30 बजे दमोह सांसद राहुल सिंह के कार्यालय के सामने शांतिपूर्ण तरीके से रीवा सांसद जनार्दन मिश्रा का पुतला दहन करने पहुंचे थे। जिसकी पूर्व सूचना हमारे द्वारा श्रीमान डिप्टी कलेक्टर, अति. पुलिस अधीक्षक  एच आर पांडेय, कोतवाली टी आई मनीष कुमार एवं तहसीलदार महोदय दमोह को दी गई थी। सूचना के आधार पर ही कार्यक्रम स्थल पर पुलिस बल एवं फायर ब्रिगेड पूर्व से ही मौजूद था।
यदि सरकार के मंत्री या सांसद किसी भी प्रकार के अमर्यादित शब्दों का इस्तेमाल कर किसी का अपमान करती हैं, तो लोकतंत्र में विपक्ष का दायित्व है कि वह गांधीवादी तरीके से अपना विरोध प्रदर्शन करे। दमोह सांसद राहुल सिंह द्वारा सत्यता की जांच किये बिना सोशल मीडिया के माध्यम से कहा गया कि कांग्रेस के लोगो से मैं कहना चाहता हूँ कि आप एक सप्ताह पहले से बताकर आईये तुम लोगो मे कितना दम है, हम निपटने के लिए तैयार हैं और मैंने सारे वीडियो देख लिए हैं और मुझे पता है कि किससे किस प्रकार निपटना है, मैं निपट लूंगा। सत्ता में बैठे एवं चुने हुये जन प्रतिनिधियों द्वारा इस प्रकार के झूठे एवं धमकी भरे वक्तव्य देने से आम जनता में असुरक्षा एवं भय का माहोल पैदा होता है, इससे कानून व्यवस्था बिगड़ती है एवं सामाजिक वैमनस्यता फैलती है। यदि कांग्रेस परिवार के सदस्यों के साथ भविष्य में किसी भी प्रकार की घटना घटित होती है, तो इसके लिए स्वयं दमोह सांसद राहुल सिंह एवं उनके समर्थक जिम्मेदार होंगे।
Reactions

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ