बांदकपुर में पेट्रोल पंप बंद होने से परेशान किसानों का कलेक्ट्रेट में प्रदर्शन.. पंप तुरंत चालू कराने या मोबाइल टैंकर सुविधा की मांग..

पेट्रोल पंप बंद होने से परेशान किसानों ने कलेक्ट्रेट पहुंचे
दमोह। खेती किसानी के पीक सीजन में दमोह जिले के बांदकपुर और आसपास के दर्जनों गांवों के किसानों पर बड़ा संकट खड़ा हो गया है। बांदकपुर का इकलौता पेट्रोल पंप बंद होने से नाराज किसानों ने शुक्रवार को कलेक्ट्रेट पहुंचकर जोरदार प्रदर्शन किया और कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपकर तत्काल पेट्रोल-डीजल की आपूर्ति बहाल करने की मांग की।
किसान हाकम सिंह लोधी ने बताया कि बांदकपुर में संचालित पेट्रोल पंप की लीज गत 30 सितंबर को समाप्त हो चुकी है। मंदिर ट्रस्ट कमेटी द्वारा लीज आगे न बढ़ाए जाने के बाद प्रशासन ने इस पंप को बंद कर दिया है। इस पंप के बंद होने से बांदकपुर, रियाना, मुंडारी, जुझार, हलगज, टिकरी पीपरिया, साहनी पिपरिया, बलायपुर, सलैया, बम्हौरी और हिनौता समेत करीब 25 से 30 गांवों के किसानों की मुश्किलें बढ़ गई हैं।
किसानों ने बताया कि पंप बंद होने के कारण अब उन्हें ईंधन के लिए 4 से 5 किलोमीटर दूर जाना पड़ रहा है। रास्ते में रेलवे लाइन पड़ती है और तीसरी लाइन शुरू होने के कारण फाटक अक्सर एक-एक घंटे बंद रहता है, जिससे समय और पैसा दोनों बर्बाद हो रहे हैं। बुवाई के इस अहम दौर में डीजल न मिलने से कृषि कार्य प्रभावित हो रहे हैं।
​किसानों नेबंद पेट्रोल पंप को तुरंत दोबारा चालू किये जाने, क्षेत्र में नया पेट्रोल पंप खोलने की अनुमति दी जाने, ​वैकल्पिक व्यवस्था के रूप में मोबाइल टैंकर के जरिए किसानों को डीजल-पेट्रोल उपलब्ध कराये जाने जैसी मांग की है। ज्ञापन सौंपने के दौरान बांदकपुर क्षेत्र के किसान बड़ी संख्या में मौजूद रहे, जिन्होंने चेतावनी दी है कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो उग्र आंदोलन किया जाएगा।
Reactions

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ