कामायनी एक्सप्रेस से यूपी का यात्री फिसला, जबलपुर रेफर.. महिला की मौत, झोला छाप पर आरोप.. पुलिस कॉम्बिंग गश्त में 55 वारंट तामील..

कामायनी एक्सप्रेस से दमोह स्टेशन पर यात्री फिसला

दमोह। कामायनी एक्सप्रेस से अपने घर यूपी जा रहे यात्री के साथ दमोह रेल्वे स्टेशन पर पानी पीने के लिए ट्रेन से उतरते समय दोनों पैर फिसल जाने से वह ट्रेन के नीचे फंस गया, जिससे उसके पैर पूरी तरह कटकर अलग हो गय और दूसरे पैर में गंभीर चोट आई। घटना सोमवार सुबह करीब 11 बजे की है। यात्री दमोह स्टेशन पर ट्रेन से उतरने का प्रयास कर रहा था, तभी अचानक पैर फिसला और वह ट्रैक में फंस गया। हादसे के बाद यात्री घटनास्थल पर तड़पता रहा।

बाद में आरपीएफ जवान अनिल यादव, एएसआई बीएल चौधरी, आरक्षक अशोक और जीआरपी चौकी प्रभारी सब इंस्पेक्टर जुम्मन शेख ने घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। घायल की पहचान संजय कुमार मिश्रा पिता केशवराव, निवासी रईयापुर, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे जबलपुर रेफर कर दिया है।

संदिग्ध परिस्थितियों में महिला की मौत, झोलाछाप डॉक्टर पर आरोप.. दमोह। जिले के हिंडोरिया थाना क्षेत्र के भदौली गांव में सर्दी-जुकाम का इलाज कराने गई 45 वर्षीय महिला फूलरानी पति दौलत पटेल की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिजनों ने गांव के ही एक झोलाछाप डॉक्टर पर गलत इंजेक्शन लगाने का आरोप लगाया है। महिला की मौत के बाद परिजनों ने संबंधित डॉक्टर के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
बताया जा रहा है फूलरानी पटेल को सर्दी-जुकाम की शिकायत थी। परिजन चूरामन पटेल के मुताबिक रविवार को महिला गांव के ही गोलू पटेल नामक डॉक्टर के पास इलाज कराने गई थीं। आरोप है कि वहां उन्हें दवाइयां देने के साथ इंजेक्शन भी लगाया गया। घर लौटने के बाद उनकी तबीयत बिगड़ने लगी।परिजनों का कहना है कि शाम को जब वे दोबारा संबंधित डॉक्टर के पास पहुंचे तो महिला की हालत गंभीर बताते हुए उन्हें जिला अस्पताल ले जाने की सलाह दी गई। इसके बाद परिजन फूलरानी को लेकर जिला अस्पताल पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। महिला की मौत से परिजनों में शोक का माहौल है।

 पुलिस कॉम्बिंग गश्त अभियान में 55 वारंट तामील..दमोह। जिले में कानून-व्यवस्था को चुस्त-दुरुस्त रखने एवं असामाजिक तत्वों पर नकेल कसने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक दमोह श्री आनंद कलादगि (भा.पु.से.) एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री सुजीत सिंह भदौरिया के मार्गदर्शन में दिनांक 25.10.2026 से 26.10.2026 की दरम्यानी रात जिले के समस्त थानों में विशेष पुलिस टीमें गठित कर एक साथ सघन कॉम्बिंग गश्त अभियान संचालित किया गया। कोम्बिंग गश्त में पूरे जिले में एक साथ की गई इस धरपकड़ कार्यवाही में पुलिस टीमों ने रातभर दबिश देकर कुल 20 स्थाई वारंट एवं 35 गिरफ्तारी वारंट तामील करते हुए कुल 55 वारंटियों को पकड़ने में सफलता हासिल की। 

अभियान के दौरान जिले भर के सक्रिय गुंडे और निगरानीशुदा बदमाशों की भी सघन चेकिंग की गई, जिसके अंतर्गत कुल 44 गुंडा बदमाशों एवं 21 निगरानी बदमाशों के संभावित स्थानों पर दबिश देकर उन्हें चेक किया गया व चेतावनी दी गई। समस्त थाना क्षेत्रों से अवैध शराब विक्रय /परिवहन पर आबकारी एक्ट के तहत कुल 20 प्रकरण दर्ज किए गए। 
थाना कोतवाली में आर्म्स एक्ट के तहत कुल 04 प्रकरण पंजीबद्ध किए गए। बीएनएसएस की धारा 126/135(3) में कुल 04 व्यक्तियों के विरुद्ध तथा धारा 170 बीएनएसएस के तहत कुल 02 व्यक्तियों के विरुद्ध निवारक कार्यवाही की गई।  जिले में कानून एवं सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने हेतु असामाजिक तत्वों, गुंडा-निगरानी बदमाशों एवं अवैध गतिविधियों के विरुद्ध इस प्रकार की सख्त व प्रभावी कार्यवाहियां निरंतर जारी रहेंगी।
Reactions

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ