टाइगर रिजर्व क्षेत्र में बाघ के हमले में युवक घायल
दमोह/ सागर। वीरांगना दुर्गावती टाइगर रिजर्व क्षेत्र में बाघ के हमले में एक युवक के घायल होने का घटनाक्रम सामने आने के बाद वन विभाग ने ग्रामीणों को सतर्क रहने को कहा है। सागर जिले के पटना मोहली गांव में खेत पर कार्य के दौरान हुई इस घटना के बाद वन विभाग ने निगरानी भी बढ़ा दी है वहीं माना जा रहा है कि बारिश शुरू होते ही बाघ के ठिकाने पर पानी की किचकिच हो जाने से वह गुस्से में है..वीरांगना दुर्गावती टाइगर रिजर्व के मोहली परिक्षेत्र अंतर्गत पटना मोहली गांव में सुदामा यादव नामक 32 वर्षीय युवक को आज 22 जून को प्रातः 06 बजे के लगभग उसके खेत में बाघ द्वारा हमला करके घायल कर दिया गया। श्री यादव के चिल्लाने पर समीप के गांव वाले आवाज करते हुए आए और उनकी आवाज से बाघ जंगल की ओर भाग गया। स्थानीय बीट गार्ड और अन्य वन कर्मियों द्वारा सुदामा को रहली शासकीय अस्पताल ले जाया गया। जहां उसका उपचार चल रहा है सुदामा को हाथ में और कमर में चोट आई है। उन्हें सागर जिला चिकित्सालय हेतु रेफर कर दिया गया है। पटना मोहली गांव मे मुनादी करके अन्य ग्रामीणों को भी सचेत रहने बाबत समझाइश दी जा रही है।
अब संभागीय अधिकारी करेंगे जिलों में दो भ्रमण.. दमोह। जिले में विभिन्न विभागों की अपेक्षानुरूप प्रगति नहीं होने और योजनाओं के क्रियान्वयन में आ रही बाधाओं को लेकर कलेक्टर प्रताप नारायण यादव ने संभागायुक्त सागर अनिल सुचारी को पत्र लिखकर स्थिति से अवगत कराया। कलेक्टर ने बताया कि समीक्षा बैठकों के दौरान यह सामने आया कि संभाग स्तर पर लंबित समस्याओं का समय पर निराकरण नहीं हो पा रहा है जिसके कारण शासन की योजनाओं का लाभ नागरिकों तक समय पर नहीं पहुंच रहा है।
कलेक्टर श्री यादव ने पत्र में उल्लेख किया कि कई विभागों में नियमित समीक्षा और प्रभावी मॉनिटरिंग के अभाव में कार्यों की प्रगति प्रभावित हो रही है। उन्होंने संभाग स्तर पर पदस्थ अधिकारियों को निर्देशित करने का आग्रह किया कि वे प्रत्येक माह कम से कम दो बार दमोह जिले का दौरा कर विभागीय कार्यों की समीक्षा करें तथा जिला प्रशासन को आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराएंए ताकि समस्याओं का त्वरित निराकरण सुनिश्चित किया जा सके।
इस संबंध में संभागायुक्त अनिल सुचारी ने सभी संभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे संभाग के प्रत्येक जिले में प्रतिमाह कम से कम दो भ्रमण अनिवार्य रूप से किए जाएं। भ्रमण के दौरान मैदानी क्षेत्रों का निरीक्षण कर योजनाओं की भौतिक प्रगति का आकलन किया जाए और जिला स्तर पर समीक्षा बैठक आयोजित की जाए जिसमें जिला एवं खंड स्तरीय अधिकारी शामिल हों। आयुक्त श्री सुचारी ने निर्देश दिए कि भ्रमण के दौरान संबंधित जिले के कलेक्टर से मुलाकात कर विभागीय कार्यों की प्रगति पर चर्चा की जाए तथा आवश्यक दिशा.निर्देश जारी किए जाएं। उन्होंने बताया संभाग स्तर पर आयोजित समीक्षा बैठकों में विभागीय प्रगति से जुड़े महत्वपूर्ण बिंदुओं को प्राथमिकता से शामिल किया जाएगा।


0 Comments