Ticker

6/recent/ticker-posts

पथरिया में 11 करोड़ के आधुनिक राजस्व भवन, सांगा में 65 लाख के उप-स्वास्थ्य केन्द्र का लोकार्पण.. भाजपा कार्यालय में नारी शक्ति वंदन अधिनियम प्रेस कांफ्रेस..

पथरिया में आधुनिक राजस्व भवन का लोकार्पण 

दमोह। यह 11 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित राजस्व भवन किसानों और ग्रामीणों के लिए वरदान साबित होगा। यहां पंजीयक कार्यालय तहसीलदार और एसडीएम एक ही छत के नीचे सेवाएं प्रदान करेंगे जिससे आसपास के गांवों के लोगों को एक ही जगह सभी सुविधाएं मिल सकेंगी। इस आशय के विचार प्रदेश के पशुपालन एवं डेयरी विभाग राज्यमंत्री लखन पटेल ने विकासखंड पथरिया में नवनिर्मित आधुनिक तहसील भवन के लोकार्पण के दौरान व्यक्त किये।

राज्यमंत्री श्री पटेल ने भवन निर्माण की गुणवत्ता की सराहना करते हुए सभी संबंधितों को बधाई दी और इसे किसानों की सुविधा के लिए समर्पित किया। उन्होंने बताया कि पथरिया में विकास कार्य निरंतर जारी हैं। सांसद राहुल सिंह जिला पंचायत अध्यक्ष रंजीता गौरव पटेल के सहयोग से दमोह जिले को नई ऊंचाइयों पर ले जाने का लक्ष्य है। राज्यमंत्री श्री पटेल ने पथरिया में केंद्रीय विद्यालय खुलने की अच्छी खबर साझा की। उन्होंने कहा कि सांसद राहुल सिंह के साथ केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से चर्चा हो चुकी है जिन्होंने जल्द प्रारंभ का आश्वासन दिया है। श्री पटेल ने कहा 16 से 18 अप्रैल के विशेष सत्र में सांसद दोबारा चर्चा करेंगेए जबकि 22.23 अप्रैल को वे स्वयं केंद्रीय मंत्री से मिलकर स्वीकृति सुनिश्चित करेंगे। उन्होने प्रतिबद्धता जताई कि स्वीकृति मिलते ही तीन महीने में भवन उपलब्ध कराया जाएगा। इसके लिए 40.50 लाख रुपये की व्यवस्था विभाग स्वयं करेगा ताकि क्षेत्र के छात्रों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिल सके।

सांसद राहुल सिंह लोधी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गुड गवर्नेंस नीति और मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव के नेतृत्व में राज्य को इंफ्रास्ट्रक्चर के क्षेत्र में अग्रणी बनाने का लक्ष्य तय किया गया है। उन्होने कहा नए तहसील भवन में एसडीएम तहसीलदार और रजिस्ट्री कार्यालय सहित सभी प्रमुख राजस्व सेवाओं को एक ही स्थान पर उपलब्ध कराया जाएगा। इससे आम नागरिकों को अलग.अलग कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। नए भवन के माध्यम से जमीन विवाद और अन्य राजस्व मामलों का समाधान अधिक सरल और सुलभ होगा।
जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि गौरव पटेल ने कहा कि बदलते समय के साथ हमें भी अपने कार्य और व्यवस्था को आधुनिक बनाना होगा। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के डिजिटल इंडिया विज़न का उल्लेख करते हुए कहा कि भारत को विश्व के अग्रिम पटल पर लाने के लिए हाई.टेक संसाधनों पर ध्यान देना जरूरी है पथरिया में राजस्व अधिकारियों के लिए अत्याधुनिक भवन को एक बड़ी उपलब्धि बताते हुए उन्होंने इसे क्षेत्र के विकास का नया आयाम बताया।

सांगा में 65 लाख के उप-स्वास्थ्य केन्द्र का लोकार्पण..  दमोह। जबेरा विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत मंडल तेंदूखेड़ा के ग्राम सांगा में 65 लाख रुपये की लागत से निर्मित नवनिर्मित उप-स्वास्थ्य केन्द्र का लोकार्पण एवं दोनी में 25 लाख रुपये की लागत से निर्माण होने वाले सामुदायिक भवन का मंत्री धर्मेन्द्र सिंह लोधी ने भूमिपूजन किया किया गया।

मंत्री ने कहां कि यह केवल एक भवन का उद्घाटन नहीं, बल्कि क्षेत्र की स्वास्थ्य सुविधाओं को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण और सराहनीय कदम है।अब तक इस क्षेत्र के ग्रामीणों को छोटी-बड़ी बीमारियों के इलाज के लिए दूर स्थित तेंदूखेड़ा या दमोह जाना पड़ता था। इससे न केवल समय की हानि होती थी, बल्कि आर्थिक रूप से भी लोगों पर अतिरिक्त बोझ पड़ता था। कई बार समय पर उपचार न मिलने के कारण मरीजों को गंभीर परिस्थितियों का सामना करना पड़ता था।
इस नवीन उप-स्वास्थ्य केन्द्र के शुरू होने से अब ग्राम सांग और आसपास के क्षेत्रों के नागरिकों को प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाएं अपने ही क्षेत्र में उपलब्ध होंगी।  सामुदायिक भवन से ग्रामवासियों को सामाजिक कार्यों के लिए सुविधा प्राप्त होगी कार्यक्रम में सांसद प्रतिनिधि श्री मूरत सिंह, मंडल अध्यक्ष संतकुमार पाल, पूर्व मंडल अध्यक्ष परम सिंह, सरपंच नितिन जैन, भाजपा जिला मंत्री विनीता कुलस्ते, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष अनीता सिंह, भागचंद जैन, लक्ष्मी नामदेव, पूर्व मंडल अध्यक्ष सोमनाथ सोनी, राजीव जैन, ठेकेदार दीपक नायक, सरपंच नीतू साहू, राजकुमार सिंह सहित बड़ी संख्या में अन्य जनप्रतिनिधिगण एवं क्षेत्रवासियों की उपस्थिति रही। 

नारी शक्ति वंदन अधिनियम से महिलाओं को मिला राजनीतिक सशक्तिकरण का नया अधिकार - पारूल साहू..  दमोह । नारी शक्ति वंदन अधिनियम को लेकर जिला भाजपा कार्यालय में पत्रकार वार्ता का आयोजन किया गया जिसे पूर्व विधायक श्रीमती पारूल साहू ने संबोधित किया।इस अवसर पर जिला उपाध्यक्ष श्रीमती सुमन उपाध्याय, जिला मंत्री श्रीमती श्यामा उरैती, श्रीमती सुधा सेन, श्रीमती विनीता परस्ते, जिला सह कोषाध्यक्ष श्रीमती कुसुम खरे, मीडिया प्रभारी प्रिंस जैन, सह मीडिया प्रभारी श्रीमती सिमरन जैन, अनुसूचित जनजाति मोर्चा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य श्रीमती अनीता सिंह एवं श्रीमती गिरजा साहू मंचासीन रहीं।
पारूल साहू ने कहा कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम केवल एक कानून नहीं, बल्कि वर्षों से लंबित उस संकल्प की पूर्ति है, जो महिलाओं की राजनीतिक भागीदारी को नई दिशा देगा। नारी शक्ति वंदन अधिनियम 2023 को भारतीय लोकतंत्र का ऐतिहासिक और क्रांतिकारी कदम बताते हुए कहा कि देश की आधी आबादी को अब उनका वास्तविक अधिकार मिला है, जो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सशक्त नेतृत्व में संभव हुआ है। अब महिलाएं केवल मतदाता नहीं, बल्कि नीति और नेतृत्व की केंद्रबिंदु बनेंगी। 33 प्रतिशत आरक्षण के साथ देश की राजनीति में एक नया अध्याय प्रारंभ हो रहा है, जिससे महिलाओं की भागीदारी बढ़ेगी और नीति-निर्धारण में उनकी अहम भूमिका सुनिश्चित होगी। यह अधिनियम वर्ष 2029 तक पूर्ण रूप से लागू हो जाएगा, जिसके बाद बड़ी संख्या में महिलाएं संसद और विधानसभाओं में पहुंचेंगी। पूर्ववर्ती सरकारों ने महिलाओं को केवल वोट बैंक के रूप में उपयोग किया, लेकिन ठोस निर्णय लेने का साहस नहीं दिखाया। प्रधानमंत्री मोदी ने दृढ़ इच्छाशक्ति के साथ इस विधेयक को पारित कराकर महिलाओं को वास्तविक सशक्तिकरण दिया है। जब मातृशक्ति सशक्त होती है, तब राष्ट्र भी सशक्त होता है। आज की महिलाएं आत्मनिर्भर हैं और राष्ट्र निर्माण में निर्णायक भूमिका निभाने के लिए तैयार हैं। अंत में, पारूल साहू ने इस ऐतिहासिक पहल के लिए प्रधानमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए सभी महिलाओं से राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी की अपील की।
नारी शक्ति वंदन अभियान के तहत विविध कार्यक्रम आयोजित.. नारी शक्ति वंदन अभियान के अंतर्गत आज मातृशक्ति द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उद्बोधन को लाइव प्रसारण के माध्यम से सामूहिक रूप से सुना गया। इस दौरान महिलाओं ने प्रधानमंत्री के विचारों से प्रेरणा लेते हुए संगठन को मजबूत बनाने और समाज में महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के दौरान आगामी गतिविधियों एवं कार्यक्रमों की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा की गई, जिसमें बूथ स्तर तक अभियान को प्रभावी बनाने की रणनीति तय की गई।
इसके उपरांत हस्ताक्षर अभियान का शुभारंभ भाजपा जिला अध्यक्ष श्री श्याम शिवहरे एवं सुरखी की पूर्व विधायक श्रीमती पारुल साहू की उपस्थिति में किया गया। इस अभियान के माध्यम से अधिक से अधिक महिलाओं को जोड़ने और उन्हें जागरूक करने का लक्ष्य रखा गया है। कार्यक्रम में जनपद अध्यक्ष श्रीमती प्रीति ठाकुर, जिला योजना समिति की सदस्य एवं पार्षद श्रीमती कविता राय, जिला उपाध्यक्ष श्रीमती सुमन उपाध्याय, श्रीमती श्यामा उरेती, श्रीमती सुधा सेन, श्रीमती कुसुम खरे, श्रीमती विनीता कुलस्ते, सिमरन जैन सहित भाजपा की अनेक महिला कार्यकर्ता उपस्थित रहीं। कार्यक्रम का समापन महिला सशक्तिकरण के प्रति दृढ़ संकल्प के साथ हुआ।

Post a Comment

0 Comments