Ticker

6/recent/ticker-posts

मानव अधिकार आयोग अध्यक्ष श्री सिंह.. यादव महासभा के शताब्दी वर्ष समारोह एवं सांस्कृतिक महोत्सव में शामिल हुए.. भगवान जागेश्वरनाथ के दर्शन किए, अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक..

समाज के सशक्तिकरण के लिए मानवाधिकार जरूरी-श्री सिंह
दमोह। शहर के किल्लाई नाका स्थित ग्वाल बाबा मंदिर प्रांगण में अखिल भारतवर्षीय यादव महासभा के शताब्दी वर्ष के अवसर पर एकता चेतना यात्रा एवं मिलन समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में समाज के विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में यादव समाज के लोग शामिल हुए। कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान श्रीकृष्ण और राधा के चित्र पर माल्यार्पण तथा दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। इसके बाद आयोजन समिति द्वारा अतिथियों का पुष्पमालाओं से स्वागत किया गया।

समारोह के मुख्य अतिथि मध्यप्रदेश राज्य मानवाधिकार आयोग के अध्यक्ष अवधेश प्रताप सिंह ने कहा शिक्षा के बिना समाज का विकास संभव नहीं है। उन्होंने भगवान श्रीकृष्ण का उदाहरण देते हुए कहा कि चुनौतियों के बीच संतुलन और एकता से ही बड़ी से बड़ी बाधाओं को पार किया जा सकता है। उन्होंने युवाओं से रचनात्मक कार्यों में अपनी ऊर्जा लगाने और समाज के उत्थान में योगदान देने का आह्वान किया।

उन्होंने बताया कि मानवाधिकार आयोग में लंबित मामलों के निराकरण के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं और पिछले दो.तीन महीनों में सड़क दुर्घटना सांप काटने डूबने व अन्य घटनाओं से जुड़े करीब एक करोड़ रुपये के लंबित भुगतान का निराकरण किया गया है। मुंगावली विधायक राव बृजेन्द्र सिंह यादव ने युवाओं को जागरूक रहने और समाज के विकास में भागीदारी निभाने की बात कही। छतरपुर विधायक ललिता यादव ने महिला जागरूकता समाज सुधार और कुरीतियों को समाप्त करने पर जोर दिया।
अन्य वक्ताओं ने भी शिक्षाए कृषि और व्यवसाय को बढ़ावा देने तथा युवाओं को अपराधों से दूर रहने की सलाह दी। कार्यक्रम में पूर्व सांसद लक्ष्मीनारायण यादव दमोह विधायक जयंत मलैया छतरपुर विधायक ललिता यादव पूर्व मंत्री हर्ष यादव तथा यादव महासभा के प्रदेश अध्यक्ष जगदीश यादव यादव महासभा के जिला अध्यक्ष कृष्णा यादव मुकेश यादव जयपाल यादव संजय यादव शैलू यादव मंजीत यादव सहित बड़ी संख्या में समाज के लोग मौजूद रहे। 

सांस्कृतिक महोत्सव एवं वंदे मातरम् सामूहिक गायन..  दमोह। संस्कृति मंत्रालय मध्यप्रदेश शासन के सहयोग से छात्र सर्व कल्याण समिति जिला द्वारा संस्था अध्यक्ष कृष्णा पटैल के नेतृत्व में बुंदेली सांस्कृतिक महोत्सव एवं वंदे मातरम का सामूहिक गायन कार्यक्रम का आयोजन प्रधानमंत्री कॉलेज आफ एक्सीलेंस शासकीय ज्ञानचंद्र श्रीवास्तव स्नातकोत्तर महाविद्यालय सभागार में राज्य मानवाधिकार आयोग के अध्यक्ष एवं मध्य प्रदेश विधानसभा के पूर्व प्रमुख सचिव अवधेश प्रताप सिंह के मुख्य आतिथ्य में संपन्न हुआ। कार्यक्रम के दौरान बुंदेलखंड के प्रसिद्ध लोकगीत गायक विजय तिवारी, वंदना शर्मा, चंद्रवती शर्मा, नितिन खरे और टीम द्वारा अनेक प्रस्तुतियां दी साथ ही सामूहिक वंदे मातरम् गायन शिवानी जैन, डोली कटहरे, दीक्षा राय, नैना तिवारी, अभिलाषा पांडे द्वारा किया गया।

कार्यक्रम में अतिथि के रूप में राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग अध्यक्ष डॉ. रामकृष्ण कुसमरिया, कलेक्टर सुधीर कोचर, जिला पंचायत उपाध्यक्ष डॉ. मंजू कटारे, दमोह जनपद अध्यक्ष प्रीति ठाकुर, पथरिया जनपद सदस्य संगीता श्रीधर, वरिष्ठ साहित्यकार नरेंद्र दुबे, केन्द्रीय विद्यालय पुस्तकालयाध्यक्ष साहित्यकार आनंद कुसुमरिया सहित अनेक गणमान्यजनों की उपस्थिति रही। कार्यक्रम के दौरान मानवाधिकार आयोग के अध्यक्ष अवधेश प्रताप सिंह का अनेक सामाजिक और स्वेच्छिक संगठनों द्वारा नागरिक अभिनंदन किया गया जिसमें गायत्री परिवार, करणी सेना परिवार टीम जीवन सिंह शेरपुर, विश्वकर्मा महिला मंडल, विश्व हिंदू परिषद, वूमेंस क्लब, स्वदेशी जागरण मंच, सीएमसीएलडीपी परामर्शदाता सहित अनेक प्रबुद्ध जनों ने नागरिक अभिनंदन किया कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्जवलित और मां सरस्वती की वंदना का गायन कर किया गया। राज्य मानवाधिकार आयोग के अध्यक्ष अवधेश प्रताप सिंह ने कहा कि वंदे मातरम के 150 वर्ष होने के उपलक्ष्य में यह बहुत ही उत्कृष्ट आयोजन है बुंदेलखंड की समृद्ध कला और संस्कृति को संवारने के लिए संस्था का सराहनीय प्रयास है आप सभी के द्वारा प्राप्त स्वागत सम्मान अकल्पनीय और अभूतपूर्व है इस हेतु में आप सभी का सदैव आभारी रहूंगा हमारे बुंदेलखंड की कला और संस्कृति अत्यंत समृद्ध और गौरवशाली है जिसे संरक्षित करने की आवश्यकता है..

राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग के अध्यक्ष डॉ रामकृष्ण कुसमरिया ने कहा कि हम सभी मानवाधिकार आयोग के नव नियुक्त अध्यक्ष अवधेश प्रताप सिंह का दमोह की पावन धरा पर स्वागत वंदन और अभिनंदन करते हैं एक लंबा प्रशासनिक अनुभव रहा है जो निश्चित रूप से अब आयोग के रूप में समाज को लाभान्वित करेगा । कलेक्टर सुधीर कुमार कोच ने कहा कि सूर्य की तरह दिव्यमान व्यक्तित्व आज हम सभी के बीच में आया है मैं सर का संपूर्ण जिले वासियों की ओर से स्वागत वंदन अभिनंदन करता हूं। इस दौरान वरिष्ठ साहित्यकार नरेंद्र दुबे एवं केंद्रीय विद्यालय पुस्तकालयाध्यक्ष आनंद कुसमरिया ने भी अपने विचार व्यक्त किय। अंत में सभी कलाकारों और सहयोगियों को प्रतीक चिन्ह देकर सम्मानित किया गया संचालन शिक्षक भूपेंद्र कुमार जैन ने किया, स्वागत भाषण आयोजन समिति के अध्यक्ष कृष्णा पटैल ने प्रस्तुत किया एवं आभार रोहित जैन ने व्यक्त किया। 

भगवान जागेश्वरनाथ के दर्शन किए..

दमोह। मध्य प्रदेश  राज्य  मानवाधिकार आयोग के अध्यक्ष श्री अवधेश प्रताप सिंह आज जिले के श्री जागेश्वर नाथ धाम बांदकपुर के दर्शन करने पहुंचे। उन्होंने श्री जागेश्वर नाथ धाम का पूजन अर्चन कियां।

अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक.. दमोह। मध्य प्रदेश मानवाधिकार आयोग के अध्यक्ष डॉ अवधेश प्रताप सिंह ने स्थानीय सर्किट हाऊस में जिला प्रशासन और अन्य विभागों के अधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक ली। इस अवसर पर कलेक्टर सुधीर कुमार कोचर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुजीत कुमार भदौरिया वनमंडल अधिकारी ईश्वर जरांडे जिला पंचायत सीईओ प्रवीण फुलपगारे तहसीलदार रॉबिन जैन नगरपालिका सीएमओ राजेंद्र सिंह लोधी टीआई मनीष कुमार सहित अन्य अधिकारियों की मौजूदगी रही।

मानवाधिकार आयोग अध्यक्ष डॉ सिंह ने कहा कि शासन प्रशासन और मानवाधिकार आयोग की संयुक्त जिम्मेदारी है आम नागरिकों के अधिकारों का संरक्षण सुनिश्चित किया जाए और उन्हें विकास योजनाओं का पूरा लाभ मिले। बैठक में पेयजल की गुणवत्ता और आपूर्ति व्यवस्था की समीक्षा करते हुए गुणवत्ता युक्त आपूर्ति सुनिश्‍चित करने के निर्देश दिए। मानवाधिकार आयोग में लंबित मामलों की सूची जिला कलेक्टर सुधीर कुमार कोचर को सौंपी और जिला प्रशासन एवं शिक्षा विभाग से संबंधित मामलों में आवश्यक जानकारी शीघ्र आयोग को भेजने के निर्देश दिए। डॉ सिंह ने कहा पुलिस प्रशासन से जुड़े मुद्दों पर भी चर्चा हुई और संबंधित अधिकारियों ने उन पर त्वरित कार्रवाई का आश्वासन दिया। उन्होंने हाल ही में अतिवृष्टि और ओलावृष्टि से प्रभावित किसानों की स्थिति की भी समीक्षा की। इस संबंध में जिला कलेक्टर ने वस्तुस्थिति से अवगत कराया। 


Post a Comment

0 Comments