Ticker

6/recent/ticker-posts

सुप्रसिद्ध गायिका आशा वैष्णव की भक्तिमय प्रस्तुति से तृतीय नोहलेश्वर महोत्सव का रंगारंग समापन.. यह महोत्सव आयोजन नहीं, बल्कि सेवा, समर्पण, अनुशासन का जीवंत उदाहरण है - मंत्री धर्मेन्द्र सिंह

नोहलेश्वर महोत्सव रोमांच उत्साह का संगम- सत्येंद्र सिंह 

दमोह। तृतीय नोहलेश्वर महोत्सव 2026 के अंतिम दिवस महाशिवरात्रि के अवसर पर भव्य सांस्कृतिक संध्या के साथ समापन हुआ, कार्यक्रम का शुभारंभ प्रथम पूज्य श्री गणेश जी की वंदना के साथ हुआ। संस्कृति, पर्यटन, धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व विभाग के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) धर्मेन्द्र सिंह लोधी के मार्गदर्शन तथा महोत्सव संयोजक सत्येंद्र सिंह के कुशल नेतृत्व में आयोजित यह आयोजन जनसैलाब से खचाखच भरा रहा।

महोत्सव के अंतिम दिवस सुप्रसिद्ध गायिका आशा वैष्णव ने अपनी सुरमयी और भावपूर्ण प्रस्तुति से वातावरण को भक्तिमय की भावना से ओतप्रोत कर दिया। उन्होंने शिव भक्ति, राष्ट्रप्रेम और लोकसंस्कृति पर आधारित अपने लोकप्रिय भजनों एवं गीतों की ऐसी श्रृंखला प्रस्तुत की कि श्रोता देर रात तक मंत्रमुग्ध रहे। जैसे ही उनके स्वर गूंजे, पूरा पंडाल तालियों और जयकारों से गूंज उठा। उनकी मधुर आवाज़, प्रभावशाली मंच संचालन और ऊर्जावान प्रस्तुति ने महोत्सव को चरम उत्साह तक पहुँचा दिया। कई श्रोता भावविभोर होकर खड़े हो गए और मोबाइल की रोशनी से पूरे परिसर को आलोकित कर दिया। आशा वैष्णव की प्रस्तुति ने नोहटा की पावन धरा पर एक अविस्मरणीय सांस्कृतिक छाप छोड़ी।

राज्यमंत्री धर्मेन्द्र सिंह लोधी ने कहा कि नोहलेश्वर महादेव की पावन नगरी में आयोजित यह महोत्सव केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि सेवा, समर्पण और अनुशासन का जीवंत उदाहरण है। उन्होंने कहा कि हमारे युवा साथियों ने दस दिनों तक एक योद्धा की तरह व्यवस्था, स्वच्छता, सुरक्षा और संचालन की जिम्मेदारी निभाई। बिना किसी अपेक्षा के सेवा भाव से कार्य करना ही सच्ची राष्ट्र और समाज सेवा है। आप सभी की ऊर्जा और अनुशासन ही महोत्सव की वास्तविक शक्ति है। 

मंच से समर्पित वॉलेंटियर्स का सम्मान किया गया, जो पिछले दो वर्षों से निरंतर महोत्सव की व्यवस्थाओं में अपना अमूल्य योगदान दे रहे हैं। महोत्सव संयोजक सत्येंद्र सिंह ने कहा कि इस वर्ष नोहलेश्वर महोत्सव में आस्था के साथ-साथ रोमांच और आधुनिक आकर्षणों का भी समावेश किया गया है। कार राइड, हॉट एयर बैलून, फायर पान और जंपिंग जोन जैसे आकर्षणों ने बच्चों, युवाओं और वरिष्ठजनों के लिए विशेष उत्साह का वातावरण बनाया।

उन्होंने कहा कि आसमान की ऊँचाइयों से महोत्सव की भव्यता निहारना हो या जंपिंग जोन में उत्साह की छलांग लगाना हर पल ऊर्जा और आनंद से भरपूर है। नोहलेश्वर महोत्सव अब केवल आस्था का पर्व नहीं, बल्कि मनोरंजन और सांस्कृतिक उल्लास का भी अद्भुत संगम बन चुका है। कार्यक्रम समापन के अवसर पर मंत्री लोधी के पिता भाव सिंह लोधी एवं अनुज नित्येन्द्र सिंह लोधी ने प्रसिद्ध गायिका आशा वैष्णव एवं उनकी टीम का सम्मान करते हुए प्रस्तुति की सराहना की एवं सभी कलाकारों का आभार व्यक्त किया।

महोत्सव के मीडिया प्रभारी राहुल कुमार जैन ने महोत्सव की खबरों को जन जन तक पहुचाने बाले समस्त पत्रकार बंधुओं का हृदय से आभार व्यक्त किया और कहा महोत्सव को सफल बनाने में और इस भव्यता तक पहुचाने में मीडिया जगत का योगदान सराहनीय है।

 तृतीय नोहलेश्वर महोत्सव ने यह सिद्ध कर दिया कि जब भक्ति, राष्ट्रभाव, युवा ऊर्जा और सांस्कृतिक समर्पण एक मंच पर आते हैं, तो वह आयोजन केवल कार्यक्रम नहीं रहता वह जन भागीदारी का महापर्व बन जाता है। नोहटा की पावन धरती पर सजा यह महोत्सव आने वाले वर्षों में और भी अधिक भव्यता एवं जनसहभागिता के साथ नई ऊँचाइयाँ छुएगा।



Post a Comment

0 Comments