हत्या की आशंका के बाद शव रखकर प्रदर्शन
दमोह। पटेरा थाना के शिकारपुरा गांव में पंचायत चुनाव की रंजिश के चलते पिछले हफ्ते एक व्यक्ति की गोली मार कर हत्या कर दी गई थी। मृतक के बड़े भाई का शव संदिग्ध हालत में मिलने पर परिजनों द्वारा हत्या की आशंका जताते हुए हत्या का मामला दर्ज करने की मांग को लेकर शव रखकर प्रदर्शन किया गया। जिससे हिंडोरिया पटेरा मार्ग पर देर तक जाम के हालत बने रहे। इस दौरान पुलिस पर भी आरोपी पक्ष से मिली भगत एवं लेनदेन के आरोप लगाते हुए एसपी से पुलिस की भूमिका की भी जांच की मांग की गई है..
चका जाम प्रदर्शन की सूचना मिलने पर ASP तहसीलदार सहित पुलिस प्रशासन के अधिकारियों ने मौके पर पहुंच कर परिजनों को जांच उपरांत कार्रवाई का भरोसा दिलाया उसके बाद यह प्रदर्शन समाप्त हुआ तथा शव को ले जाकर अंतिम संस्कार किया गया। उल्लेखनीय है कि सरपंच आनंदी लोधी के चचेरे भाई देवेंद्र लोधी की गोली मारकर हत्या के आरोपी मोती लोधी को पूर्व में ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।
इस मामले में मृतक के परिजनो ने गनपत मोहित और उमेश को भी आरोपी बनाने की मांग की थी। लेकिन पुलिस द्वारा उनके खिलाफ कार्रवाई नहीं किए जाने और कल बड़े भाई दशरथ की भी मौत हो जाने पर गुस्साए परिजनों ने नारेबाजी के साथ प्रदर्शन के दौरान पुलिस पर भी आरोपी पक्ष से मिली भगत एवं लेनदेन के आरोप लगाते हुए एसपी से पुलिस की भूमिका की भी जांच की मांग की है। परिजनों का आरोप है कि इन्होंने ही मिलकर अब देवेंद्र की हत्या के बाद उसके बड़े भाई दशरथ लोधी की हत्या की है, इन्हें गिरफ़्तार किया जाए। वही गांव के कुछ लोगों का कहना है कि शुक्रवार शाम खेत पर अचानक अटैक आने से दशरथ की सांसे थम गई थी। इस दौरान कुछ अन्य लोग भी मौजूद थे लेकिन बाद में इस को पहले की हत्या वाले मामले से जोड़ दिया गया..! हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का पता लग सकेगा..


0 Comments