Ticker

6/recent/ticker-posts

रीवा के सिविल लाइन थाने में उप निरीक्षक ने थाना प्रभारी को गोली मारी.. सीने में गोली लगने से टीआई हितेंद्र शर्मा की हालत नाजुक.. मिनर्वा हॉस्पिटल में इलाज जारी, वरिष्ठ अधिकारी अस्पताल पहुंचे..

 रीवा में उपनिरीक्षक ने थाना प्रभारी को गोली मारी.. 

रीवा। मप्र के रीवा में गुरुवार दोपहर सनसनीखेज घटना क्रम सामने आया है। सिविल लाइन थाना प्रभारी को उनके साथी उपनिरीक्षक द्वारा चेंबर में घुसकर गोली मार दिए जाने से पूरे शहर में हड़कंप के साथ अफरा तफरी का माहौल व्याप्त है। घायल थाना प्रभारी को मिनर्वा अस्पताल पहुंचाया गया है। जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है। जानकारी लगते ही डीआईजी एसपी सहित पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारी भी हॉस्पिटल पहुंच गए है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार रीवा के सिविल लाइन थाना प्रभारी हितेंद्र नाथ शर्मा को थाने में पदस्थ उपनिरीक्षक बीआर सिंह द्वारा रिवाल्वर फायर करके गोली मार दी गई। यह घटनाक्रम गुरुवार दोपहर सामने आया है। थाने में गोली चलने की आवाज सुनते ही स्टाफ के अलावा लोगों की भीड़ लग गई। तत्काल ही घायल थाना प्रभारी को उनके चेंबर से उठाकर नजदीकी मिनर्वा हॉस्पिटल पहुंचाया गया। 

 सीने में गोली लगने से गंभीर थाना प्रभारी हितेंद्र नाथ शर्मा की हालत नाजुक बनी हुई है। फिलहाल उनका प्राथमिक उपचार किया जा रहा है। जानकारी लगते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी हॉस्पिटल पहुंच गए हैं। फिलहाल विवाद की वजह साफ तौर पर सामने नहीं आ सकी है। मामले में विस्तृत जानकारी का इंतजार किया जा रहा है। सिविल लाइन थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े हुए घटनाक्रम से अफरातफरी के साथ सनसनी का माहौल बना हुआ है वही चर्चाओं का बाजार भी सरगर्म है।

Post a Comment

0 Comments