Ticker

6/recent/ticker-posts

पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा.. मप्र में गजब ढा रही है चूहे से शेर बनी.. कांग्रेस की लंगड़ी लूली सरकार..

पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान जमकर गरजे-
दमोह। लोकसभा चुनाव प्रचार थमने की उल्टी गिनती शुरू होने के पहले दमोह संसदीय क्षेत्र में चुनाव प्रचार भीषण गर्मी में उफान पर है। बुधवार को दमोह संसदीय क्षेत्र के सिग्रामपुर,बंडा, गौरझामर आदि विभिन्न क्षेत्रों में पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने अन्य नेताओं के साथ भाजपा प्रत्याशी प्रहलाद सिंह पटेल के समर्थन में जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने अपनी चिर परिचित शैली में मप्र की कांग्रेस सरकार पर निशाना साधने में कोई कोर कसर नहीं छोड़ी।
दमोह जिले के सिग्रामपुर में जनसभा को संबोधित करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान कुछ अलग ही अंदाज में नजर आए। श्री चौहान ने कमलनाथ कांग्रेस सरकार को लंगडी लूली सरकार बताते हुए कहा कि जनता की मेहरबानी से चूहा से शेर बन गई मप्र सरकार को कुछ ही दिनों का मेहमान बताया। चूहे से शेर बन जाने की जातक कथा सुनाते हुए पूर्व मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि बिल्ली के डर से एक सन्यासी के आश्रम में छिप गए चूहे पर दया करके चूहे को संत ने बिल्ली बना दिया। बाद में बिल्ली को कुत्ते से भयभीत देख कर कुत्ता बना दिया ऐसे करते करते चूहा शेर बन गया। 
शेर बनते ही चूहे के दिमाग में आया सन्यासी उसकी असलियत जानता है इसलिए उसने सन्यासी को खाने का मन बना लिया। परंतु सन्यासी ने उसके मन की बात जान ली और शेर को वापस चूहा बना दिया। कमलनाथ सरकार भी जनता की दया से ऐसे ही चूहा से शेर बन गई है। और सत्ता में आने के बाद जनता को ही खाने की नियत बना रही है। यह लूली लंगड़ी सरकार जल्द ही गिर जाएगी।
इस मौके पर केंद्रीय मंत्री और भाजपा प्रत्याशी प्रह्लाद पटेल, मण्डला सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते, पूर्व सांसद चंद्रभान सिंह, पूर्व मंत्री जयंत मलैया, दशरथ सिंह, विधायक धर्मेन्द्र लोधी, जालम सिंह पटेल जिला भाजपा अध्यक्ष देव नारायण श्रीवास्तव भाजपा पदाधिकारियों की नेताओं की मौजूदगी रही। अटल राजेन्द्र जैन की रिपोर्ट

Post a Comment

0 Comments