शराब छुड़ाने की दवा पीने से दो की मौत, पांच गंभीर
भोपाल। मप्र के बैतूल जिले के चिचोली थाना क्षेत्र के पाटाखेड़ा गांव में शराब की लत छुड़ाने के नाम पर दी गई कथित जड़ी-बूटी से दो लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच से छह लोगों की हालत गंभीर बनी हुई है। बताया जा रहा है कि शराब की लत छोड़ने के लिए कुछ लोग बाबा रमेश उइके के पास पहुंचे थे। बाबा ने सभी को पानी में कोई तरल पदार्थ मिलाकर पिलाया था। इसे पीने के कुछ ही देर बाद लोगों को उल्टी-दस्त शुरू हो गए और उनकी तबीयत बिगड़ने लगी। देखते ही देखते कई लोगों की हालत गंभीर हो गई। दो लोगों ने दम तोड़ दिया।
घटना के बाद चिचोली में प्राथमिक उपचार के बाद पांच से छह मरीजों को बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर किया गया। पीड़ितों का कहना है कि कथित दवा का सेवन करने के तुरंत बाद उनकी तबीयत बिगड़ी थी। हालांकि, उस तरल पदार्थ में कौन सा रासायनिक या जहरीला तत्व मौजूद था, इसका खुलासा जांच और रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने बाबा रमेश उइके और उसके दो सेवादारों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अधीक्षक अमित सक्सेना ने गांव पहुंचकर बाबा के आश्रम की जांच-पड़ताल की और वहां से कुछ सामग्री जब्त की है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि बाबा के आश्रम से दवा लेने वाले लोग फिलहाल उसका सेवन बिल्कुल न करें। यदि किसी ने दवा पी है तो तत्काल डॉक्टर से स्वास्थ्य परीक्षण करवाएं। दोनों मृतकों के शवों का गुरुवार को पोस्टमार्टम कराया जाएगा। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।


.jpg)


0 टिप्पणियाँ