जबलपुर हाईवे पर शराब के नशे में यूपी का ट्रक चालक पकड़ा.. इधर दमोह में एक साथ 58 शराब दुकानों की जाँच में अनियमितताओं की भरमार..

जबलपुर हाईवे पर शराब के नशे में चालक पकड़ा

दमोह। सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित कराने के उद्देश्य से जबेरा पुलिस द्वारा लगातार चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत पुलिस ने शराब पीकर ट्रक चलाने वाले एक चालक के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए ट्रक को जब्त किया है।  शनिवार को थाना प्रभारी विकास सिंह चौहान के नेतृत्व में पुलिस टीम द्वारा थाना क्षेत्र में वाहनों की सघन चेकिंग की जा रही थी।इसी दौरान ट्रक क्रमांक UP 78 DT 2909 को रोककर जांच की गई। वाहन चालक सुर्जन यादव (28 वर्ष), पिता संतोष यादव, निवासी नारायणपुर, थाना भरुआ सुमेरपुर, जिला हमीरपुर (उत्तर प्रदेश) के व्यवहार पर संदेह होने पर पुलिस ने उसे ब्रीथ एनालाइजर मशीन से जांच के लिए थाने लाया।
जांच के दौरान चालक के शरीर में अल्कोहल (शराब) की मात्रा निर्धारित कानूनी सीमा से अधिक पाई गई। इसके बाद जबेरा पुलिस ने तत्काल ट्रक को जब्त कर चालक के विरुद्ध धारा 185 मोटर व्हीकल एक्ट के तहत मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की। प्रकरण को अग्रिम कार्रवाई के लिए माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा। थाना प्रभारी विकास सिंह चौहान ने वाहन चालकों से अपील की है कि यातायात नियमों का पूरी तरह पालन करें और शराब पीकर किसी भी परिस्थिति में वाहन न चलाएं। ऐसा करना स्वयं के साथ-साथ सड़क पर चलने वाले अन्य लोगों की जान के लिए भी गंभीर खतरा बन सकता है। पुलिस का चेकिंग अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। कार्रवाई में थाना प्रभारी जबेरा विकास सिंह चौहान, उपनिरीक्षक माधव प्रसाद राय, आरक्षक 215 आकाश साहू, आरक्षक 450 प्रवीण पटेल सहित थाना जबेरा पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका रही।

 दमोह में एक साथ 58 शराब दुकानों की सघन जाँच.. दमोह। शासन के निर्देशों एवं आमजन के स्वास्थ्य को दृष्टिगत रखते हुए जिला प्रशासन द्वारा एहतियात के तौर पर पूर्ण सावधानी बरतते हुए जिले में संचालित सभी 58 मदिरा दुकानों की एक साथ औचक जाँच कराई गई। कलेक्टर प्रताप नारायण यादव ने बताया गठित 58 दलों द्वारा यह सघन कार्रवाई सुनिश्चित की गई है ताकि शासन के नियमों का पूर्ण पालन हो सके और आमजन प्रभावित न हों।

पाई गई अनियमितताएँ.. इस व्यापक जाँच अभियान के दौरान यह सुनिश्चित किया गया कि शासन के निर्देशों का सही ढंग से पालन हो रहा है या नहीं। जाँच रिपोर्ट के अनुसार तेजगढ़ दुकान से 49 पेटी मदिरा बिना उस बैच के परमिट के जप्त की गई है जिस बैच की शराब वहाँ रखी जानी थी। सबसे सकारात्मक बात यह रही कि जिले में कोई भी मदिरा आबकारी एड्रेसएबल लेवल क्यूआर कोड के बिना नहीं पाई गई है अर्थात सभी मदिरा आबकारी विभाग द्वारा जारी परमिट के अनुसार ही दुकानों में पाई गई और कोई भी संदिग्ध मदिरा दुकानों में नहीं मिली।

जाँच के दौरान 3 दुकानों में निर्धारित साइनबोर्ड नहीं पाए गए 7 दुकानों में विक्रेता का नौकरनामा नहीं मिला 17 दुकानों में निरीक्षण पुस्तिका संधारित नहीं पाई गई 16 दुकानों में दैनिक विक्रय पंजी संधारित नहीं मिली 10 दुकानों में पंजी अनुसार संग्रहण नहीं पाया गया 2 दुकानों में परमिट फाइल संधारित नहीं मिली और 4 दुकानों में संग्रहित मदिरा का बैच परमिट के अनुसार नहीं पाया गया।
आगे की वैधानिक कार्रवाई.. जाँच के दौरान पाई गई कमियों और अनियमितताओं को लेकर संबंधितों को नोटिस जारी किए जा रहे हैं और जवाब मिलने पर नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। जिला प्रशासन का स्पष्ट प्रयास है कि जिले में शासन के नियमों का पूर्णतः पालन हो तथा किसी भी प्रकार की संदिग्ध या अवैध मदिरा का विक्रय न होने पाए जिससे आम जनता के स्वास्थ्य और व्यवस्था पर कोई प्रतिकूल प्रभाव न पड़े। 

Reactions

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ