बकाया वेतन ब्याज सहित दिलाने के निर्देश
दमोह कलेक्टर प्रताप नारायण यादव ने जिला अस्पताल के निरीक्षण के दौरान आउटसोर्स के माध्यम से कार्यरत सुरक्षा गार्डों सफाई कर्मचारियों एवं अन्य कर्मियों के वेतन भुगतान में अनियमितताओं पर कड़ा रुख अपनाया। उन्होंने कहा शासन द्वारा निर्धारित न्यूनतम वेतन का पूरा भुगतान किया जा रहा है लेकिन कर्मचारियों तक उसका लाभ नहीं पहुंच रहा है जो गंभीर मामला है।
निरीक्षण के दौरान सुरक्षा गार्डों ने बताया कि उन्हें एजेंसी द्वारा कभी 6 हजार कभी 7 हजार और कभी 8 हजार रुपये का भुगतान किया जाता है जबकि निर्धारित कलेक्टर रेट के अनुसार लगभग 12 हजार रुपये वेतन मिलना चाहिए। इस पर कलेक्टर श्री यादव ने तत्काल श्रम अधिकारी को बुलाकर कर्मचारियों के बयान दर्ज कराने एवं प्रकरण तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कर्मचारियों को जितने समय से कम वेतन दिया गया है उसकी पूरी बकाया राशि ब्याज सहित दिलाई जाएगी तथा संबंधित एजेंसी के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
कलेक्टर श्री यादव ने कर्मचारियों से ड्यूटी के घंटों की जानकारी लेते हुए कहा कि उनसे केवल आठ घंटे कार्य लिया जाना चाहिए। इसके साथ ही भोजन अवकाश और सप्ताह में एक दिन का साप्ताहिक अवकाश भी मिलना अनिवार्य है। उन्होंने कहा किसी भी स्थिति में श्रमिकों का शोषण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जिला अस्पताल में वर्तमान में 34 सुरक्षा कर्मी 102 सफाई कर्मी तथा 2 हेल्प डेस्क कर्मी सहित कुल 138 आउटसोर्स कर्मचारी कार्यरत हैं।श्रम विभाग ने एसडीएम की मौजूदगी में शुरू की कार्यवाही.. एसडीएम और श्रम विभाग के अधिकारियों ने कार्यरत आउटसोर्स कर्मचारियों से कथन आदि प्रक्रिया तत्काल शुरू की। आउटसोर्स कर्मचारी कलेक्टर से मिलने के बाद बेहद खुश नजर आये वे कह रहे थे अब तो अपनी दिवाली हो जायेगीए बकाया हजारो रूपये मिलेगे और हर माह मिलने वाला मानदेय भी करीब डबल हो जायेगा।
स्टॉफ नर्स द्वारा विकसित पार्क की सराहना.. निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने जिला अस्पताल परिसर में स्टाफ नर्सों द्वारा अपने अतिरिक्त समय में विकसित किए गए उद्यान का अवलोकन कर सराहना करते हुए कहा ऐसे प्रयास अस्पताल का वातावरण बेहतर बनाते हैं और सभी को संतुष्टि का अनुभव कराते हैं। उन्होंने कहा अस्पताल की व्यवस्थाओं में लगातार सुधार हो रहा है तथा चिकित्सक और समस्त स्टाफ पूरी मेहनत से कार्य कर रहे हैं।कलेक्टर श्री यादव ने सभी चिकित्सकों से सिविल सर्जन को पूर्ण सहयोग देने की अपील करते हुए कहा कि अस्पताल में 300 बिस्तरों की क्षमता के बावजूद औसतन 400 मरीज भर्ती रहते हैं। स्टॅाफ की कमी के कारण कई बार सेवाओं में विलंब हो जाता हैए ऐसे में सभी के सहयोग और धैर्य से ही व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाया जा सकता है।
कलेक्टर ने बच्चो को पिलाई पल्स पोलियो दवा.. दमोह कलेक्टर प्रताप नारायण यादव ने जिला अस्पताल में नन्हें बच्चो को पल्स पोलियो दवा पिलाई और को टॉफी भी दी। इस अवसर पर एसडीएम सौरभ गंधर्व मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ राकेश राय सिविल सर्जन डॉ प्रहलाद पटेल और जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ विक्रांत चौहान सहित अन्य चिकित्सक मौजूद रहें।
कलेक्टर श्री यादव ने जिलेवासियों से अपील करते हुए कहा कि पल्स पोलियो अभियान के तहत 0 से 5 वर्ष तक के सभी बच्चों को पोलियो की खुराक अवश्य पिलाई जाए। जिले में कुल 160204 बच्चों का आकलन किया गया है और सभी बच्चों तक दवा पहुंचाने के लिए1339 पोलियो बूथ स्थापित किए गए हैं। इसके साथ ही 45 मोबाइल वैन भी संचालित की जा रही हैं ताकि कोई भी बच्चा पोलियो की दवा से वंचित न रहे। रेलवे स्टेशन बस स्टैंड और मेला स्थलों जैसे सार्वजनिक स्थानों पर भी विशेष पोलियो बूथ बनाए गए हैं जिससे यात्रा कर रहे परिवारों के बच्चों को भी दवा पिलाई जा सके। यदि किसी कारणवश कोई बच्चा अभियान के दिन छूट जाता है तो स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर.घर जाकर उसे पोलियो की खुराक पिलाएंगी।


0 टिप्पणियाँ