Ticker

6/recent/ticker-posts

मिट्टी के लाल अमजद अली को ट्रेनिंग पर रवाना होने से पहले मिला जन आशीर्वाद.. इधर सैडारा के शिवराम चढ़ार को बकस्वाहा थाना में पैरालीगल वॉलेंटियर की जिम्मेदारी..

अमजद अली को ट्रेनिंग से पहले मिला जनआशीर्वाद
दमोह।  किसी भी गांव और क्षेत्र के लिए इससे बड़ा गौरव का क्षण नहीं हो सकता, जब वहां का एक युवा देश सेवा के लिए सेना की वर्दी पहनने की ओर कदम बढ़ाए। ऐसा ही गौरवान्वित पल उस समय देखने को मिला जब तेजगढ़ क्षेत्र के होनहार युवा अमजद अली के टेरिटोरियल आर्मी में चयन होने पर ट्रेनिंग के लिए रवाना होने से पहले सम्मान एवं शुभकामना कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने अमजद अली का फूल-मालाओं से स्वागत कर उनका सम्मान किया। पूरे माहौल में गर्व, उत्साह और भावुकता साफ दिखाई दे रही थी। हर किसी की जुबान पर यही बात थी कि गांव का बेटा अब देश की सेवा करेगा। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए थाना प्रभारी अरविन्द सिंह लोधी ने कहा कि आज के समय में युवाओं का सेना और सुरक्षा सेवाओं की ओर बढ़ना समाज और देश के लिए बेहद सकारात्मक संदेश है। उन्होंने कहा कि अमजद अली ने मेहनत, अनुशासन और संघर्ष के दम पर यह मुकाम हासिल किया है, जो क्षेत्र के अन्य युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बनेगा।
इस अवसर पर महेन्द्र दीक्षित ने कहा कि छोटे गांवों और कस्बों में रहने वाले युवाओं के सपने भी बड़े होते हैं। यदि लक्ष्य स्पष्ट हो और मेहनत सच्ची हो तो सफलता जरूर मिलती है। अमजद अली ने यह साबित कर दिया है कि सीमित संसाधनों के बावजूद मेहनत से हर मंजिल हासिल की जा सकती है। मनोहर सिंह लोधी ने कहा कि अमजद अली का चयन केवल उनके परिवार की नहीं बल्कि पूरे क्षेत्र की उपलब्धि है। जब गांव का कोई बेटा सेना में जाता है तो पूरे समाज का सम्मान बढ़ता है। उन्होंने कहा कि अमजद की सफलता आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करेगी और क्षेत्र के युवाओं में नई ऊर्जा का संचार करेगी।  हाल ही में दीपेश झारिया पिता संतोष झारिया का चयन मध्यप्रदेश पुलिस में हुआ था, वहीं विकास सिंह पिता झाम सिंह का चयन अग्निवीर के रूप में हुआ। अब अमजद अली के टेरिटोरियल आर्मी में चयन ने क्षेत्र के युवाओं में नया जोश और प्रेरणा भर दी है।
ग्रामीणों ने कहा कि यह समय क्षेत्र के लिए गर्व का है, जहां गांव के युवा लगातार सेना और सुरक्षा सेवाओं में चयनित होकर अपने परिवार और क्षेत्र का नाम रोशन कर रहे हैं इस अवसर पर पूर्व सरपंच फरमान खान गुड्डू, भोजराज कोष्टि, हरिश्चन्द्र नामदेव, साबिर, दर्शन, राजा सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रीय नागरिक एवं युवा उपस्थित रहे। सभी ने अमजद अली को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य और सफल प्रशिक्षण की कामना की। संचालन गौरी शोएब पठान द्वारा किया गया। कार्यक्रम के अंत में सभी अतिथियों एवं नागरिकों ने अमजद अली का सम्मान कर उन्हें देश सेवा के इस नए सफर के लिए शुभाशीष प्रदान किया।
सैडारा के शिवराम चढ़ार को मिली बड़ी जिम्मेदारी, बकस्वाहा थाना में बने पैरालीगल वॉलेंटियर.. छतरपुर जिले के बकस्वाहा क्षेत्र के लिए गौरव की बात सामने आई है। जहां ग्राम सैडारा निवासी श्री शिवराम चढ़ार को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण छतरपुर द्वारा बक्स्वाहा थाना में पैरालीगल वॉलेंटियर (पीएलवी) नियुक्त किया गया है। यह नियुक्ति माननीय राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण जबलपुर के निर्देश एवं प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश/अध्यक्ष के आदेशानुसार “बचपन बचाओ आंदोलन” अंतर्गत की गई है।
शिवराम चढ़ार अब बकस्वाहा थाना क्षेत्र में जरूरतमंद, गरीब, महिलाओं एवं पीड़ित लोगों को कानूनी सहायता और मार्गदर्शन उपलब्ध कराने का कार्य करेंगे। उनकी जिम्मेदारी होगी कि थाने पहुंचने वाले जरूरतमंद लोगों को उनके अधिकारों एवं निःशुल्क विधिक सहायता योजनाओं की जानकारी दी जाए। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा जारी आदेश के अनुसार नियुक्त पीएलवी को कार्यों का रिकॉर्ड संधारित करना होगा तथा संबंधित थाना प्रभारी से सत्यापन उपरांत रिपोर्ट जिला विधिक सेवा प्राधिकरण में प्रस्तुत करनी होगी। इसके साथ ही दैनिक डायरी संधारित करना भी अनिवार्य रहेगा। क्षेत्र में शिवराम चढ़ार की नियुक्ति को सामाजिक एवं कानूनी जागरूकता की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। स्थानीय लोगों ने इसे सैडारा एवं बक्स्वाहा क्षेत्र के लिए सम्मानजनक जिम्मेदारी बताते हुए खुशी व्यक्त की है।

Post a Comment

0 Comments