Ticker

6/recent/ticker-posts

समिति प्रबन्धक केंद्र प्रभारी चोकीदार निलंबित, सर्वेयरों की सेवाएं समाप्त.. इधर PMUM संघ की प्रांतीय बैठक भोपाल में सम्पन्न..

समिति प्रबन्धक केंद्र प्रभारी चोकीदार निलंबित..
दमोह कलेक्टर प्रताप नारायण यादव के निर्देशन पर जिला स्तरीय कृषि विभाग एवं सहकारिता विभाग के अधिकारियों द्वारा 15 मई 2026 चना मसूर उपार्जन केंद्रों पर पर छापा मार कार्यवाही की गई थी। उपार्जन केंद्र सेवा सहकारी समिति पटेरिया केंद्र में मसूर नॉन एफएक्यू स्तर की खरीदी पाई गई इसके आधार पर सर्वेयर करोड़ी यादव की सेवाएं समाप्त कर उपार्जन कार्य से पृथक किया गया है..

वहीं उपार्जन केंद्र सेवा सहकारी समिति रसीलपुर में किसान सौरभ तिवारी ग्राम हरद्वानी से चना उपार्जन में 170 प्रति क्विंटल एवं 35 तुलाई के तथा मसूर में 150 रुपए प्रति क्विंटल एवं 35 तुलाई के अलग से लिए जाने की बात सामने आई किसान को मौके में बुलाकर कथन एवं पंचनामा तैयार किया गया था। कालेक्टर श्री यादव के निर्देशो के तहत् कृषि साख सहकारी सेवा समिति मर्यादित रसीलपुर के समिति प्रबंधक प्रदीप दुबे उपार्जन केंद्र प्रभारी आशुतोष ;ज्ञानी दुबे चौकीदार श्री शोभाराम पटैल को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है समिति सर्वेयर रोहित पटैल की सेवाएं समाप्त कर उपार्जन कार्य से पृथक कर दिया गया है। रसीलपुर उपार्जन केंद्र का संपूर्ण प्रभार तत्काल प्रभाव से प्रभारी समिति प्रबंधक फतेहपुर ;अजब धाम कन्हैयालाल चौबे को सौंपने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही उपार्जन कार्य की चार्ज सूची शाखा हटा में प्रस्तुत करने के आदेश भी जारी किए गए हैं।

PMUM संघ की प्रांतीय बैठक भोपाल में सम्पन्न.. भोपाल/ दमोह।  प्राथमिक,माध्यमिक एवं उच्च माध्यमिक शिक्षक संघ, मप्र (PMUMS) की महत्वपूर्ण प्रांतीय बैठक राजधानी भोपाल स्थित स्वागत गार्डन, लालघाटी में सम्पन्न हुई। बैठक में प्रदेश के समस्त संभागों एवं जिलों से प्रांतीय पदाधिकारी,संभागीय अध्यक्ष, जिलाध्यक्ष,जिला प्रभारी,ब्लॉक अध्यक्ष,संकुल पदाधिकारी एवं  शिक्षक साथी सम्मिलित हुए।संघ के प्रांत संयोजक पवन खरे  ने बताया कि बैठक का उद्देश्य शिक्षक एवं कर्मचारी संवर्ग की ज्वलंत समस्याओं,लंबित मांगो संगठन विस्तार,सदस्यता अभियान तथा कर्मचारी कल्याण कोष के अंतर्गत संचालित “नॉमिनी सहयोग अभियान” की समीक्षा एवं आगामी रणनीति निर्धारित करना था। माँ सरस्वती की वंदना एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ कार्यक्रम का शुभारंभ संघ के संस्थापक सतीश खरे,प्रांताध्यक्ष मुरली मनोहर अजरिया,सह-संस्थापक ब्रजेश असाठी प्रांत संयोजक पवन खरे एवं अन्य वरिष्ठ पदाधिकारियों द्वारा माँ सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण,पुष्प अर्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन कर किया गया। इस अवसर पर शिक्षक समाज की उन्नति,संगठन की मजबूती एवं समस्त शिक्षक साथियों के सुखद भविष्य की मंगलकामना की गई।

प्रांतीय प्रवक्ता रमाशंकर  तिवारी ने बैठक की रूपरेखा,उद्देश्य एवं आगामी कार्ययोजना पर विस्तार से प्रकाश डाला।उन्होंने बताया कि संगठन का मूल उद्देश्य शिक्षक संवर्ग के अधिकारों की रक्षा,सेवा संबंधी विसंगतियों का समाधान तथा कर्मचारी हितों की सुरक्षा है। संस्थापक सतीश खरे ने बैठक को सम्बोधित करते हुवे कहा कि PMUM संघ पूर्ण पारदर्शिता, ईमानदारी और प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहा है। संगठन का प्रत्येक निर्णय शिक्षक हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देकर लिया जाता है उन्होंने कहा कि “परिस्थितियाँ कैसी भी हों, संगठन हर शिक्षक साथी के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ा है शिक्षक हितों से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।” प्रांताध्यक्ष मुरली मनोहर अजरिया ने अपने संबोधन में संगठन की यात्रा का उल्लेख करते हुए कहा कि दो साथियों से प्रारंभ हुआ यह संगठन आज एक लाख से अधिक सदस्यों के विश्वास का केंद्र बन चुका है। यह संगठन की निष्ठा, विश्वसनीयता और सतत संघर्षशीलता का परिणाम है उन्होंने कहा कि संगठन की शक्ति उसकी एकता,सक्रियता और प्रत्येक सदस्य के विश्वास में निहित है। प्रांत संयोजक पवन खरे ने कहा कि मध्य प्रदेश के सभी कर्मचारियों को अन्य राज्यों की भांति केंद्र के समान वेतनमान मिलना चाहिए  अन्य राज्यों की अपेक्षा मध्य प्रदेश के कर्मचारियों को बहुत कम वेतन मिलता है मध्य प्रदेश के उच्च माध्यमिक शिक्षक का वेतन ओर दूसरे राज्य के प्राथमिक शिक्षक का वेतन लगभग एक समान है जब भारत के अधिकांश राज्य  केंद्र के समान वेतनमान दे सकते है तो मध्य प्रदेश क्यों नहीं , पवन खरे ने कहा कि संघर्ष कितना भी बड़ा क्यों न हो पर केंद्रीय वेतनमान लेकर ही रहेंगे

बैठक में शिक्षक संवर्ग से संबंधित अनेक महत्वपूर्ण विषयों पर गंभीरता से विचार-विमर्श किया गया, जिनमें प्रमुख रूप से शिक्षक पात्रता परीक्षा (TET) से संबंधित विषय,नियुक्ति दिनांक से वरिष्ठता निर्धारण,केंद्रीय वेतनमान लागू किए जाने की मांग,पुरानी पेंशन योजना की बहाली,कैशलेस हेल्थ कार्ड योजना,दुर्घटना सहायता योजना, सेवा निवृत पर सहायता सहयोग एवं सेवा संबंधी विसंगतियों का निराकरण संगठन विस्तार एवं सदस्यता अभियान सम्मलित रहे।  बैठक में संगठन से जुड़े दिवंगत साथियों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई तथा उनके योगदान को स्मरण करते हुए दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धासुमन अर्पित किए गए एवं सांगठनात्मक निर्णय हेतु प्रदेश स्तरीय समिति गठन का निर्णय लिया गया lकर्मचारी कल्याणकारी योजनाओं, पेंशन,स्वास्थ्य एवं सेवा संबंधी मुद्दों के अध्ययन हेतु प्रदेश स्तरीय समिति के गठन का निर्णय लिया गया। यह समिति सुझाव प्रस्तुत कर संगठन की आगामी रणनीति को और अधिक प्रभावी बनाएगी साथ ही “नॉमिनी सहयोगअभियान” को अधिक प्रभावी एवं व्यापक बनाने के लिए इसे प्रत्येक पंजीकृत सदस्य तक पहुँचाने का संकल्प लिया गया। संगठन ने आवश्यकता पड़ने पर प्रत्येक सदस्य एवं उसके परिवार के साथ खड़े रहने की प्रतिबद्धता दोहराई।
बैठक में शिक्षक साथी श्री ऋतुराज तिवारी को सर्वसम्मति से भोपाल संभाग का संभागीय अध्यक्ष नियुक्त किया गया। उपस्थित सभी साथियों ने उन्हें हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ प्रेषित कीं। आज कि कार्यशाला में सह-संस्थापक ब्रजेश असाठी, संयोजक पवन खरे, मुकेश नेमा, विनोद राठौर कृष्णा साहू,नीलिमा अग्रवाल,रश्मि बुनकर,धर्मेंद्र सिंह बुंदेला, सहित अनेक वरिष्ठ पदाधिकारियों ने संबोधित किया। दमोह से श्रीकांत पटेल एवं दिनेश सेन प्रांतीय बैठक में उपस्थित रहे संचालन प्रांतीय प्रवक्ता रमाशंकर तिवारी द्वारा किया गया एवं  श्री केशव रघुवंशी ने सभी के प्रति आभार व्यक्त किया।

Post a Comment

0 Comments