हटा थाना परिसर में जूतम पैजार से शांत हुई इश्क बाजी..!
दमोह। कहते हैं इश्क प्यार मोहब्बत में सब जायज होता है यहां तक की साली को भी आधी घरवाली कहने से लोग नहीं चूकते हैं। लेकिन यही आधी घरवाली जब सौतन बनने की कोशिश करने लगे तो इश्क का भूत उतारने के लिए जूतम पैजार से अच्छा कोई इलाज नहीं है। हटा थाना कैंपस में बीती रात ऐसा ही कुछ नजारा देखने को मिला जब एक महिला ने पुलिस की मौजूदगी में एक युवती पर चप्पल की बौछार कर दी और युवती चुपचाप सिर झुकाए बगले झांकती निरुत्तर बनी रही ।
हटा थाना परिसर में हुए इस हाई वोल्टेज ड्रामें का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद सुर्खियों में है। वीडियो में एक महिला एक युवती को चप्पल फेंक कर मार रही है। इसी दौरान थाना परिसर में मौजूद पुलिस कर्मी उसे रोकने का प्रयास भी कर रहे हैं। लेकिन महिला लगातार गालियों की बौछार करती फिर से युवती को चप्पल मारने की कोशिश करती नजर आती है। बताया जा रहा है कि महिला को शक था कि उसके पति का प्रेम प्रसंग इस युवती से चल रहा है। जिससे यह महिला अपने पति की शिकायत करने हटा थाना पहुंची थी, इसी दौरान प्रेमिका भी हटा थाना पहुच गई। इस दौरान दोनों की आमने सामने आने से पत्नी का गुस्सा प्रेमिका पर फूट पड़ा और चप्पलें चल गई।
महिला और युवती रिश्ते में आपस में बहन बताई जा रही हैं। वही साली कोआधी घरवाली समझने वाले इश्क बाज पति पटेरा जनपद में सचिव बताये गए हैं। जबकि प्रेमिका मैडम बडवानी जिले मे सरकारी कर्मचारी बताई जा रही है। इस मामले में हटा थाने में पदस्थ एस आई श्री चौधरी ने बताया कि दोनों रिश्ते में बहने हैं, पारिवारिक विवाद के चलते दोनों में कहा सुनी हुई थी। बाद में दोनों के बीच समझौता हो गया। जिससे किसी प्रकार की कोई रिपोर्ट दोनों पक्षों द्वारा नहीं की गई है.
0 Comments