आंधी में बाइक सवार पिता पुत्र के ऊपर जामुन की डगाल गिरी.. प्राचार्य पिता की नजरों के सामने जवान बेटे ने दम तोड़ा..

 बाइक सवार पिता पुत्र के ऊपर जामुन की डगाल गिरी

दमोह। मानसून की दस्तक के साथ चलने वाली तेज हवाओ में उड़ने वाले टीन टप्पर तथा टूटने वाली पेड़ों की डगाले तथा आकाशीय बिजली एक बार फिर राहगीरों की जान का दुश्मन बनने लगी है। ऐसे में तेज आंधी तूफान के हालात में लोगों को सुरक्षित स्थानों पर तत्काल पहुंचने में देर नही करनी चाहिए।
दमोह जिले के तेंदूखेड़ा अनुविभाग अंतर्गत गुरुवार की शाम साढ़े 7 बजे तेज आंधी में पेड़ की डगाल टूटने से बाइक सवार पिता पुत्र उसकी चपेट में आ गए। पिता तो सुरक्षित बच गए लेकिन पिता की नजरों के सामने बाद में बेटे ने दम तोड़ दिया। प्राप्त जानकारी के अनुसार शिवम पिता फूल सींग लोधी उम्र 25 वर्ष  निवासी  वार्ड क्रमांक 11 तेंदूखेड़ा शाम को अपने  पिता शिक्षक फूल सींग लोधी के साथ समनापुर स्कूल से वापस अपने घर तेंदूखेड़ा आ रहे थे। 
रास्ते मे तारादेही मार्ग पर स्थित दरौली गांव के पास सड़क किनारे लगे जामुन के पेड़ की डाल टूटकर शिवम के ऊपर जा गिरी जिससे शुभम और पिता शिक्षक फूल सींग बाइक सहित गिर गए। राहगीरों द्वारा उनको उठाकर बैठाकर 108 वाहन को सूचना दी गई।बाद में उनको 108 की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में लाया गया जहां डाक्टर ने शिवम लोधी को मृत घोषित कर दिया। इस हादसे में शिक्षक पिता   समनापुर में मिडिल स्कूल में प्राचार्य के पद पर पदस्थ फूल सींग लोधी बाल बाल बच गए। दुखद घटनाक्रम की जानकारी लगने पर तेंदूखेड़ा एसडीएम सीजी गोस्वामी और तहसीलदार विवेक व्यास ने स्वास्थ्य केंद्र पहुंचकर जानकारी लेते हुए हादसे का दुख जताया है।
स्वास्थ्य केंद्र पहुंच अन्य शिक्षकों एवं परिजनों ने बताया कि शिवम हर दिन अपने पिता को बाइक से स्कूल लेकर समनापुर जाता था और शाम को वापस घर लेकर आता था। शिवम दिनभर पिता के साथ स्कूल में ही रुकता था और शाम को छुट्टी के बाद वापस घर लेकर आता था। शिवम का पैतृक गांव बिलतरा जो तारादेही थाना क्षेत्र के अंतर्गत आता है.. पुलिस द्वारा पंचनामा कार्रवाई करते हुए शुक्रवार सुबह शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा एवं शव परिजनों के सुपुर्द कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। थाना प्रभारी ने बताया कि मर्ग कायम करके हादसे की जांच की जा रही है। विशाल रजक की खबर
Reactions

Post a Comment

0 Comments