विरागोदय में चोरी के आरोपी 2 माह बाद उत्तराखंड से गिरफ्तार.. इधर पिस्टल लेकर घूम रहा बाइक सवार पुलिस के हत्थे चढ़ा..

विरागोदय क्षेत्र में चोरी के आरोपी उत्तराखंड से गिरफ्तार
दमोह।  पथरिया के समीप प्रसिद्ध जैन तीर्थ विरागोदय क्षेत्र में दो महीने पहले हुई चोरी की सनसनी खेज वारदात के सीसीटीवी कमरे में कैद हो जाने के बावजूद पुलिस को आरोपियों तक पहुंचने में दो माह का समय लग गया। हाल ही में पुलिस ने उत्तराखंड निवासी दो आरोपियों को गिरफ्तार करके उनके कब्जे से 20000 की राशि बरामद करने में सफलता प्राप्त की है। 
उपरोक्त कार्यवाही के संदर्भ में जारी पुलिस के प्रेस नोट के अनुसार बढ़ती चोरी की घटनाओं पर नियंत्रण पाने हेतु SP श्री आनंद कलादगि एवं ASP श्री सुजीत सिंह भदौरिया द्वारा अज्ञात चोरों की अतिशीघ्र गिरफ्तारी हेतु निर्देशित किया गया था। SDOP पथरिया सुश्री प्रिया सिंधी के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी पथरिया निरीक्षक नेहा गोस्वामी व उनकी टीम ने विरागोदय क्षे़त्र में दो माह पूर्व हुई चोरी के आरोपियों को पकड़ने में सफलता प्राप्त की है।
 दरअसल 22 मई 2026 को प्रार्थी मैनेजर सूरज पिता प्रवीण जैन, निवासी खेड़ी, जिला बैतूल, हाल विरागोदय जैन मंदिर दमोह रोड पथरिया ने थाना उपस्थित होकर रिपोर्ट दर्ज कराई कि दरमियानी रात्रि में विरागोदय जैन मंदिर में दो अज्ञात चोरों द्वारा रखी गई दो गुल्लकों से करीब 90,000 रुपये की राशि चोरी कर ली गई है। रिपोर्ट पर थाना पथरिया में अपराध क्रमांक 234/26, धारा 331(4), 305(ए) बीएनएस पंजीबद्ध कर आरोपीगण एवं माल मशरूका की लगातार तलाश की जा रही थी। सीसीटीवी फुटेज एवं साइबर सेल की तकनीकी सहायता के आधार पर कई शहरों एवं राज्यों में तलाश की गई। 
पुलिस प्रेस नोट के अनुसार 26 जुलाई 2026 को दो व्यक्तियों को दस्तयाब किया गया, जिन्होंने पूछताछ में अपने नाम कुलवंत उर्फ राजू, पिता बलवंत सिंह, उम्र 40 वर्ष, निवासी ग्राम फतेहगंज, थाना गदरपुर, जिला उधमसिंह नगर (उत्तराखंड)। रेशम उर्फ रिंकू, पिता ठाकुर सिंह लवाणा, उम्र 32 वर्ष, निवासी ग्राम गोठा, थाना गदरपुर, जिला उधमसिंह नगर (उत्तराखंड) बताए तथा घटना करना स्वीकार किया। आरोपीगण से प्रकरण में चोरी गए मशरूका में से कुल 20,000 रुपये नगद बरामद किए गए। दोनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय पेश किया गया। प्रकरण में थाना प्रभारी पथरिया निरीक्षक नेहा गोस्वामी और पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका रही।

देशी पिस्टल के साथ बाइक बाइक सवार को पुलिस ने पकड़ा.. दमोह। पटेरा थाना पुलिस के द्वारा देसी पिस्टल लिए बाइक से घूम रहे एक बदमाश को हिरासत में लेकर उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है। आरोपी को कोर्ट में पेश किए जाने पर जेल भेज दिया गया है। आरोपी किस उद्देश्य पिस्तौल लेकर बाइक से पटेरा पहुंचा था तथा वह कहां क्या कुछ वारदात करने वाला था तथा उसके बारे में पुलिस को जानकारी कैसे लगी इन सब का खुलासा नहीं किया गया है।

कार्यवाही के संदर्भ में जारी पुलिस के प्रेस नोट के अनुसार  एसपी  श्री आनंद कलादगि द्वारा अवैध हथियारो के विरुध्द प्रभावी कार्यवाही करने हेतु दिए गए निर्देशों पर एएसपी श्री सुजीत भदौरिया एवं एस.डी.ओ.पी हटा श्री कृष्षपाल सिंह के मार्गदर्शन मे थाना पटेरा द्वारा विशेष टीम गठित कर रेड कार्यवाही कर आरोपी राहुल पिता कुन्जीलाल यादव निवासी जटाशंकर दमोह को एक देशी पिस्टल व मोटर साईकिल सहित पकडकर वैधानिक कार्यवाही कर माननीय न्यायलय पेश कर जेल दाखिल किया गया है ।

 प्रकरण की विवेचना जारी है । कार्यवाही में थाना प्रभारी पटेरा उप.निरी धर्मेन्द्र गुर्जर  और टीम का विशेष योगदान बताया गया है। आरोपी किस उद्देश्य पिस्तौल लेकर बाइक से पटेरा पहुंचा था तथा वह कहां क्या कुछ वारदात करने वाला था तथा उसके बारे में पुलिस को जानकारी कैसे लगी इन सब का खुलासा प्रेस नोट में नहीं किया गया है।

Reactions

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ