Ticker

6/recent/ticker-posts

भाजपा पार्षद विक्रांत गुप्ता ‘विक्की’ ने दिया पद से इस्तीफा, क्रॉस वोटिंग करने वालो पर कार्रवाई न होने से थी नाराजगी.. इधर दो कांग्रेस पार्षदों ने ग्रहण की भाजपा की सदस्यता..

 भाजपा पार्षद विक्रांत गुप्ता ‘विक्की’ ने दिया इस्तीफा

दमोह। भाजपा की तरफ से 2 साल पहले नगर पालिका चुनाव में अध्यक्ष पद के प्रत्याशी रहे विक्रांत उर्फ विक्की गुप्ता के द्वारा बुधवार शाम पद से इस्तीफा दिए जाने की खबर जहां चर्चा का विषय बनी रही वही इसके कुछ देर बाद कांग्रेस के दो पार्षदों के भाजपा में शामिल होने की खबर ने भी सभी को हैरान किया। हालांकि कांग्रेस छोड़ कर भाजपा में शामिल होने वाले यह दोनों पार्षद पथरिया नगर पालिका क्षेत्र के रहे हैं। ऐसे में कहा जा सकता है कि भाजपा में विक्की गुप्ता की भरपाई कांग्रेस छोड़कर आए इन दो पार्षदों से नहीं हो सकती .. हालांकि कलेक्टर सुधीर कोचर में विक्की गुप्ता का इस्तीफा स्वीकृत कर लिया है..

भाजपा के मागंज वार्ड क्रमांक 2 से निर्वाचित पार्षद और नगर पालिका अध्यक्ष पद के प्रत्याशी रहे विक्रांत गुप्ता ‘विक्की’ ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया। हिंदुत्व की मुखर पहचान और संगठन में सक्रिय भूमिका के लिए जाने जाने वाले पार्षद विक्रांत का अचानक उठाया गया यह कदम भाजपा की स्थानीय राजनीति में गर्माहट पैदा कर गया है। विक्रांत गुप्ता ने जिला कलेक्टर को सौंपे त्यागपत्र में लिखा “मैं अपने वार्डवासियों के प्रति हृदय से कृतज्ञता ज्ञापित करते हुए अपने पार्षद पद से त्यागपत्र देता हूँ। अपने निजी अधिकारों का उपयोग करते हुए विभिन्न कारणों से यह त्यागपत्र दे रहा हूँ। आशा है कि आप मेरी व्यक्तिगत स्वतंत्रता का सम्मान करते हुए मेरे इस्तीफे को स्वीकार करेंगे।”
त्यागपत्र में ‘विभिन्न कारणों’ का उल्लेख किया गया है, लेकिन स्पष्ट कारण दर्ज नहीं है। पार्षद गुप्ता ने अपने मीडिया से चर्चा में बताया कि नगर पालिका अध्यक्ष पद के चुनाव में 6 पार्षदों द्वारा की गई क्रॉस वोटिंग के बावजूद पार्टी ने आज तक कोई अनुशासनात्मक कार्रवाई नहीं की। उनका कहना है कि “क्रॉस वोटिंग करने वालों पर कार्रवाई नहीं हुई। चिंतन बैठक तक आयोजित नहीं की गई। यह स्थिति उन्हें अंदर ही अंदर विचलित करती रही। विक्रांत गुप्ता का कहना है कि नगर पालिका चुनाव के दौरान पूर्व वित्त मंत्री तथा वर्तमान विधायक जयंत मलैया के पुत्र सिद्धार्थ मलैया ने नई पार्टी टीएसएम बनाकर चुनाव लड़ा था और भाजपा के अधिकृत प्रत्याशी के खिलाफ कार्य किया था। इसके बावजूद सिद्धार्थ मलैया आज भी पार्टी के महत्वपूर्ण पदों और निर्णयों में सक्रिय बने हुए हैं।
दो कांग्रेस पार्षदों ने ग्रहण की भाजपा सदस्यता.. दमोह। भारतीय जनता पार्टी की जनकल्याणकारी नीतियों, संगठनात्मक अनुशासन और विकासोन्मुख कार्यशैली से प्रभावित होकर पथरिया नगर परिषद के वार्ड क्रमांक 5 के पार्षद प्रभु दयाल अहिरवार तथा वार्ड क्रमांक 7 की पार्षद राजकुमारी हेमराज लडिया ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। दोनों पार्षदों ने भाजपा जिला अध्यक्ष श्याम शिवहरे के समक्ष पार्टी में शामिल होकर संगठन के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की। पार्षदों ने कहा कि “भाजपा का जनसेवा मॉडल ही वास्तविक राजनीति की परिभाषा है। अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति समाज के उत्थान और विकास के लिए भाजपा सरकार ने अनेक योजनाएं बनाकर उन्हें धरातल पर उतारा है। संगठन में शामिल होकर हम अपने क्षेत्र और समाज के विकास को और अधिक गति देंगे।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने विकास का नया अध्याय लिखा है और भाजपा में शामिल होना जनता की सेवा को अधिक प्रभावी ढंग से करने का अवसर है।” नए सदस्यों का स्वागत करते हुए भाजपा जिला अध्यक्ष श्याम शिवहरे ने कहा कि “संगठन में जनप्रतिनिधियों का बढ़ता विश्वास भाजपा के सुदृढ़ हो रहे जनाधार का संकेत है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री मोहन यादव की जनकल्याणकारी योजनाओं तथा विकसित भारत के संकल्प के कारण विभिन्न दलों के जनप्रतिनिधि लगातार भाजपा से जुड़ रहे हैं। पथरिया के दोनों पार्षदों के आने से क्षेत्र के विकास के प्रयासों को और मजबूती मिलेगी।
जिलाध्यक्ष ने पार्षदों को संगठनात्मक गतिविधियों में सक्रिय रहकर जनता की समस्याओं के समाधान हेतु निरंतर प्रयास करने का आग्रह भी किया।

Post a Comment

0 Comments