Ticker

6/recent/ticker-posts

सागर रोड पर भाजपा के विकास यात्रा रथ से टकराकर यात्री बस पलटी.. इधर जबलपुर में मेट्रो बस की टक्कर से एक किशोर की मौत, दूसरे की हालत गंभीर.. अस्पताल प्रबंधन के खिलाफ जमकर नारेबाजी..

भाजपा के विकास यात्रा रथ से टकराकर यात्री बस पलटी

सागर। श्री कृष्ण जन्माष्टमी के दिन गुरुवार को सागर बंडा रोड पर बड़ा हादसा होने के बाद बड़ी जनहानि टल गई। भाजपा के विकास यात्रा रथ से टकराकर एक यात्री बस अनियंत्रित होने के बाद सड़क किनारे खेत मे पलट गई। इस दौरान खेत की मिट्टी में नमी होने की वजह से बड़ी जनहानि टलती हुई नजर आई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार बहेरिया थाना क्षेत्र में श्री कृष्ण जन्माष्टमी के दिन गुरुवार को बंडा से सागर आ रही यात्री बस क्रमांक एमपी 15 पीए 0542 को भाजपा का विकास यात्रा रथ ओवरटेक कर रहा था। इसी दौरान विकास यात्रा रथ के अगले हिस्से की बस के पिछले हिस्से में टक्कर लगने से बस अनियंत्रित हो गई। सड़क से नीचे उतरने के बाद पलटती चली गई। 

सागर बंडा रोड पर साई की रसोई के पास हुई इस दुर्घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ एकत्रित हो गई पुलिस अंडर डायल और 108 को सूचना दी गई वहीं ग्रामीणों ने बस में फंसे लोगों को बाहर निकलने में मदद की। हादसे में करीब दर्जन भर बस यात्रियों को मामूली घायल होने की जानकारी सामने आई है। बहेरिया थाना पुलिस हादसे की जांच कर रही है।
जबलपुर में मेट्रो बस की टक्कर से एक किशोर की मौत

जबलपुर जबलपुर के ओमती थाना क्षेत्र में एक बार फिर रफ्तार का कहर देखने को मिला है। तैयाबाली पेट्रोल पंप के सामने तेज रफ्तार बस ने दो किशोरों को टक्कर दी। जिनमे से एक की इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने टक्कर मारने वाली मेट्रो बस को जब्त कर लिया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार जबलपुर के ओमती थाना अंतर्गत गुरुवार को मेट्रो बस की टक्कर लगने से 16 साल के दो किशोर गंभीर रूप से घायल हो गए थे। जिन का इलाज के लिए सर्वोदय अस्पताल ले जाया गया था जहां एक किशोर की मौत हो जाने के बाद परिजनों ने इलाज में लापरवाही बरतने का आरोप लगाते हुए अस्पताल प्रबंधन पर भी गंभीर आरोप लगाए। 

इस दौरान सर्वोदय हॉस्पिटल के बाहर लोगों ने जमकर नारेबाजी की। बताया जा रहा है एक्सीडेंट के बाद जब घायल किशोरों को गंभीर हालत में लेकर अस्पताल पहुंचाया गया था उसे दौरान कोई भी डॉक्टर मौजूद नहीं था इसके बावजूद उनको भर्ती कर लिया गया था। पुलिस ने मेट्रो बस को जप्त करके जांच शुरू कर दी है।

Post a Comment

0 Comments