Ticker

6/recent/ticker-posts

तेंदूखेड़ा पटेरा में भाजपा तथा हटा में कांग्रेस का नगर पालिका अध्यक्ष उपाध्यक्ष निर्वाचित.. तेंदूखेड़ा में भाजपा के सुरेश जैन निर्विरोध अध्यक्ष बने.. पटेरा में भाजपा की कमल रानी के सिर पर ताज..हटा नगर पालिका में कांग्रेस के शैलेंद्र खटीक ने बाजी मारी..

 

 तेंदूखेड़ा पटेरा में भाजपा हटा में कांग्रेस का अध्यक्ष

दमोह। दमोह जिले के हटा तेंदूखेड़ा एवं पटेरा नगर पालिका परिषद में अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष पद के लिए चुनाव प्रक्रिया गहमागहमी भरे माहौल में संपन्न कराई गई तेंदूखेड़ा में जहां अध्यक्ष उपाध्यक्ष का चुनाव निर्विरोध संपन्न हुआ वही हटा में बहुमत के मुताबिक कांग्रेस के दोनो प्रत्याशी ने शानदार जीत दर्ज की। इधर पटेरा में कांटे के मुकाबले जैसी स्थिति में भाजपा के अध्यक्ष उपाध्यक्ष प्रत्याशी ने जीत हासिल की है।

तेंदूखेड़ा में भाजपा के सुरेश जैन निर्विरोध अध्यक्ष
तेंदूखेड़ा नगर पंचायत चुनाव में भाजपा पार्षदों की जीत के स्पष्ट बहुमत की वजह से पहले ही अध्यक्ष उपाध्यक्ष पद पर काबे जोड़ने की स्थिति में आ चुकी भाजपा के द्वारा अध्यक्ष पद के लिए वरिष्ठ पार्षद सुरेश जैन और उपाध्यक्ष पद के लिए श्रीमती लक्ष्मी नामदेव को प्रत्याशी घोषित किया गया था। इनके द्वारा एसडीएम अविनाश रावत की मौजूदगी में प्रारंभ हुई निर्वाचन प्रक्रिया के दौरान नामांकन दाखिल किए गए। किंतु कांग्रेस की तरफ से निर्धारित समय तक अध्यक्ष उपाध्यक्ष पद हेतु किसी भी प्रत्याशी द्वारा नामांकन दाखिल नहीं किए गए। जिसके बाद एसडीएम अविनाश रावत द्वारा तेंदूखेड़ा नगर पालिका के लिए सुरेश जैन को अध्यक्ष और लक्ष्मी नामदेव को उपाध्यक्ष निर्वाचित घोषित करते हुए निर्वाचन प्रमाण पत्र प्रदान किया गया।

तेंदूखेड़ा नगर पालिका में भाजपा के अध्यक्ष उपाध्यक्ष निर्विरोध निर्वाचित होने से भाजपा समर्थकों में हर्ष के साथ उत्साह का माहौल देखने को मिला इस दौरान विधायक धर्मेंद्र सिंह लोधी पूर्व विधायक व पूर्व मंत्री दशरथ सिंह सहित भाजपा के वरिष्ठ नेता पदाधिकारी युवाओं की मौजूदगी में जीत का जश्न मनाते कार्यकर्ता पदाधिकारी नजर आए।

हटा में कांग्रेस के शैलेंद्र खटीक अध्यक्ष बने..
 हटा नगर पालिका के अध्यक्ष उपाध्यक्ष की चुनाव प्रक्रिया एसडीएम अभिषेक ठाकुर की मौजूदगी में निर्धारित समय पर प्रारंभ हुई। कांग्रेसी पार्षदों की बहुमत वाली नगर पालिका में अध्यक्ष पद के लिए कांग्रेस की तरफ से शैलेंद्र खटीक द्वारा तथा भाजपा की तरफ से शोभा रानी द्वारा नामांकन पत्र दाखिल किए गए वोटिंग के बाद सामने आए नतीजों में शैलेंद्र खटीक ने 10 वोट हासिल करके शानदार जीत दर्ज की।

 वहीं भाजपा प्रत्याशी शोभा रानी को 5 वोटों से संतोष करना पड़ा।  इधर उपाध्यक्ष पद के लिए कांग्रेस की तरफ से नीलू पाठक को प्रत्याशी घोषित किया गया था जबकि भाजपा की ओर से निर्दलीय मीनाक्षी रितेश अग्रवाल के नाम को समर्थन दिया गया। इनके बीच में तीसरे प्रत्याशी के रूप में कांग्रेश के देवेंद्र राय के मैदान में उतरने से उपाध्यक्ष पद का मुकाबला दिलचस्प हो गया है।

उपाध्यक्ष के चुनाव में कांग्रेस के नीलू पाठक ने 9 वोट हासिल करके शानदार जीत दर्ज की है कांग्रेस के ही बागी देवेंद्र राय को भाजपा पार्षदों की मदद से 5 और निर्दलीय मीनाक्षी रितेश अग्रवाल को सिर्फ 1 वोट से संतोष करना पड़ा।

पटेरा में भाजपा की कमल रानी अध्यक्ष बनी
पटेरा नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष उपाध्यक्ष के चुनाव गहमागहमी भरे माहौल में संपन्न हुए। अध्यक्ष पद के लिए भाजपा की तरफ से कमल रानी दुलीचंद अहिरवार तथा कांग्रेस की ओर से रजनी अहिरवार द्वारा नाम निर्देशन पत्र जमा किए गए थे। 

दोनों के बीच में कांटे के मुकाबले में कमल रानी ने 15 में से 8 वोट हासिल करके जीत दर्ज की है जबकि कांग्रेस प्रत्याशी रजनी अहिरवार ने 7 वोट हासिल करके 1 वोट से पराजय स्वीकार की है। एसडीएम गगन बिसेन द्वारा कमल रानी को निर्वाचन प्रमाण पत्र प्रदान किया गया। वही उपाध्यक्ष पद के लिए भाजपा के दीपक ताम्रकार ने 9 वोट प्राप्त करके शानदार जीत दर्ज की है।


Post a Comment

0 Comments