Ticker

6/recent/ticker-posts

भाजपा के प्रदेश प्रभारी मुरलीधर राव विशेष जनसंपर्क अभियान तहत दमोह पहुचे.. प्रेस कांफ्रेस में राव का कटाक्ष.. जिन्होंने राम के अस्तित्व पर प्रश्न उठाया, उन्हें काल्पनिक बताया.. अब इन्हें हनुमान याद आ रहे हैं, नर्मदा मैया याद आ रही..

भारतीय जनता पार्टी जो कहती है, वही करती भी है..राव
दमोह। आज चुनाव आया तो इन्हें भगवान याद आने लगे हैं। कांग्रेस के लोग अब हनुमान जी की भक्ति करने लगे हैं। ये वही लोग हैं, जिन्होंने भगवान राम के अस्तित्व पर प्रश्न उठाया था और उन्हें काल्पनिक बताया था। अब इन्हें हनुमान जी याद आ रहे हैं, नर्मदा मैया याद आ रही हैं। भाजपा की कथनी और करनी में फर्क नहीं है। मैं विश्वास के साथ कह सकता हूं कि भारतीय जनता पार्टी ने जो कहा है, वही किया भी है। इस बार चुनाव में हम 200 पार का लक्ष्य हासिल करेंगे और प्रदेश में भाजपा की सरकार बनाएंगे। यह बात भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रभारी श्री मुरलीधर राव ने दमोह के क्लब हाउस में विशेष जनसंपर्क अभियान के अंतर्गत आयोजित पत्रकारवार्ता को संबोधित करते हुए कही। 
मोदी जी का हर पल देश को महाशक्ति बनाने को समर्पित..प्रदेश प्रभारी मुरलीधर राव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अपना हर पल देश को महाशक्ति बनाने के लिए समर्पित कर दिया है। आज पूरी दुनिया कह रही है कि 21 वीं सदी भारत की सदी है। पहले बिचौलिए लाभार्थियों का पैसा खा जाते थे और योजनाओं का पूरा पैसा उनके पास तक नहीं पहुंचता था। आज बिचौलिया संस्कृति को खत्म कर दिया गया है। देश की सीमाएं पहले से ज्यादा सुरक्षित हुई हैं और आतंकवाद पर सर्जिकल और एयर स्ट्राइक की जाती है। देश में नक्सलवाद और अलगाववाद की समस्या पर नकेल कसी गई है।
मोदी सरकार ने असंभव को संभव कर दिखाया.. मुरलीधर राव ने कहा कि बीते 9 सालों में भारत ने गुलामी की बेड़ियाँ तोड़ी हैं। धारा 370 धाराशायी हो चुकी है और  ट्रिपल तलाक की कुप्रथा खत्म हो चुकी है। अयोध्या में श्रीराम जन्मभूमि पर प्रभु श्री राम के भव्य मंदिर का निर्माण होना एक समय पर असंभव लगता था, लेकिन अब भव्य मंदिर का निर्माण भी तेज गति से चल रहा है। काशी में विश्वनाथ कोरिडोर बना,  उज्जैन में बाबा महाकाल लोक का निर्माण हुआ।  विश्व योग दिवस को सारी दुनिया में मनाया जाता है। जिससे स्पष्ट है कि भारतीय संस्कृति को संपूर्ण विश्व में स्वीकार किया जा रहा है। ये ऐसे काम हैं, जो केवल और केवल भारतीय जनता पार्टी की सरकार में ही संभव हो सकते हैं। 
गरीबों, वंचितों की सेवा करने वाला देश बना भारत..श्री राव ने कहा कि बीते 9 वर्षो में देश में लगभग 48 करोड़ लोगों के जन-धन एकाउंट खोले गए। उज्जवला योजना के तहत साढ़े 9 करोड़ गैस कनेक्शन दिए गये।  देश में लगभग साढ़े तीन करोड़ घरों में बिजली पहुंचाई गई। 11 करोड़ से अधिक शौचालयों का निर्माण कराया गया। 10 करोड़ से अधिक किसानों को पीएम किसान सम्मान निधि का लाभ मिल रहा है और लगभग साढ़े 12 करोड़ घरों में नल से जल पहुंचाया गया है। पीएम आवास योजना के तहत तीन करोड़ से अधिक आवास निर्मित हुए हैं। देश में लगभग 55 करोड़ लोगों को आयुष्मान भारत योजना का लाभ मिल रहा है। उन्होंने कहा कि बीते 9 वर्षों में भारत गरीबों एवं वंचितों की सेवा करने वाला देश बना है, नारी शक्ति को संबल देने वाला देश बना है, युवाओं के सपनों को पूरा करने वाला देश बना है, किसानों के कल्याण को सुनिश्चित करने वाला देश बना है, सबके लिए सहज उत्तम सेवाओं वाला भारत बना है तथा निरंतर विकास करने वाला देश बना है। आज का भारत विरासत के साथ विकास करने वाला भारत है।
भाजपा का मतलब मध्यप्रदेश और दमोह का विकास..श्री राव ने कहा कि मध्यप्रदेश में भारतीय जनता पार्टी की आने के बाद से ही सिंचाई का रकबा बढ़ा। बिजली की समस्या मध्यप्रदेश में समाप्त हुई। पीने के पानी की समस्या मध्यप्रदेश में समाप्त हुई। आज हमारे मध्यप्रदेश में प्रति व्यक्ति आय भी बढ़ी है। हमने लगातार गरीब कल्याण की दिशा में काम किया है। संबल योजना, लाडली बहना योजना ,लाडली लक्ष्मी योजना जैसी योजनाएं मध्यप्रदेश में हमारी सरकार ने प्रारंभ की। कन्या विवाह योजना से बेटियों के विवाह में गरीबों को मदद मिली। किसान सम्मान निधि के माध्यम से किसानों को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में मध्यप्रदेश सरकार केंद्र के साथ कंधे से कंधा मिलाकर काम कर रही है। दमोह लोकसभा क्षेत्र की जानकारी देते हुए उन्होंने कहा कि क्षेत्र में प्रधानमंत्री आवास बने, आयुष्मान कार्ड बने, साथ ही साथ पासपोर्ट सेवा केंद्र दमोह में स्थापित हुआ। दमोह रेलवे स्टेशन का भी विकास हो रहा है। केंद्रीय विद्यालय तथा नई ट्रेनों की सुविधा भी दमोह में उपलब्ध हो रही है। यहां की पेयजल व्यवस्था भी पहले से सुदृढ़ हुई है। 
राहुल, प्रियंका बताएं कितनी बार मध्यप्रदेश आए?..श्री राव ने कहा कि कॉग्रेस केवल एक फेक न्यूज की फैक्ट्री है। झूठ बोलती है, गुमराह करती है और केवल और केवल फेक न्यूज़ परोसती है। उनके नेता टूरिस्ट की तरह आते हैं और चले जाते हैं। वे मौसमी पक्षियों की तरह आते हैं। श्री राव ने कहा कि मैं राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और कमलनाथ से यह पूछना चाहता हूं कि राहुल गांधी जी मध्यप्रदेश में कितनी बार प्रवास पर आए? प्रियंका जी कितने बार प्रवास पर आईं? कमलनाथ जी मध्यप्रदेश के कितने जिलों में प्रवास पर गए? दूसरी तरफ भारतीय जनता पार्टी के नेता लगातार जनता के बीच में काम कर रहे हैं और जनता के बीच में प्रवास करते हैं। प्रधानमंत्री श्री मोदी जी मध्यप्रदेश आ रहे हैं तथा वे लगातार देश के अन्य राज्यों में भी प्रवास पर जाते हैं। 
विशिष्ट जनों, योजनाओं के लाभार्थियों से करेंगे संपर्क.. मुरलीधर राव ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी जी की सरकार का 9 वर्ष का कार्यकाल पूरा होने के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी 30 मई से 30 जून तक विशेष जनसम्पर्क अभियान चला रही है। इस अभियान के अंतर्गत प्रत्येक लोक सभा क्षेत्र के एक हजार से अधिक विशिष्ट परिवारों और केंद्र व राज्य सरकार की योजनाओं के लाभार्थियों से संपर्क के लिए पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता घर-घर जाएंगे। इसके साथ ही लोकसभा क्षेत्र के सभी बूथों पर अलग-अलग कार्यक्रम भी होंगे। 
इस दौरान पार्टी के वरिष्ठ नेता जयंत मलैया, पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष व सागर संभाग प्रभारी चौधरी मुकेश सिंह चतुर्वेदी, प्रदेश उपाध्यक्ष ललिता यादव, जिला प्रभारी सदानंद गौतम, जिला अध्यक्ष प्रीतम सिंह लोधी, वेयर हाउसिंग कॉरपोरेशन अध्यक्ष राहुल सिंह, विधायक धर्मेन्द्र सिंह लोधी, पीएल तंतुवाय, पूर्व विधायक भानु राणा, लखन पटेल, राजेन्द्र गुरु, आशीष तिवारी, राघवेंद्र सिंह, महेंद्र जैन उपस्थित थे।
भाजपा विधानसभा प्रभारी को श्रीफल देकर किया स्वागत
दमोह- दीनदयाल नगर मंडल के फुटेरा वार्ड नंबर 4 वार्ड क्रमांक 29 में भाजपा विधानसभा प्रभारी शतानंद गौतम का पूर्व नगरपालिका उपाध्यक्ष पार्षद ठाकुर नरेंद्र सिंह चंदेल एवं वार्ड वासियों द्वारा भाजपा विधानसभा प्रभारी का श्रीफल देकर स्वागत किया गया साथ ही भाजपा जिला अध्यक्ष एडवोकेट प्रीतम सिंह लोधी, जिला महामंत्री सतीश तिवारी, मंडल अध्यक्ष महेश पटेल का भी श्रीफल देकर स्वागत किया गया। भाजपा विधानसभा प्रभारी शतानंद गौतम ने सभी को भाजपा की रीति-नीति से अवगत कराया साथ ही आने वाले विधानसभा चुनाव पर चर्चा की।
भाजपा जिला अध्यक्ष प्रीतम सिंह लोधी ने सभी को संबोधित करते हुए बताया कि आने वाले विधानसभा चुनाव में भाजपा अपनी रीति नीति के अनुसार प्रचंड बहुमत से विजय प्राप्त करेगी साथ ही पूर्व नगरपालिका उपाध्यक्ष ठाकुर नरेंद्र सिंह चंदेल पार्षद द्वारा सभी को संबोधित करते हुए बताया गया कि राज्य शासन और केंद्र शासन की जन हितैषी योजनाओं के बारे में सभी को जानकारी दी साथ ही चंदेल ने कहा कि आने वाले विधानसभा में भाजपा प्रचंड बहुमत से जीत हासिल करेगी कार्यक्रम में मनीष शर्मा पार्षद, जिला सोशल मीडिया प्रभारी पंकज सेन, दीनदयाल नगर मंडल महामंत्री पवन सिंह चंदेल वार्ड वासी अमित सोनी, गुड्डू पटेल, लच्छू नामदेव ,विक्रम सिंह राजपूत, मनोज पटेल की उपस्थिति रही।
 

Post a Comment

0 Comments