सागर लोकायुक्त ने सहायक संचालक को 50 हजार की रिश्वत लेते पकड़ा, पत्नी भी आरोपी बनी.. उद्योग सब्सिडी के नाम पर मांगे थे 2 लाख..!

 सहायक संचालक पर लोकायुक्त का शिकंजा

 पन्ना जिले में सागर लोकायुक्त की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए उद्योग विभाग के सहायक संचालक प्रदीप कुमार श्रीवास्तव को 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। रिश्वत के पैसों में हेरा फेरी करने पर उनकी पत्नी को भी आरोपी बनाया गया है।

जानकारी के मुताबिक, चक्की-स्पेलर उद्योग स्थापित करने के लिए सब्सिडी दिलाने के नाम पर अधिकारी द्वारा आवेदक भगवत साहू से 2 लाख रुपये से अधिक की रिश्वत मांगी गई थी। रिश्वत की मांग से परेशान होकर फरियादी ने इसकी शिकायत सागर लोकायुक्त से की थी। शिकायत का सत्यापन करने के बाद लोकायुक्त की टीम ने जाल बिछाया और जैसे ही अधिकारी ने 50 हजार रुपये की रिश्वत ली, टीम ने उसे मौके पर ही पकड़ लिया।

दरअसल चक्की-स्पेलर उद्योग के लिए पति-पत्नी के नाम पर 11 लाख रुपये से अधिक का लोन स्वीकृत हुआ था, जिसमें 4 लाख रुपये से अधिक की सब्सिडी भी मिली थी। इसी सब्सिडी की प्रक्रिया के एवज में रिश्वत मांगे जाने का आरोप है। रोशनी जैन निरीक्षक सागर लोकायुक्त ने बताया कि आरोपी अधिकारी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है।

Reactions

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ